चावल के आटे और काले तिल से बनती है बगिया, ठंडी होने पर दोगुना हो जाता है स्वाद

Share to your loved once


Last Updated:

Bagiya Recipe: अगर आप रोज के खाने से हटकर कुछ देसी, हल्का और सेहतमंद पकवान ट्राई करना चाहते हैं, तो बगिया एक बेहतरीन विकल्प है. यह पारंपरिक देसी व्यंजन बिना तेल, बिना मसाले और बिना तले तैयार किया जाता है, फिर भी स्वाद में किसी मिठाई से कम नहीं होता. चावल के आटे, काले तिल और गुड़ से बनने वाली बगिया न सिर्फ पचने में आसान होती है, बल्कि शरीर को ऊर्जा और पोषण भी देती है. खास बात यह है कि इसे बनाना बेहद सरल है और ठंडी होने पर इसका स्वाद और भी निखर जाता है, यही वजह है कि यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को खूब पसंद आती है. रिपोर्ट- मो, सरफराज

अगर आप रोजमर्रा के खाने से कुछ अलग, देसी और सेहत से भरपूर पकवान की तलाश में हैं, तो बगिया आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है. यह एक पारंपरिक देसी पकवान है, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद माना जाता है.

खास बात यह है कि इस पकवान को बनाने में न तो तेल का इस्तेमाल होता है और न ही किसी तरह के मसाले या गैस पर तलने की जरूरत पड़ती है. यह पूरी तरह से उबले हुए गर्म पानी में तैयार किया जाता है और स्वाद जबरदस्त होता है.

बगिया मुख्य रूप से चावल के आटे, दूध, काले तिल, शक्कर या गुड़ और ड्राई फ्रूट से बनाई जाती है. इन सभी सामग्रियों का मेल इसे न सिर्फ स्वादिष्ट बनाता है, बल्कि पोषण से भी भरपूर करता है. काले तिल शरीर को ताकत देते हैं, ड्राई फ्रूट ऊर्जा प्रदान करते हैं और गुड़ यानी शक्कर मिठास के साथ पाचन को भी बेहतर बनाती है. यही वजह है कि यह पकवान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप घर पर कुछ देसी और आसान बनाना चाहते हैं, तो बगिया बनाना बेहद सरल है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में चावल का आटा लें. उसमें धीरे-धीरे पानी डालकर आटे को अच्छी तरह गूंथ लें, ताकि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही ज्यादा नरम. इसके बाद एक अलग कटोरी में शक्कर यानी गुड़, काला तिल और मनपसंद ड्राई फ्रूट को बारीक काटकर अच्छे से मिला लें. यह मिश्रण ही बगिया की जान होता है.

अब सने हुए चावल के आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें और उन्हें गोल आकार दें. फिर हर लोई के बीच में तिल, शक्कर और ड्राई फ्रूट का मिश्रण भरकर दोबारा अच्छे से बंद कर दें, ताकि भरावन बाहर न निकले. इस तरह सारी बगिया तैयार कर लें. अब एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें. ध्यान रखें कि पानी उबलता हुआ होना चाहिए.

जब पानी अच्छे से गर्म हो जाए, तो तैयार बगिया को धीरे-धीरे उसमें डाल दें. लगभग 20 मिनट तक पानी को गर्म रखें और 10 से 15 मिनट तक बगिया को उसी पानी में पकने दें. तय समय के बाद बगिया को बाहर निकालकर किसी प्लेट में रख दें और ठंडा होने दें.

बगिया की सबसे खास बात यह है कि जितनी ज्यादा यह ठंडी होती है, उतनी ही स्वादिष्ट लगती है. खाने के बाद इसका स्वाद ऐसा होता है कि बार-बार खाने का मन करता है. यही कारण है कि इसे कई जगहों पर देसी पकवान या पारंपरिक मिठाई के रूप में भी जाना जाता है. इसे बनाना आसान है और रेसिपी ऐसी है कि यह नुकसान भी नहीं करता.

homelifestyle

बिना तेल-मसाले की देसी मिठाई बगिया, स्वाद और सेहत का परफेक्ट मेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP