Bajra Halwa Recipe। बाजरे का हलवा कैसे बनाएं

Share to your loved once


Bajra Halwa Recipe: जैसे ही सर्दी शुरू होती है, वैसे ही हमारी थाली भी बदलने लगती है. ठंडी हवाओं के बीच शरीर को अंदर से गर्म रखने वाली चीजें ज्यादा अच्छी लगती हैं. लोग सूप, अदरक वाली चाय, गुड़, घी और अलग-अलग देसी अनाज खाना शुरू कर देते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि ठंड के मौसम में शरीर को ज्यादा ऊर्जा चाहिए होती है, वरना जल्दी थकान, जुकाम और कमजोरी महसूस होने लगती है. इसी मौसम में एक अनाज सबसे ज्यादा काम आता है -बाजरा. बाजरा सिर्फ रोटी तक सीमित नहीं है, इससे कई स्वादिष्ट चीजें बनती हैं.

इसकी तासीर गर्म मानी जाती है, इसलिए सर्दियों में इसे खाने से शरीर को भीतर से गर्माहट मिलती है. इसमें भरपूर ताकत देने वाले पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को मजबूत बनाते हैं, अगर आप रोज वही रोटी या खिचड़ी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ मीठा ट्राई करें -बाजरे का हलवा. ये स्वाद में जबरदस्त, बनाने में आसान और सेहत के लिए भी बढ़िया है.

सर्दियों में बाजरा क्यों है खास?
बाजरा ऐसा अनाज है जो ठंड के मौसम में शरीर का साथ देता है. इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन, मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. इसे खाने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और बार-बार भूख भी नहीं लगती. जिन लोगों को ठंड ज्यादा लगती है, उनके लिए बाजरा बहुत काम का है. ये पेट को भी ठीक रखता है और लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करवाता है. गांवों में लोग पहले से ही सर्दियों में बाजरे की रोटी खाते आए हैं, क्योंकि ये मौसम के हिसाब से सही अनाज माना जाता है.

बाजरे का हलवा खाने के फायदे
बाजरे का हलवा सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है.
-शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करता है
-तुरंत ऊर्जा देता है
-कमजोरी और थकान कम करने में काम आता है
-ड्राई फ्रूट और घी मिलाने से ताकत और बढ़ जाती है
-ठंड में होने वाली सुस्ती दूर करता है

अगर इसमें गुड़ डाला जाए तो ये और भी अच्छा बन जाता है. हां, जिन्हें शुगर की दिक्कत है, उन्हें मीठा कम रखना चाहिए.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

बाजरा हलवा बनाने के लिए सामग्री
-1 कप बाजरे का आटा
-½ कप देसी घी
-¾ कप गुड़ (स्वाद के हिसाब से)
-2 कप गर्म पानी
-4–5 इलायची
-काजू, बादाम, पिस्ता

बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले कड़ाही गैस पर रखें और उसमें घी डालकर गर्म करें. अब इसमें बाजरे का आटा डाल दें. मध्यम आंच पर इसे लगातार चलाते हुए भूनें. जब आटे का रंग हल्का भूरा हो जाए और अच्छी खुशबू आने लगे, समझ लें आटा सही भुन गया है.

2. अब पानी को हल्का गर्म कर लें. इसे थोड़ा-थोड़ा करके कड़ाही में डालें और साथ में चलाते रहें. जल्दी डालने पर गांठ पड़ सकती है, इसलिए आराम से मिलाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें गुड़ डाल दें. गुड़ घुलने के बाद 3–4 मिनट तक पकाएं.

3. अंत में इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट डाल दें. एक मिनट चलाकर गैस बंद कर दें. आपका गरमा-गरम बाजरे का हलवा तैयार है.

कब और कैसे खाएं?
इसे सुबह नाश्ते में या शाम को हल्की भूख लगने पर खाया जा सकता है. ठंड में ये शरीर को ताकत देता है और मीठा खाने की इच्छा भी पूरी करता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP