UP News Live Hindi, UP Latest News, UP Crime News Today
UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश में आज हलचल तेज है. राजधानी लखनऊ में जहां एक तरफ धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अयोध्या और मुर्शिदाबाद को लेकर सियासी और धार्मिक बयानबाजी ने माहौल गरमा दिया है. गाजियाबाद में एक बड़े हादसे को टाल दिया गया, तो बिजनौर में रफ्तार ने दो जानें ले लीं. आइए जानते हैं यूपी की हर बड़ी खबर विस्तार से.
लखनऊ: KGMU में मजारों पर चलेगा बुलडोजर? दूसरा नोटिस जारी होने की तैयारी
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में अवैध रूप से बनी मजारों को हटाने का विवाद बढ़ गया है. प्रशासन अब सोमवार को **दूसरा नोटिस** जारी करने जा रहा है. 23 जनवरी को पहला नोटिस दिया गया था, लेकिन 15 दिन बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा. क्वीन मेरी गेट, ट्रॉमा सेंटर, और माइक्रोबायोलॉजी विभाग समेत 5 जगहों पर मजारें चिन्हित हैं. नोटिस चस्पा होने के बाद से ही भारी विरोध शुरू हो गया है, प्रशासन अब अगले कड़े कदम उठाने की तैयारी में है.
मौलाना जर्जिस का भड़काऊ बयान, ‘राम मंदिर आज भी बाबरी है और रहेगी’
विवादित बयानों के लिए चर्चित मौलाना जर्जिस अंसारी ने एक बार फिर जहर उगला है. अयोध्या को लेकर दिए गए भड़काऊ भाषण में मौलाना ने कहा, ‘मस्जिद छीन लेने से वो तुम्हारी (हिंदुओं की) नहीं हो जाएगी, वो कयामत तक हमारे लिए मस्जिद ही रहेगी.’ जर्जिश ने मुसलमानों के बीच तकरीर करते हुए इसे ‘कब्जा’ करार दिया. बता दें कि जर्जिश पहले भी यूपी को मुस्लिमों के लिए असुरक्षित बता चुका है.
लखनऊ में पोस्टर वॉर, ‘हुमायूं हम आएंगे, बाबरी फिर गिराएंगे’
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद के खिलाफ लखनऊ की सड़कों पर विवादित पोस्टर लगे हैं. विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने हजरतगंज और 1090 चौराहे पर ये पोस्टर लगाए हैं. “बटोंगे तो कटोगे” और “हिंदुओं की विरोधी सरकार में मुर्शिदाबाद में होगा आर-पार”. परिषद ने 10 फरवरी को मुर्शिदाबाद कूच करने की चेतावनी दी है.
गाजियाबाद: रेलवे स्टेशन पर शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर स्थित SSE पावर वुडन रूम में अचानक भीषण आग लग गई. RPF और GRP की टीम ने तुरंत अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल किया. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्टेशन पर कोई हताहत नहीं हुआ. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
कानपुर: ‘007 लॉन्ज’ पर पुलिस का रेड, अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़
कानपुर की कोतवाली पुलिस ने नवीन मार्केट स्थित 007 लॉन्ज में देर रात छापेमारी की. पुलिस कमिश्नर को मिली गुप्त सूचना पर भारी फोर्स ने कार्रवाई की. 13 हुक्का सेट, 21 चिलम, 55 कोल पैकेट और 40 फ्लेवर जब्त. मौके से 5 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने BNS और कोटपा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
प्रयागराज: नहर के पास मिली युवती की लाश की हुई शिनाख्त
मऊआइमा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी सुलझ गई है. मृतका की पहचान मुस्कान मिश्रा (प्रतापगढ़) के रूप में हुई है. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और शव का पंचायतनामा भर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
बिजनौर: तेज रफ्तार कार ने ली चाचा-भतीजे की जान
झालू मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा और भतीजे की मौत हो गई. एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों कई मीटर दूर जाकर गिरे. घटना का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.