PCB Denies Talks With ICC: पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच खेलने को लेकर आईसीसी से बात करने की खबर को अफवाह बताया
Last Updated:
PCB Denies Talks With ICC: भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में मैच होगा या नहीं इसको लेकर बवाल मचा हुआ है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मीडिया में चल रही उस रिपोर्ट को अफवाह बताया जिसमें आईसीसी से पीसीबी की मैच को लेकर बात करने की बात बताई जा रही है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी.
नई दिल्ली. कोलंबो में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले को लेकर हर दिन ड्रामा बढ़ता जा रहा है. बीसीसीआई ने चुप्पी साध रखी है और आईसीसी के प्रोटोकॉल का पालन कर रही है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड 15 फरवरी को डिफेंडिंग चैंपियंस के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के अपने फैसले पर अड़ा हुआ है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा टीम को भारत के खिलाफ खेलने की अनुमति न देने के बाद, पीसीबी और पाकिस्तान सरकार से अपने रुख पर पुनर्विचार करने की कई कोशिशें की गई हैं. हालांकि, अब तक इस दिशा में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
कई खबरों में दावा किया गया कि पीसीबी ने अपने बहिष्कार के फैसले को लेकर आईसीसी से फिर से बातचीत शुरू की है. लेकिन बोर्ड ने शनिवार को इन सभी खबरों को खारिज कर दिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में पीसीबी के प्रवक्ता आमिर मीर ने उन खबरों को सिरे से नकार दिया, जिनमें कहा गया था कि बोर्ड ने चर्चा के लिए आईसीसी से संपर्क किया है. आमिर मीर ने कहा, “मैं एक प्रसिद्ध भारतीय खेल पत्रकार के इस दावे को पूरी तरह खारिज करता हूं कि पीसीबी ने आईसीसी से संपर्क किया.”
पीसीबी प्रवक्ता की यह प्रतिक्रिया उस पत्रकार के दावे के बाद आई, जिसमें कहा गया था कि मैच छोड़ने के संभावित कानूनी परिणामों की चेतावनी के बाद पीसीबी ने आईसीसी से बातचीत शुरू की थी. उस दावे के मुताबिक, आईसीसी ने औपचारिक रूप से जवाब दिया था, जिसके बाद पीसीबी ने मामले को सुलझाने के लिए बातचीत की मांग की थी.
मीर ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि भारतीय मीडिया के कुछ हिस्से “कहानियां गढ़ रहे हैं” और समय के साथ यह साफ हो जाएगा कि असल में किसने संपर्क किया था. उन्होंने आगे कहा, “हमेशा की तरह, भारतीय मीडिया के कुछ हिस्से फिक्शन फैला रहे हैं. थोड़ा धैर्य और समय के साथ साफ हो जाएगा कि असल में किसने संपर्क किया और किसने नहीं.”
इस बीच, एएफपी ने पहले रिपोर्ट किया था कि पीसीबी ने वास्तव में आईसीसी से संपर्क किया था, जब गवर्निंग बॉडी ने औपचारिक रूप से संवाद किया था और बातचीत के जरिए मसला सुलझाने की इच्छा जताई थी.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें