कौन है दिल्ली की वह लेडी ड्रग डॉन, जिसके घर पर चला बुलडोजर, जेजे कॉलोनी में रहकर जीती थी लग्जरी लाइफ | delhi police action drug mafia lady don luxurious life house bulldozed mcd dabri jj colony bindapur
Last Updated:
यूपी के तर्ज पर अब दिल्ली में भी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति पर अब बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है. दिल्ली के द्वारका जिले में पुलिस ने एक लेडी ड्रग माफिया के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की है. डाबड़ी इलाके की कुख्यात महिला ड्रग तस्कर, जिसके खिलाफ 28 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, उसके अवैध साम्राज्य को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया है. पढ़ें इसके पीछे की इनसाइड स्टोरी

(एआई फोटो)
नई दिल्ली. देश की राजधानी में अब नशे के सौदागरों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. द्वारका जिले के डाबड़ी इलाके में 2 फरवरी को पुलिस ने नगर निगम (MCD) के साथ मिलकर एक ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसने पूरे इलाके के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है. उत्तम नगर स्थित जेजे कॉलोनी बिंदापुर में एक कुख्यात महिला ड्रग माफिया द्वारा अवैध रूप से खड़ी की गई संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर उसे मिट्टी में मिला दिया गया. पुलिस ने कहा है कि जिस संपत्ति पर चला है पीला पंजा, वह कोई साधारण इमारत नहीं थी, बल्कि नशे के काले कारोबार की बुनियाद पर खड़ी एक अवैध संरचना थी. इस संपत्ति की मालकिन एक ऐसी महिला है, जिसे इलाके में ड्रग माफिया के तौर पर जाना जाता है.
दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, इस महिला अपराधी के खिलाफ 28 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें से अधिकांश मामले एनडीपीएस एक्ट यानी नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं. यह महिला लंबे समय से इलाके के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने और अवैध शराब की तस्करी का नेटवर्क चलाने के लिए जिम्मेदार मानी जाती रही है. बीते कई सालों से यह महिला किसी तरह बच रही थी. लेकिन अखिरकार अब इस महिला के घर पर बुलडोजर चल ही गया.
28 केसों वाली ‘लेडी डॉन’ का आतंक खत्म
दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान यह पाया गया कि जेजे कॉलोनी, बिंदापुर स्थित इस ड्रग माफिया महिला ने सरकारी नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण कर रखा था, जिसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था. डाबड़ी थाने की कमान संभालते ही इंस्पेक्टर गंगा राम मीणा को इसकी भनक लगी. उन्होंने कार्यभार संभालते ही सबसे पहले इलाके के सक्रिय अपराधियों और माफियाओं की सूची तैयार की. इंस्पेक्टर मीणा ने बिना देरी किए इसकी जानकारी दिल्ली नगर निगम को दी और ध्वस्तीकरण की सिफारिश की. आज की कार्रवाई यह दर्शाती है कि पुलिस अब केवल अपराधियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों पर भी प्रहार करेगी.
MCD और पुलिस का साझा ऑपरेशन
सोमवार सुबह जब डाबड़ी पुलिस की टीम भारी सुरक्षा बल के साथ पॉकेट-4, जेजे कॉलोनी, उत्तम नगर पहुंची, तो स्थानीय लोगों में भारी उत्सुकता और डर का माहौल था. पुलिस बल ने सबसे पहले पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो. इसके बाद एमसीडी के बुलडोजर ने अवैध निर्माण को ढहाना शुरू किया. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस कर्मियों ने यह सुनिश्चित किया कि कानून व्यवस्था बनी रहे और माफिया के समर्थक किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न कर सकें. पुलिस का कहना है कि यह अवैध निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन था, बल्कि यह असामाजिक तत्वों का अड्डा भी बन चुका था.
(फोटो-एआई)
क्या कहा दिल्ली पुलिस ने?
द्वारका जिले के DCP अंकित सिंह ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए साफ शब्दों में कहा है कि संगठित अपराध और नशे के कारोबारियों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है. उन्होंने कहा, ‘यह कार्रवाई केवल एक शुरुआत है. हम अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं. जो लोग जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करेंगे और नशे का व्यापार करेंगे, उनके अवैध निर्माणों को इसी तरह जमींदोज किया जाएगा.’ पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा होगा और आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा.
About the Author
भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले रविशंकर सिंह सहारा समय न्यूज चैनल, तहलका, पी-7 और लाइव इंडिया न्यूज चैनल के अलावा फर्स्टपोस्ट हिंदी डिजिटल साइट में भी काम कर चुके हैं. राजनीतिक खबरों के अलावा…और पढ़ें