UP News Live| Breaking News Hindi| Uttar Pradesh News| UP Breaking News Today Live| up news live updates

Share to your loved once


UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश में आज एक तरफ बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी की आहट ने जनता को चिंता में डाल दिया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है. कानपुर में बावरिया गैंग का खूंखार डकैत दबोचा गया, तो एटा में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. प्रयागराज में एक मासूम बच्ची के साथ पड़ोसी ने हैवानियत की हदें पार कर दीं, वहीं अंबेडकरनगर में बैंक एजेंट ने करोड़ों की ठगी को अंजाम दिया.पढ़ें, प्रदेश की सभी अहम खबरें विस्तार से.

बिजली झटका: यूपी में 20% तक बढ़ सकते हैं दाम!
राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2026-27 के लिए बिजली दरें तय करने की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है. बिजली कंपनियों ने 1.18 लाख करोड़ रुपये का राजस्व प्रस्ताव (ARR) दाखिल किया है, जिसमें 12,453 करोड़ रुपये का घाटा दिखाया गया है. राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आशंका जताई है कि घाटे की भरपाई के लिए बिजली 20% तक महंगी की जा सकती है. उपभोक्ताओं के पास सुझाव और आपत्ति दर्ज कराने के लिए 21 दिन का समय होगा.

कानपुर: 11 साल बाद खाकी के हत्थे चढ़ा 75 हजारी इनामी ‘कल्लू’
कानपुर पुलिस ने बावरिया गैंग के कुख्यात डकैत फिरोज उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है. यह सलीम बावरिया का भतीजा है और हत्या, लूट व डकैती जैसी दर्जनों वारदातों में शामिल था. पुलिस कमिश्नर की स्पेशल टीम ने इसे आरौल के पास से दबोचा. यह पिछले 11 साल से फरार चल रहा था.

अमरोहा: ‘नीम करोली बाबा’ का भक्त बनकर हिंदू युवती से लव जिहाद
अमरोहा के गजरौला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां साहिल नामक युवक ने खुद को हिंदू जाट बताया और नीम करोली बाबा का भक्त बनकर एक युवती को प्रेम जाल में फंसाया. शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया, जेवर हड़पे और जबरन गर्भपात कराया. सच सामने आने पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया. पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है.

एटा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, हादसे में 3 की मौत
गुड़गांव से मैनपुरी शादी में शामिल होने जा रहे एक परिवार की कार मलावन क्षेत्र में पेड़ से टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में शिवम, सुमित और मानवी की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. खुशियों वाले घर में अब चीख-पुकार मची है.

आजमगढ़ में एनकाउंटर: गौ तस्कर जाकिर को लगी गोली
आजमगढ़ पुलिस का ‘लंगड़ा अभियान’ जारी है. अहरौला थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने शातिर हिस्ट्रीशीटर गौ तस्कर जाकिर उर्फ सैफ को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया. उसका एक साथी मौके से फरार हो गया है.

प्रयागराज: 6 साल की मासूम से दरिंदगी, पड़ोसी गिरफ्तार
प्रयागराज के करेली इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 50 वर्षीय अधेड़ राम नारायण कुशवाहा ने टॉफी देने के बहाने अपनी 6 साल की मासूम पड़ोसन को घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. बच्ची के शोर मचाने पर मोहल्ले वालों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.

अंबेडकरनगर: PNB एजेंट ने डकारे 2.5 करोड़, 50 लोगों को बनाया शिकार
अंबेडकरनगर में ठगी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है. पुलिस ने उमेर अहमद नाम के बीमा एजेंट को गिरफ्तार किया है, जिसने एनटीपीसी (NTPC) में जमीन गंवाने वाले किसानों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 2.5 करोड़ रुपये की चपत लगाई. आरोपी फर्जी बॉन्ड थमाता था. इस घोटाले में कुछ बैंक कर्मियों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है.

लखनऊ: ग्रामीण बसों का सफर हुआ सस्ता, मानदेय में बढ़ोतरी
योगी सरकार ने ग्रामीण परिवहन को मजबूत करने के लिए दोहरे फैसले लिए हैं. मुख्यमंत्री जनता सेवा बसों में अब ग्रामीण यात्रियों को साधारण बसों के मुकाबले 20% कम किराया देना होगा. बसों के चालकों और परिचालकों के मानदेय में 14 पैसे प्रति किमी की वृद्धि की गई है.

बहराइच: भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार, पूरी स्वाट टीम लाइन हाजिर
बहराइच के पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने भ्रष्टाचार की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की है. भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए जाने पर स्वाट टीम के प्रभारी सहित सभी 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है. इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है.

कानपुर: मकनपुर मेले में गुंडागर्दी, झूला संचालकों ने बच्चों को पीटा
कानपुर के मकनपुर मेले में झूला संचालकों ने कहर बरपाया. मामूली विवाद में संचालकों ने बच्चों और उनके परिजनों पर सरिया व रॉड से जानलेवा हमला किया. हैरानी की बात यह है कि मेला 3 फरवरी को खत्म हो चुका था, फिर भी अवैध रूप से झूले चल रहे थे. घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

बरेली: मौलाना की अपील- ‘गाय को घोषित करें राष्ट्रीय पशु’
फिल्म ‘गोदान’ की रिलीज पर मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने मुसलमानों से गाय पालने और उसे प्रेम करने की अपील की है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए. वहीं, बरेली पुलिस प्रशासन में भी फेरबदल हुआ है, जहां एसएसपी ने तीन डिप्टी एसपी के कार्यक्षेत्र बदले हैं.

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 6 यात्रियों की मौत
मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन के पास एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. दिल्ली के नांगलोई से कानपुर जा रही एक बस के यात्रियों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया. बस ड्राइवर ने बस को सुरक्षित ‘ग्रीन ज़ोन’ में रोकने के बजाय सड़क पर ही खड़ा कर दिया था. यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे, तभी पीछे से आए कंटेनर ने 7 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज) और संतोष (दिल्ली) शामिल हैं. दो अन्य की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है.

मेरठ: खूनी रंजिश में सरेआम फायरिंग, युवक की हत्या
मेरठ के थाना नौचंदी क्षेत्र में सरेआम फायरिंग से सनसनी फैल गई. यहां कुछ महीने पहले स्विमिंग पूल में हुई बिलाल नामक युवक की हत्या का बदला लेने के लिए ‘असलम’ नाम के व्यक्ति की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई. अस्पताल में इलाज के दौरान असलम ने दम तोड़ दिया. इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है.

लखनऊ: बिना नंबर की ‘थार’ से लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार
राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो किराए पर थार गाड़ी लेकर राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने लूटता था. पुलिस ने गिरोह के 6 बदमाशों और एक ट्रैवल एजेंट को गिरफ्तार किया है. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल थार, 40 हजार कैश और अवैध हथियार बरामद हुए हैं.

प्रयागराज: स्कूल जा रहे बच्चों के ई-रिक्शा को कार ने मारी टक्कर
प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ई-रिक्शा चालक अजीत कुमार और चार बच्चे (अनन्या, अनुराग, आकाश और जगदीश) घायल हो गए. स्थानीय निवासी मोनी यादव ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है.

गाजियाबाद: सुलभ शौचालय कर्मी की हत्या का खुलासा और कुत्ते का हमला
लिंकरोड थाना पुलिस ने वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास हुई प्रेम कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. महज 300 रुपये के विवाद में गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साहिबाबाद क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहे 5 साल के मासूम पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं.

महोबा: लापता युवक का शव मिलने पर हाईवे जाम
महोबा के खन्ना थाना क्षेत्र में लापता युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानपुर-सागर हाईवे पर जाम लगा दिया. पुलिस परिजनों को समझाने की कोशिश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP