‘पूरी इंडस्ट्री हमें सपोर्ट कर रही है’, राजपाल यादव को मुसीबत में मिला इंडस्ट्री का साथ, पत्नी राधा ने जताया आभार
Last Updated:
राजपाल यादव इस वक्त अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. करीब 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में राहत न मिलने के बाद उन्होंने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया है. जब राजपाल कानूनी और आर्थिक मुश्किलों में फंसे हैं, तब बॉलीवुड के कई सितारों ने उनके प्रति दरियादिली दिखाई है. पति के साथ खड़े इस फिल्म जगत के सहयोग को देखकर पत्नी राधा यादव भावुक हो गईं और उन्होंने पूरी इंडस्ट्री का आभार जताया है.

राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड सितारों ने बढ़ाया मदद का हाथ.
राजपाल यादव की पत्नी राधा ने पीटीआई से बातचीत में इंडस्ट्री का आभार जताते हुए कहा, ‘इस वक्त हर कोई उनके साथ खड़ा है और पूरी इंडस्ट्री हमें सपोर्ट कर रही है. जो लोग भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, मैं उन सभी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं’. राधा की बातों से साफ है कि राजपाल यादव के साथी कलाकार इस बुरे वक्त में उनका पूरा साथ निभा रहे हैं.
सलमान-अजय समेत इन सितारों ने बढ़ाया मदद का हाथ
राजपाल यादव के इस बुरे वक्त में बॉलीवुड के कई बड़े नाम उनके साथ ढाल बनकर खड़े हो गए हैं. सोनू सूद, मीका सिंह और गुरमीत चौधरी जैसे सितारों ने मदद का हाथ बढ़ाया है, वहीं सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन जैसे बड़े एक्टर्स ने भी उनका सपोर्ट किया है. राजपाल की जमानत पर आज यानी 12 फरवरी को सुनवाई होनी है और ऐसे मुश्किल समय में पूरी इंडस्ट्री का ये साथ उनके परिवार के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है.
राजपाल यादव के साथ खड़े हुए इंडस्ट्री के लोग
राजपाल के मैनेजर गोल्डी ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए इस बात की पुष्टि की है कि फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियों ने एक्टर की मदद के लिए उनसे संपर्क किया है. हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि जेल जाने से पहले किसी ने मदद की थी या नहीं, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे मामला गंभीर हुआ, पूरी इंडस्ट्री मजबूती से उनके साथ खड़ी रही. बॉलीवुड का यह एकजुट चेहरा दिखाता है कि जब अपने ही किसी साथी पर मुसीबत आती है, तो पूरी फिल्म सिटी एक परिवार की तरह साथ खड़ी हो जाती है.
इन फिल्मों में काम कर चुके हैं राजपाल यादव
कानूनी झंझटों और पैसों की तंगी के बावजूद राजपाल यादव का फिल्मी जलवा आज भी बरकरार है. उन्हें हाल ही में जी5 की फिल्म ‘इंटरोगेशन’ में देखा गया था, जहां उन्होंने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया. राजपाल ने पिछले कुछ समय में ‘बेबी जॉन’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘सत्यप्रेम की कथा’, ‘चंदू चैंपियन’, ‘हंगामा 2’, ‘हंगामा’, ‘कठल’ और ‘गरम मसाला’ जैसी फिल्मों में ऐसे यादगार रोल निभाए हैं जिन्हें लोग कभी नहीं भूल सकते. चाहे लोगों को लोटपोट कर देने वाली कॉमेडी हो या संजीदा ड्रामा, राजपाल ने हर किरदार में जान फूंकी है.
About the Author
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें