2200 KMPH की स्पीड, 1900 KM के दायरे में किसी को फटकने न दे, अटैक से पहले दुश्मन रडार को कर देता है ब्लाइंड – rafale f4 fighter jet 2200 kmph speed 1900 kilometer combat range hijack enemy radar MICA NG SCALP stealth cruise missile
Rafale F4 Fighter Jet: इंडियन एयरफोर्स को ताकतवर बनाने की कोशिश लगातार जारी है. HAL तेजस सीरीज के तहत फाइटर जेट डेवलप कर रही है. 5th जेनरेशन फाइटर जेट को देसी टेक्नोलॉजी की मदद से बनाने के लिए भी महत्वाकांक्षी AMCA प्रोजेक्ट लॉन्च किया गया है. साल 2028 से इसका परिणाम दिखने लगेगा. हालांकि, तेजस फाइटर जेट की डिलीवरी में देरी ने एयरफोर्स की चिंताओं को बढ़ा दिया है. इसी क्रम में भारत फ्रांस से 114 अतिरिक्त राफेल जेट खरीदने पर विचार कर रहा है. फ्रेंच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान तीन लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की महाडील पर सहमति बनने और अन्य औपचारिकताओं के पूरा होने की उम्मीद है. भारत पहले ही फ्रांस से 36 राफेल फाइटर जेट खरीद चुका है. वहीं, नेवी के लिए 36 अतिरिक्त मरीन राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का ऑर्डर दिया जा चुका है. अब 114 फाइटर जेट की अलग से खरीद की जानी है. बता दें कि भारत के पास अभी राफेल का F3R वर्जन है, जबकि अगली डील ज्यादा एडवांस राफेल F4 फाइटर जेट को लेकर है. बताया जा रहा है कि राफेल F3R को अपग्रेड कर उसे F4 कैटेगरी में लाया जाएगा. राफेल F4 फाइटर जेट को लेकर डील पक्की होती है तो साउथ एशिया का पावर बैलेंस बदल जाएगा और भारत एक पावरफुल एयर पावर वाला देश बन जाएगा. राफेल का अपग्रेडेड वर्जन F4 में कई तरह की नई चीजें एड की गई हैं. वेपन सिस्टम से लेकर रडार तक काफी एडवांस है. राफल F4 दुश्मनों के जेट्स को ब्लाइंड कर उसे तबाह करने में सक्षम है.
फ्रांस की विमानन कंपनी डसॉल्ट एविएशन का नवीनतम फाइटर जेट राफेल F4 अब 4.5-जेनरेशन के लड़ाकू विमानों में तकनीकी मानक को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी में है. उन्नत एवियोनिक्स, बेहतर सेंसर, नेटवर्क सेंट्रिक क्षमताओं और आधुनिक हथियार प्रणालियों से लैस यह वर्जन भविष्य की पांचवीं पीढ़ी के सिस्टम की ओर एक मजबूत कड़ी माना जा रहा है. फ्रांस और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बाद भारत भी इस उन्नत वेरिएंट को अपने वायुसेना बेड़े में शामिल करने की संभावनाएं तलाश रहा है. राफेल F4 की सबसे बड़ी विशेषता इसकी बेहतर कनेक्टिविटी और हालात के अनुसार परफॉर्मेंस है. इसमें उन्नत सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम, सिक्योर डेटा लिंक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड निर्णय सहायता प्रणाली जोड़ी गई है, जिससे पायलट को युद्ध क्षेत्र में वास्तविक समय में अधिक सटीक जानकारी मिल सके. यह नेटवर्क सेंट्रिक ऑपरेशन को सक्षम बनाता है, जहां एक फाइटर जेट न केवल खुद लड़ता है, बल्कि अन्य विमानों, ड्रोन और ग्राउंड सिस्टम के साथ कोऑर्डिनेशन में भी काम कर सकता है. राफेल F4 में थेल्स RBE2 AESA रडार का उन्नत संस्करण लगाया गया है, जो पहले की तुलना में लंबी दूरी पर टारगेट को आइडेंटिफाई और ट्रैकिंग की क्षमता प्रदान करता है. इसके साथ ही SPECTRA इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट को भी अपग्रेड किया गया है, जिससे दुश्मन के रडार और मिसाइल खतरों से बचाव की क्षमता मजबूत हुई है. यह सिस्टम पायलट को खतरे की समय रहते चेतावनी देती है और इलेक्ट्रॉनिक काउंटरमेजर के जरिए विमान की सुरक्षा सुनिश्चित करती है.
राफेल F4 vs राफेल F3R
- एवियोनिक्स और सेंसर अपग्रेड: राफेल F4 वर्जन में नए AESA रडार फीचर्स, बेहतर इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और ज्यादा संवेदनशील सेंसर जोड़े गए हैं, जिससे दुश्मन की पहचान और ट्रैकिंग क्षमता F3R की तुलना में काफी उन्नत हो गई है.
- नेटवर्क-सेंट्रिक वॉरफेयर क्षमता: F4 में बेहतर डेटा लिंक और सुरक्षित कम्युनिकेशन सिस्टम दिए गए हैं, जिससे यह अन्य लड़ाकू विमानों, ड्रोन और ग्राउंड सिस्टम के साथ रियल टाइम में सूचनाएं साझा कर सकता है, जबकि F3R में यह क्षमता सीमित थी.
- हथियार प्रणाली में सुधार: राफेल F4 को अपग्रेडेड मेटियोर एयर-टू-एयर मिसाइल, बेहतर स्मार्ट बम और स्टैंड-ऑफ हथियारों के साथ इंटीग्रेट किया गया है, जिससे इसकी स्ट्राइक और एयर डिफेंस भूमिका और मजबूत हुई है.
- मेंटेनेंस और ऑपरेशनल रेडिनेस: F4 वर्जन में प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस और डिजिटल लॉजिस्टिक्स सपोर्ट जोड़ा गया है, जिससे विमानों की उपलब्धता बढ़ेगी और रखरखाव लागत घटेगी, जबकि F3R में पारंपरिक मेंटेनेंस सिस्टम था.
- भविष्य की अपग्रेड क्षमता: राफेल F4 को मॉड्यूलर और सॉफ्टवेयर डिफाइंड आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है, जिससे भविष्य में नए हथियार और सेंसर जोड़ना आसान होगा, जबकि F3R इस मामले में अपेक्षाकृत सीमित था.
वेपन सिस्टम में क्या बदलाव?
हथियार प्रणालियों के मोर्चे पर F4 वेरिएंट को MICA NG (नेक्स्ट जेनरेशन) एयर-टू-एयर मिसाइल के साथ इंटीग्रेट किया गया है, जो अधिक रेंज, बेहतर सेंसर और उच्च मारक क्षमता प्रदान करती है. इसके अलावा SCALP स्टील्थ क्रूज मिसाइल और AASM हैमर प्रिसिजन गाइडेड बमों का उन्नत संस्करण भी इसमें शामिल किया गया है, जिससे यह हवा से हवा और हवा से जमीन दोनों तरह के अभियानों में अत्यधिक प्रभावी बनता है. राफेल F4 में स्कॉर्पियन हेलमेट माउंटेड डिस्प्ले को भी शामिल किया गया है, जिससे पायलट केवल नजर घुमाकर ही लक्ष्य को लॉक कर सकता है. यह निकट युद्ध स्थितियों में रिएक्शन टाइम को काफी कम करता है. इसके अलावा इसमें भरोसेमंद स्नेमा M88 ट्विन इंजन लगाए गए हैं, जो इसकी हाई-स्पीड और भरोसेमंद प्रदर्शन को बनाए रखते हैं. खरीद और तैनाती के लिहाज से UAE ने 80 राफेल F4 विमानों का ऑर्डर देकर इस वेरिएंट का अब तक का सबसे बड़ी डील है. फ्रांसीसी नौसेना भी अपने कैरियर बेस्ड राफेल विमानों को F4 मानक में लाने की योजना पर काम कर रही है, ताकि अगले 10-15 वर्षों तक उनकी प्रासंगिकता बनी रहे.
Rafale F4 Fighter Jet: चाइना मेड JF-17 और J-10 के मुकाबले राफेल F4 कहीं ज्यादा ताकतवर है. पाकिस्तान चीन निर्मित फाइटर जेट का ही ज्यादातर इस्तेमाल करता है. (फाइल फोटो/Reuters)
भारत के पास अभी राफेल का कौन सा वेरिएंट?
IAF फिलहाल राफेल के F3R वेरिएंट को ऑपरेट कर रही है. रक्षा सूत्रों के अनुसार, भारत भविष्य की जरूरतों के तहत 114 मल्टीरोल फाइटर जेट्स की खरीद पर विचार कर रहा है, जिसमें राफेल F4 को शामिल किए जाने की संभावना है. प्रस्तावित योजना के तहत इन विमानों का लोकर असेंबली और कुछ स्वदेशी सिसटम के इंटीग्रेशन पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे मेक इन इंडिया पहल को बल मिल सके. विशेषज्ञों का मानना है कि राफेल F4 केवल एक उन्नत लड़ाकू विमान ही नहीं, बल्कि भविष्य की युद्ध प्रणाली का हिस्सा है. इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह भविष्य के FCAS (फ्यूचर कॉम्बैट एयर सिस्टम) जैसे नेटवर्क्ड प्लेटफॉर्म और मानवरहित ड्रोन सिस्टम के साथ सहजता से काम कर सके. यही कारण है कि इसे पांचवीं पीढ़ी की क्षमताओं की ओर बढ़ता हुआ एक मजबूत ब्रिज प्लेटफॉर्म माना जा रहा है.
इस वजह से खास है राफेल एफ-4
- उन्नत एवियोनिक्स/रडार: थेल्स RBE2 AESA रडार से लंबी दूरी तक लक्ष्य पहचान की क्षमता.
- बेहतर कनेक्टिविटी: सैटेलाइट लिंक और AI आधारित सिस्टम से पायलटों को निर्णय लेने में मदद.
- आधुनिक हथियार: नई पीढ़ी की MICA NG एयर-टू-एयर मिसाइल और उन्नत SCALP स्टेल्थ क्रूज मिसाइल का इंटीग्रेशन.
- सेल्फ प्रोटेक्शन: उभरते खतरों से निपटने के लिए उन्नत SPECTRA इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सूट
- इंजन: विमान में Snecma M88 इंजन का ही उपयोग जारी.
क्या है प्लानिंग?
आने वाले दशक में डसॉल्ट राफेल के और भी उन्नत F5 मानक पर काम करने की योजना बना रहा है, जिसमें ड्रोन टीमिंग और और अधिक ऑटोमेटेड कैपेबिलिटी शामिल होंगी. लेकिन फिलहाल राफेल F4 अपनी उन्नत तकनीक, मल्टीरोल क्षमता और नेटवर्क सेंट्रिक युद्ध संचालन के साथ वैश्विक लड़ाकू विमान बाजार में एक मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहा है और भारत सहित कई देशों की निगाहें इस पर टिकी हुई हैं.