failed army aspirant to absconder who is rohit shetty firing accused shubham lonkar new don of mumbai | सेना में हुआ रिजेक्ट तो बन गया गैंगस्टर, रोहित शेट्टी को डराने वाला शुभम लोनकर, क्या बनेगा मुंबई का नया डॉन?
मुंबई. मायानगरी मुंबई एक बार फिर से अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टरों की आपसी जंग और खौफ के साये में जी रहा है. 90 के दशक के बाद पहली बार देखा गया है कि मुंबई में अंडरवर्ल्ड का पुराना दौर लौटने का दस्तक दे रहा है. पिछले साल सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी, फिर उनके जिगड़ी दोस्त बाबा सिद्दिकी की हत्या और अब 1 फरवरी 2026 को मशहूर बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इन सभी मामलों की जिम्मेदारी किसी और ने नहीं, बल्कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उसके वफादार गुर्गे शुभम लोनकर ने ली है. शुभम वही शख्स है, जो अक्टूबर 2024 में हुए एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी. शुभम लोनकर अब मुंबई पुलिस ही नहीं महाराष्ट्र पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन गया है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि कौन है शुभम सोनकर और कैसे लॉरेंस बिश्नोई के संपर्क में आया? क्या वह मराठी होने के कारण दाऊद के बाद मुंबई का नया डॉन बनने का सपना पाले बैठा है?
मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर सनसनीखेज फायरिंग मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मुंबई पुलिस ने कल कुल पांच लोगों को दबोचा था. इनमें एक को छोड़ सभी को गिऱप्तार कर लिया है. आरोपियों की पहचान स्वप्निल साकत, सिद्धार्थ ऐनपुरे, समर्थ पोमाजी और आदित्य गायकवाड़ के रूप में हुई है. इन्हें पुणे से हिरासत में लिया गया और मुंबई की एक अदालत ने इन्हें 5 फरवरी तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने शुभम लोनकर के निर्देश पर लॉजिस्टिक्स और हथियार मुहैया कराए थे. हमले के दौरान करीब 5 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर मौजूद जिम के शीशे को चीरते हुए निकल गई.
32 वर्षीय शुभम लोणकर मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला जिले के अकोट का रहने वाला है.
कौन है शुभम लोनकर?
आर्मी भर्ती की कोशिश और गैंगस्टर बनने का मोड़
शुभम के अपराधी बनने की कहानी बेहद दिलचस्प और हैरान करने वाली है. वह कभी देश की सेवा करना चाहता था और साल 2018-19 में राजस्थान के जैसलमेर में आर्मी भर्ती की परीक्षा देने गया था. हालांकि, वह इस परीक्षा में फेल हो गया. यहीं उसकी मुलाकात ‘बाजरा’ नाम के एक शख्स से हुई, जिसने उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में लाया. बाजरा ने शुभम को यह कहकर बरगलाया कि अगर वह वाकई देश के लिए कुछ करना चाहता है, तो उसे बिश्नोई गैंग से जुड़ना चाहिए. इसके बाद शुभम को गैंग द्वारा हथियार चलाने की ट्रेनिंग के लिए नेपाल और अजरबैजान भी भेजा गया.
सांकेतिक तस्वीर
मुंबई पुलिस और अकोला कनेक्शन
शुभम लोनकर पहली बार जनवरी 2024 में पुलिस की पकड़ में आया था. अकोला पुलिस ने उसे अवैध हथियारों की तस्करी आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया था. उस वक्त उसके पास से 10 से ज्यादा हथियार बरामद हुए थे. जेल में रहने के दौरान ही वह साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई के सीधे संपर्क में आया. जमानत पर बाहर आने के बाद सितंबर 2024 में वह अचानक गायब हो गया और तभी से फरार है.
रोहित शेट्टी के खिलाफ साजिश क्यों?
पुलिस जांच और सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, शुभम लोनकर ने रोहित शेट्टी को निशाना बनाने के पीछे काम में दखलंदाजी का तर्क दिया है. फेसबुक पोस्ट में लिखा गया, “हमने उसे कई बार मैसेज किया कि हमारे काम में दखल न दें, लेकिन वह नहीं समझा. यह सिर्फ एक ट्रेलर था. अगली गोलियां घर के बाहर नहीं, बेडरूम के अंदर होंगी.’ सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह बॉलीवुड से मोटी वसूली और फिल्म इंडस्ट्री में अपना दबदबा कायम करने की एक बड़ी साजिश है.
महाराष्ट्र के इन शहरों में फैला है नेटवर्क
शुभम लोणकर ने केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के कई बड़े शहरों में अपना जाल बिछा रखा है. वह अकोला में अपने पुराने संपर्कों का इस्तेमाल कर हथियार मंगवाता है, जबकि पुणे को उसने अपना भर्ती केंद्र बना लिया है. पुणे के धायरी और कार्वे नगर जैसे इलाकों से वह बेरोजगार युवाओं को धर्म और देशभक्ति के नाम पर गुमराह कर गैंग में शामिल करता है. इसके अलावा, मुंबई और ठाणे में उसके गुर्गे व्यापारियों और बॉलीवुड हस्तियों को डराने-धमकाने का काम करते हैं.
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद शुभम का कद बिश्नोई गैंग में काफी बढ़ गया है. वह अब गोल्डी बराड़ का गैंग से नाता तोड़ने के बाद अनमोल बिश्नोई के बाद गैंग का तीसरा सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरा है. मुंबई क्राइम ब्रांच की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हैं, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदलकर चकमा दे रहा है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या मुंबई का नया डॉन अब शुभम सोनकर बनेगा?