स्थानीय युवाओं के लिए नौकरी के अवसर
Last Updated:
Rozgar Mela:बुंदेलखंड के चित्रकूट जिले में लंबे समय से रोजगार की कमी रही है, जिससे युवा महानगरों की ओर पलायन करते रहे हैं. अब 12 फरवरी 2026 को गोस्वामी तुलसीदास राजकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित रोजगार मेले में कई बड़ी निजी कंपनियां उत्पादन, मार्केटिंग, तकनीकी और सहायक स्तर की नौकरियों के लिए युवाओं का चयन करेंगी. मेले में भाग लेने के लिए 18 से 35 वर्ष के बीच की आयु और rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है.
चित्रकूट. जिला लंबे समय से पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता रहा है, यहां औद्योगिक इकाइयों और बड़ी कंपनियों की कमी के कारण युवाओं को रोजगार की तलाश में महानगरों का रुख करना पड़ता है. हर साल सैकड़ों युवा दिल्ली, मुंबई, नोएडा, सूरत और पुणे जैसे शहरों में काम की खोज में पलायन करते हैं. लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही रोजगार पाने का एक बड़ा अवसर सामने आया है, जिससे जिले के युवाओं को अपने घर के पास ही नौकरी हासिल करने का मौका मिल सकता है और उन्हें नौकरी की तलाश में यहां-वहां नहीं भटकना पड़ेगा.
ये कंपनियां देंगी नौकरी
जिला सेवायोजन अधिकारी ने ऑफ कैमरा जानकारी देते हुए बताया कि सेवायोजन निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला सेवायोजन कार्यालय, चित्रकूट एवं गोस्वामी तुलसीदास राजकीय महाविद्यालय, कर्वी के संयुक्त तत्वावधान में 12 फरवरी 2026 को एक रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. यह मेला सुबह 10 बजे से गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां विभिन्न निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी. इस रोजगार मेले में जय भारत मैनपावर इंटरप्राइजेज, पीपुल मंत्रा, डिक्सन टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड, जप्पी मैनेजमेंट एंड मार्केटिंग प्रा. लि., आमदनी प्रा. लि. तथा ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक कंपनी सहित कई कंपनियां प्रतिभाग करेंगी. कंपनियां अलग-अलग पदों पर भर्ती करेंगी, जिनमें उत्पादन, मार्केटिंग, तकनीकी कार्य, सुपरवाइजर एवं सहायक स्तर की नौकरियां शामिल हो सकती हैं.
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है. शैक्षिक योग्यता के रूप में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक या आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक पुरुष अभ्यर्थियों के लिए विभागीय पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है. अभ्यर्थियों को अपनी लॉगिन आईडी से मेले की तिथि से पूर्व ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसके साथ ही साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), अनुभव प्रमाण पत्र, सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा.
About the Author
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें