Raita Recipe: खीरा-बूंदी नहीं, इस बार ट्राई करें कद्दू से बना ये लाजवाब रायता, खाने का बढ़ जाएगा स्वाद – Uttarakhand News
Last Updated:
Special Raita Recipe: खाने की थाली में अगर रायता हो, तो स्वाद दोगुना हो जाता है. लेकिन क्या आपने कभी ‘लाल कद्दू का रायता’ ट्राई किया है? ऋषिकेश में इन दिनों स्वाद और सेहत का यह अनोखा मेल लोगों को खूब पसंद आ रहा है. विटामिन ए और सी से भरपूर यह रायता न केवल आपकी आंखों की रोशनी बढ़ाता है, बल्कि पाचन को भी दुरुस्त रखता है. जानिए कैसे मिनटों में तैयार होता है यह लाजवाब लाल कद्दू का रायता, जो आपके खाने का स्वाद बढ़ा देंगे.
Special Raita Recipe: भारतीय भोजन की थाली तब तक अधूरी मानी जाती है जब तक उसमें रायते का साथ न हो. रायता न केवल खाने का जायका बढ़ाता है, बल्कि पेट को ठंडक भी देता है. वैसे तो लोग बूंदी, खीरा या प्याज का रायता बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन ऋषिकेश में इन दिनों लाल कद्दू का रायता (Famous Raita) तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. लाल कद्दू से तैयार यह खास रायता स्वाद और सेहत का एक बेहतरीन संगम है. इसका हल्का मीठापन और मसालों का तीखा स्वाद इसे हर किसी का पसंदीदा बना रहा है.
सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं
लाल कद्दू का रायता सिर्फ जीभ को स्वाद ही नहीं देता, बल्कि शरीर को भी कई फायदे पहुंचाता है. लाल कद्दू में विटामिन ए, विटामिन सी और फाइबर अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. विटामिन ए आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करता है, वहीं विटामिन सी शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत (इम्युनिटी) को मजबूत बनाता है. फाइबर होने की वजह से यह रायता पाचन तंत्र को भी बहुत बेहतर रखता है, जिससे भारी खाना खाने के बाद भी पेट में हल्कापन महसूस होता है.
कद्दू का रायता बनाने की विधि
लोकल 18 से बातचीत में गृहिणी रुचि ने बताया कि इस रायते को बनाना बहुत ही आसान है. सबसे पहले आपको एक ताजा और अच्छे लाल कद्दू का चुनाव करना होता है. कद्दू को अच्छी तरह धोकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े कर लिए जाते हैं. इसके बाद इन टुकड़ों को पानी में उबालकर अच्छे से नरम कर लिया जाता है. जब कद्दू पूरी तरह पक जाए, तो उसका छिलका हटाकर उसे हल्का सा मैश कर लिया जाता है. अब इस मैश किए हुए कद्दू में ताजा और गाढ़ा दही मिलाया जाता है. अगर आप रायता थोड़ा पतला खाना पसंद करते हैं, तो इसमें अपनी जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी भी मिला सकते हैं.
मसालों का तड़का बनाएगा स्पेशल
रायते का असली स्वाद उसमें डलने वाले मसालों से आता है. रुचि के अनुसार, इसमें सादा नमक, भुना हुआ जीरा और हल्की सी लाल या हरी मिर्च मिलाई जाती है. ये मसाले न केवल रायते का स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि इसकी खुशबू को भी बेहद खास बना देते हैं. रायते को और ज्यादा स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया डाला जाता है. कुछ लोग अपने जायके के हिसाब से इसमें काली मिर्च का पाउडर या चाट मसाला भी मिलाते हैं, जो इसे और भी चटपटा बना देता है.
लाल कद्दू का यह रायता रोटी, पराठा या चावल के साथ खाने में बहुत लाजवाब लगता है. अगर आप भी बोरिंग रायते से ऊब चुके हैं, तो सेहत से भरपूर इस लाल कद्दू के रायते को अपनी रसोई में जरूर जगह दें.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें