धन वर्षा का झांसा, फिर खिलाया लड्डू और… पीरागढ़ी में कार में मिली 3 लाश की गुत्थी सुलझी, तांत्रिक गिरफ्तार
दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में एक कार के अंदर तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी तांत्रिक बाबा को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार बाबा का नाम कमरुद्दीन बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, यह बाबा लोगों को पैसों को दोगुना करने और धन वर्षा का झांसा देकर ठगता था.
पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों से बातचीत की, लेकिन शुरुआती तौर पर कोई भी ऐसी परिस्थिति सामने नहीं आई जिससे आत्महत्या का एंगल स्पष्ट हो. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की, जिसमें मृतकों की लोकेशन, कॉल डिटेल्स और संपर्कों की जांच की गई.
कैसे मिला तांत्रिक बाबा का सुराग?
पुलिस के अनुसार, मृत महिला पिछले 3-4 महीनों से बाबा के संपर्क में थी और हाल के दिनों में उससे लगातार बातचीत और मुलाकात कर रही थी. महिला अपने पति की बीमारी के इलाज के बहाने पहली बार बाबा के पास गई थी. बाबा ने उसे एक तरह का जादू दिखाया, जिसमें उसने एक साल पुरानी जगह से भारी मात्रा में पैसे निकलते दिखाए, जिससे महिला और उसके साथी लालच में आ गए.
बाबा ने इन लोगों को कैसे फंसाया?
आरोपी ने उनसे कहा था कि अगर वे 2 लाख रुपये देंगे तो वह रकम को कई गुना बढ़ा देगा. इसी लालच में तीनों लोग घटना वाले दिन भी पैसे लेकर उसके पास गए थे. पुलिस का कहना है कि लौटते समय बाबा ने उन्हें लड्डू में मिलाकर कोई जहरीला पदार्थ दिया, जिसकी जांच अभी की जा रही है. रास्ते में जब पीड़ितों को तबीयत बिगड़ने लगी तो बाबा ने गाड़ी रुकवाई और वहां से उतरकर फरार हो गया. कुछ ही देर बाद तीनों की कार में मौत हो गई.
पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच में पाया कि बाबा कई लोगों के संपर्क में था और इसी तरह का झांसा देकर ठगी करता रहा है. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में इसी तरह के मामलों में जेल जा चुका है.
फिलहाल पुलिस ने बाबा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अन्य सबूतों और पीड़ितों की पहचान कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.