रामलला के दर्शन के लिए आ रहे हैं अयोध्या, तो यहां जान लीजिए मंदिर में क्या कुछ है फ्री

Share to your loved once


अयोध्या: राम नगरी अयोध्या में स्थित भव्य राम मंदिर में दर्शन–पूजन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठते हैं. प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए देश–विदेश से आने वाले राम भक्तों की सुविधा और सहज अनुभव को ध्यान में रखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा व्यापक और पूर्णतः निशुल्क व्यवस्थाएं की गई हैं. यही कारण है कि हर श्रद्धालु के मन में यह प्रश्न रहता है कि राम मंदिर ट्रस्ट आखिर कौन-कौन सी सुविधाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध करा रहा है.

क्या कुछ है निशुल्क

राम मंदिर परिसर में प्रवेश से लेकर दर्शन–पूजन और वापस लौटने तक श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रस्ट लगातार कार्य कर रहा है. दर्शन के लिए बनने वाले सभी प्रकार के पास पूर्णतः निशुल्क हैं. बुजुर्गों, दिव्यांगों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जा रही है.मंदिर परिसर में जगह-जगह बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, ताकि लंबी कतार या प्रतीक्षा के दौरान श्रद्धालु आराम कर सकें.

पीने के पानी की समुचित व्यवस्था के लिए परिसर में अलग-अलग स्थानों पर जल स्टॉल लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालु निशुल्क जल ग्रहण कर सकते हैं. इसके अलावा, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में बनाए गए सभी लॉकर भी निशुल्क हैं, ताकि श्रद्धालु अपने सामान को सुरक्षित रख सकें. जूता-चप्पल रखने के लिए चिन्हित स्थान भी पूरी तरह निःशुल्क हैं.

क्या है उद्देश्य

राम मंदिर ट्रस्ट के सहयोगी एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य है कि राम भक्तों को दर्शन–पूजन में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि राम मंदिर समाज का मंदिर है और इसके निर्माण में समाज ने दान दिया है. इसलिए ट्रस्ट की मंशा है कि श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार का शुल्क न लिया जाए और सभी सुविधाएं निशुल्क प्रदान की जाएं.

दर्शन–पूजन के पश्चात लौटते समय श्रद्धालुओं को खिचड़ी स्वरूप प्रसाद का वितरण भी किया जाता है, जिससे भक्त एक सुखद और संतोषजनक अनुभव लेकर अयोध्या से विदा हों. ट्रस्ट का निरंतर प्रयास रहता है कि हर राम भक्त को यहां आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ सुव्यवस्थित और सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो. भव्य और दिव्य राम मंदिर आज आस्था का केंद्र बन चुका है, जहां श्रद्धालुओं की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है. राम मंदिर ट्रस्ट की यह निशुल्क सेवा व्यवस्था अयोध्या को न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP