UP News Live | Netflix Web Series | UP Police Encounter
UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश में अपराध और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आज विकास, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी कई बड़ी खबरें छाई हुई हैं. अयोध्या में टीम इंडिया की जीत के लिए मंत्रोच्चार हो रहा है, वहीं आगरा की अदालत ने एक सनसनीखेज हत्याकांड में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के जरिए प्रदेश के लाखों छात्रों को सफलता के मंत्र दिए हैं, तो वहीं रायबरेली में राहुल गांधी को लेकर लगे विवादित पोस्टरों ने सियासी माहौल गरमा दिया है. मथुरा पुलिस ने भी 24 घंटे के भीतर ट्रक ड्राइवर की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर अपनी मुस्तैदी दिखाई है. पढ़िए यूपी की टॉप खबरें.
आगरा में सड़क किनारे मिली महिला की लाश
आगरा में रोड किनारे कंबल में लिपटा मिला महिला का शव. मृतका की पहचान जुटाने में जुटी पुलिस. सूचना पर थाना पुलिस के साथ पहुंचे डीसीपी पश्चिमी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थाना खंदौली क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे किनारे का मामला.
यूपी में पांच आईपीएस अफसरों के तबादले
उत्तर प्रदेश में पांच आईपीएस अफसरों के तबादले. अखिलेश चौरसिया बने डीआईजी स्थापना. सुशील घुले बने डीआईजी एसटीएफ. यमुना प्रसाद बने डीआईजी पीटीएस मुरादाबाद. हेमराज मीणा बने डीआईजी यूपी एसआईएफएस लखनऊ. सचिंद्र पटेल बने डीआईजी एंटी करप्शन लखनऊ.
युवक ने वीडियो बनाकर खाया जहर
लखीमपुर खीरी जिले में भीरा नगर पंचायत अध्यक्ष पति संजय शुक्ला एवं कई अन्य लोगों के विरुद्ध भीरा निवासी युवक को बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए युवक ने खाया जहर. युवक की हालत बेहद नाजुक. वीडियो वायरल. मैलानी थाना क्षेत्र की घटना.
आगरा में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा
आगरा जिले में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा. 8 शातिर चोरों को किया गिरफ्तार. राजस्थान के रहने वाले है सभी चोर. आगरा देहात में रेकी के बाद चोरी की घटनाओं को देते थे अंजाम. बीते दिनों एक कोल्ड स्टोरेज से ट्रांसफर के तार और तेल किया था चोरी. कब्जे से 62 किलो तांबे का तार, एक तमंचा और चोरी करने के औजार बरामद. थाना ढोकी पुलिस ने किया खुलासा.
महोबा में लापता युवक की मिली लाश
महोबा जिले में छह दिन से लापता युवक का शव तालाब में मिला. तालाब में उतराता मिला 21 वर्षीय युवक रवि का शव. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की. परिजनों में कोहराम, गांव में शोक की लहर फैल गई. मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस. खन्ना थाना क्षेत्र के बन्नी गांव का मामला.
गोदान फिल्म यूपी में टैक्स फ्री
UP में गोदान फ़िल्म को सीएम योगी ने किया टैक्स फ्री. गो संरक्षण पर आधारित है फिल्म गोदान. सीएम योगी आदित्यनाथ गो सेवा व गोरक्षा के लिए है संकल्पित. यूपी में सीएम योगी के नेतृत्व में बना था गोवध निवारण (संशोधन) कानून. गौहत्या पर सीएम योगी ने लागू किया था सख्त कानून. गौहत्या पर NSA लगाने का योगी सरकार में हुआ था प्रावधान.
लखनऊ में ताज होटल में लगी आग
लखनऊ में ताज होटल के पार्किंग एरिया में आग लगी है. अभी भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है. रेस्क्यू टीम अभी अंदर दाखिल नहीं हो पाई है . कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. कई एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गई हैं.
फतेहपुर में युवक ने की खुदकुशी
फतेहपुर जिले में प्रेम प्रसंग में युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान. सुसाइड करने से पहले युवक ने बनाया वीडियो. 23 वर्षीय नयन कैथल ने ट्रेन से कटकर दी जान. वीडियो में नयन ने प्रेमिका आबिदा उसके पिता असलम और भाई जावेद पर लगाया प्रताड़ना का आरोप. प्रताड़ना से आहत होकर ट्रेन से कट कर दी जान. वीडियो में प्रेमिका उसके पिता और भाई को बताया मौत का जिम्मेदार. प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय करने पर प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम. मरने से पहले वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट.
5 फरवरी को ट्रेन से कट कर दी जान. आत्महत्या से एक दिन पहले अपने बैंक खाते से 10 हज़ार रुपए निकाल कर प्रेमिका को देने गया था नयन. वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी. कल्यानपुर थाना के ममरेज़पुर का मामला.
बाराबंकी में सपा नेता ने थामा बसपा का दामन
बाराबंकी जिले में पूर्व ब्लॉक प्रमुख तालिब नजीब कोकब ने थामा बसपा का दामन. प्रदेश अध्यक्ष ने बसपा सुप्रीमो से मिलाकर कराई ज्वाइनिंग. समाजवादी पार्टी से लम्बे समय से जुड़े थे तालिब नजीब कोकब. कुर्सी विधानसभा के निन्दूरा ब्लॉक के रहे है ब्लाक प्रमुख. जिला संगठन मे आपसी गुटबाज़ी के चलते लगातार सपा छोड़ रहे पदाधिकारी.
बाराबंकी में मंदिर में चोरी का खुलासा
बाराबंकी जिले में पौराणिक अवसानेश्वर महादेव मंदिर में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा. सुबेहा थाना क्षेत्र का निवासी वीरेंद्र कुमार एवं असंद्रा थाना क्षेत्र निवासी जय विश्वकर्मा को किया गिरफ्तार. चोरी किए गए लगभग पांच किलो चांदी एवं नकदी सहित संपूर्ण चोरी का माल बरामद. GOOGLE के जरिये मंदिर की रेकी करता था गिरफ्तार अभियुक्त वीरेंद्र कुमार जोकि चोरी का माल सोनारी का काम करने वाले जय विश्वकर्मा को बेच देता था. पहले भी मंदिर में चोरी एवं अन्य कई चोरी की घटनाओं को दे चुका है अंजाम. पकड़े गए अभियुक्त वीरेंद्र पर आठ मुकदमे हैं दर्ज. पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी. खुलासा करने वाले स्वाट सर्विलांस एवं हैदरगढ़ पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने दिया पच्चीस हजार का इनाम.
प्रयागराज में भीषण सड़क हादसा
प्रयागराज जिले में सोरांव इलाके में एक ट्रांसपोर्ट व्यापारी की पिक अप वैन से कुचल कर हुई मौत. दो फरवरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी में साफ तौर पर दिख रहा हैं कि सड़क पर खड़े व्यापारी को पिक अप ने कुचल दिया. मृतक लक्ष्मी नारायण कुछ परिचित लोगों से बात कर रहें हैं. तभी एक पिक अप वैन तीनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गई. सीसीटीवी वीडियो से साफ पता चल रहा है कि जानबूझ कर लोगों को कुचला गया है. इस हादसे मे दो लोग तो बच गए लेकिन लक्ष्मी नारायण की मौत हो गई.
प्रयागराज में मिली महिला की लाश
प्रयागराज जिले में गंगानगर जोन में नहर किनारे महिला का शव मिलने से सनसनी. हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका. सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा. महिला के शव का पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस शव के शिनाख्त की कार्रवाई में जुटी. मऊआइमा थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव का मामला.
नेटफ्लिक्स की फिल्म घूसखोर पंडित को लेकर संतों का विरोध
प्रयागराज में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होने जा रही मनोज बाजपेई अभिनीत फिल्म घूसखोर पंडत को लेकर साधु संतों का विरोध तेज. साधु संतों ने घूसखोर पंडत फिल्म का विरोध किया है. साधु संतों ने फिल्म के निर्माता निर्देशक नीरज पांडेय और कलाकार मनोज बाजपेई के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की है. इसके साथ ही नेटफ्लिक्स और फिल्म पर भी बैन लगाए जाने की मांग की है. साधु संतों ने सीएम योगी द्वारा घूसखोर पंडत फिल्म को लेकर लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराए जाने का भी स्वागत किया है.
हापुड़ में महिला का हत्यारा निकला पति
हापुड़ जिले में रीता शर्मा हत्याकांड का हुआ खुलासा. 2 फरवरी को घर के अंदर मिला था शव. धारदार हथियारों से वार करके हुई थी हत्या. पति ने दो साथियों को दी थी 5 लाख में सुपारी. पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने की गिरफ्तारी.
सीतापुर में चाइनीज मांझे को लेकर छापेमारी
सीतापुर जिले में पुलिस ने चाइनीज मांझे को लेकर की छापेमारी. सीओ सिटी विनायक गोपाल भोसले ने की दुकानों पर छापेमारी. भारी मात्र में मिला प्लास्टिक युक्त मांझा. पुलिस ने एक दुकानदार को लिया हिरासत में. पुलिस दुकानदार से कर रही पूछताछ. छापेमारी से कई दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए. शहर कोतवाली इलाके के पुराना सीतापुर में हुई छापेमारी.
देवरिया में चोरी का खुलासा
देवरिया जिले में मईल,बरहज पुलिस की संयुक्त टीम में बड़ी चोरी का किया खुलासा. गायब हुआ ट्रक,4,75,000 कैश रुपया बरामद. ट्रक ड्राइवर ने ट्रक पर लदी सरिया को श्रावस्ती जिले में बेचा था. पटना से कानपुर जा रहा था सरिया लदा ट्रक. ड्राइवर और खलासी ने मिलकर ट्रक पर लदे सरिया को बेचा था. कानपुर के व्यापारी ने मईल थाने में दर्ज कराया था मुकदमा.
दाल मंडी में घुसा बुलडोजर
दाल मंडी में पहली घुसा बुलडोजर. अब तक गली के अंदर हथौड़े से हो रहा था ध्वस्तीकरण. अब बुलडोजर से जमींदोज होगी दालमंडी. अभी बाहरी हिस्सों पर चला है बुलडोजर. मौके पर भारी फोर्स और अफसर मौजूद
आगरा के बहुचर्चित हत्याकांड में न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. मार्च 2021 में थाना हरिपर्वत क्षेत्र में सोनम पांडे ने अपने प्रेमी देवेंद्र को पंखा सही करने के बहाने बुलाकर उस पर तेजाब फेंक दिया था, जिससे देवेंद्र की मौत हो गई थी. साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर कोर्ट ने सोनम को उम्रकैद और 40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है.
रामनगरी अयोध्या के साधु-संतों ने भारत की विजय कामना के लिए मोर्चा संभाल लिया है. अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड की भिड़ंत से पहले संतों ने हनुमान जी के मंत्रों का पारायण और मां बगलामुखी का हवन किया. संतों ने प्रार्थना की कि टीम इंडिया छठी बार विश्व विजेता बनकर तिरंगा फहराए.
देवरिया: स्वतंत्रता सेनानी भागवत भगत की मूर्ति खंडित, भारी आक्रोश
खामपार थाना क्षेत्र के बंगरा बाजार में देर रात अराजक तत्वों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ‘खजड़ी वाले बाबा’ (भागवत भगत) की प्रतिमा को खंडित कर दिया. सुबह जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी. स्थिति को संभालने के लिए SDM और कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात है. प्रशासन दोषियों की तलाश में जुटा है.
जालौन: रेप केस में नया मोड़, छात्रा ने वीडियो वायरल कर एफआईआर को बताया फर्जी
उरई कोतवाली क्षेत्र में बी.ए. की छात्रा से दुष्कर्म के मामले में हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है. पिता ने युवक के खिलाफ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म की एफआईआर कराई थी, लेकिन अब छात्रा ने वीडियो जारी कर इसे परिजनों का दबाव और फर्जी बताया है. छात्रा के दो अलग-अलग उम्र वाले आधार कार्ड मिलने से मामला और पेचीदा हो गया है. पुलिस बालिग-नाबालिग के दावों की जांच कर रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण में छात्रों को तनाव मुक्त रहने का मंत्र दिया. प्रयागराज के सीएवी (CAV) इंटर कॉलेज सहित सभी स्कूलों में इसका सजीव प्रसारण हुआ. डीआईओएस पीएन सिंह और शिक्षकों की मौजूदगी में छात्रों ने जाना कि कैसे बिना दबाव के बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर अंक हासिल किए जा सकते हैं.
गोंडा के मेडिकल कॉलेज के पास खड़ी एक टाटा मैजिक गाड़ी में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई. गाड़ी पर बाराबंकी की नंबर प्लेट लगी है, जिस पर मिट्टी का लेप लगाकर नंबर छिपाने की कोशिश की गई है. आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां ठिकाने लगाया गया. पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.
बुलंदशहर: जातिगत टिप्पणी पर बवाल के बाद समझौता
नरसेना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर में एक दलित युवक द्वारा ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ था. शिकायत के बाद गांव में पंचायत हुई और पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है.
कानपुर में बैंक ऑफ इंडिया की महाराजपुर शाखा में हुए एक करोड़ 42 लाख रुपये के गबन मामले में EOW की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने एक दंपती समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. साल 2020 में शाखा प्रबंधक ने 11 लोगों के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया था. जांच में सामने आया कि 25 FD और 15 बैंक खातों में कर्मियों की मिलीभगत से हेराफेरी की गई थी. अब पुलिस बैंक के 7 दोषी कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए अभियोजन की अनुमति का इंतजार कर रही है.
रायबरेली शहर की दीवारों पर आज सुबह से ही विवादित पोस्टर और बैनर चर्चा का विषय बने हुए हैं. इन पोस्टरों में राहुल गांधी को ‘नकली गांधी’ और ‘गद्दार’ बताते हुए निशाना साधा गया है. दिलचस्प बात यह है कि यूपी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने एक दिन पहले ही इन पोस्टरों को अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था. इसके बाद पूरे शहर में ये भड़काऊ पोस्टर लग गए हैं, जिससे सियासी पारा चढ़ गया है.
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में गाड़ी टकराने के बाद ट्रक ड्राइवर अनूप यादव की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 100 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने के बाद पुलिस ने 4 आरोपियों (योगेश, संदीप, पवन और लोकेंद्र) को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में इस्तेमाल हुई बलेनो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है. पुलिस अब फरार पांचवें साथी की तलाश में दबिश दे रही है.
बलिया के सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में BLO और भाजपा के BLA पर मतदाता सूची में धांधली करने का गंभीर आरोप लगा है. ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है कि अल्पसंख्यक बहुल इलाकों के लोगों को फर्जी तरीके से ‘मृतक’ या ‘अनुपस्थित’ दिखाकर फॉर्म-7 भर दिया गया. चौंकाने वाली बात यह है कि सपा विधायक जियाउद्दीन रिजवी की पत्नी का नाम हटाने के लिए भी फर्जी फॉर्म भरा गया था. मौके से 120 फर्जी फॉर्म बरामद हुए हैं.
हाथरस के मुरसान क्षेत्र के खोरना गांव में बारात चढ़त के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दो बच्चों को गोली के छर्रे लग गए. दोनों की हालत गंभीर देख आगरा रेफर किया गया है.
रामपुर: स्वार कोतवाली क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान अवैध तमंचे से फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है. पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है.
बरेली के सीबी गंज में हिस्ट्रीशीटर गब्बर सिंह ने दबंगई की सारी हदें पार कर दीं. श्रीराम कथा के दौरान मंदिर में ‘प्रसाद’ मिलने में थोड़ी देरी होने पर उसने ग्रामीणों के घरों में घुसकर हमला कर दिया. पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
रायबरेली: सड़क हादसे में बोलेरो के उड़े परखच्चे
बछरावां थाना क्षेत्र के देवपुरी बाईपास पर एक अनियंत्रित बोलेरो तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गाड़ी के अंदर ही फंस गया. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने संपत्तियों की रजिस्ट्री के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अब प्रदेश में रजिस्ट्री के दौरान PAN कार्ड (पैन कार्ड) अनिवार्य कर दिया गया है. विशेषकर नेपाल सीमा पर बढ़ती रजिस्ट्रियों और वित्तीय अनियमितताओं को देखते हुए शासन ने यह कदम उठाया है. महानिरीक्षक निबंधन ने निर्देश जारी किए हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा और वित्तीय अपराधों को रोकने के लिए आधार के बाद अब पैन कार्ड भी जरूरी होगा. और पढ़ें
प्रयागराज: ‘परीक्षा पर चर्चा’ का उत्साह, CAV इंटर कॉलेज में लाइव प्रसारण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छात्रों के साथ ‘परीक्षा पर चर्चा’ कर रहे हैं. संगम नगरी प्रयागराज में भी इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. सीएवी (CAV) इंटर कॉलेज समेत जनपद के कई स्कूलों में सुबह 10:30 बजे से इसका ऑनलाइन प्रसारण शुरू होगा. जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) पी.एन. सिंह खुद बच्चों के साथ मौजूद रहकर पीएम के सुझाव सुनेंगे.
कानपुर: ‘खूनी मांझे’ पर पुलिस का कड़ा प्रहार, 150 दुकानों पर छापा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद कानपुर पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है. कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल अलर्ट टीम ने शहर के 8 प्रमुख बाजारों की 150 से ज्यादा दुकानों पर छापेमारी की. भंडारण की सूचना पर हुई इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
सीतापुर के महोली में फिल्मी ड्रामा देखने को मिला. यहां एक शख्स चोरी-छिपे तीसरी शादी करने जा रहा था, तभी उसकी पहली पत्नी दो थानों की पुलिस लेकर गेस्ट हाउस पहुंच गई. पत्नी ने न सिर्फ शादी रुकवाई बल्कि मंडप में ही पति की जमकर पिटाई कर दी. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है.
सोनभद्र: अंबेडकर प्रतिमा तोड़ने पर बवाल, एक संदिग्ध गिरफ्तार
सोनभद्र में अराजकतत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का हाथ तोड़कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
हरदोई में तैनात युवा कल्याण अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी और उनके परिवार पर लखनऊ के जानकीपुरम थाने में गंभीर धाराओं में FIR दर्ज हुई है. उनकी पत्नी निकिता तिवारी ने आरोप लगाया है कि शादी में लाखों खर्च और थार गाड़ी देने के बावजूद 25 लाख और फॉर्च्यूनर की मांग की गई. विरोध करने पर मारपीट और गला दबाकर हत्या की कोशिश का भी आरोप है.
ललितपुर के गैंगस्टर शिवम तिवारी ने पत्नी से अनबन के चलते कीटनाशक खा लिया. झांसी में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शिवम हाल ही में जेल से छूटकर आया था.
लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई विवादित वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. सोशल मीडिया पर वायरल ट्रेलर में जातिगत अपमान और सामाजिक शांति भंग करने के प्रयास को देखते हुए एसएचओ विक्रम सिंह ने एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने डायरेक्टर और उनकी पूरी टीम को नामजद किया है. संवेदनशील हालातों के मद्देनजर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. और पढ़ें
शामली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. झिंझाना–कसेरवा मार्ग पर हुई भीषण मुठभेड़ में दिल्ली के ओखला निवासी 1 लाख के इनामी बदमाश रिहान को मार गिराया गया है. रिहान पर दिल्ली-यूपी समेत विभिन्न राज्यों में 90 से अधिक केस दर्ज थे. इस दौरान पुलिस का एक सिपाही सुमित बैसला भी गोली लगने से घायल हुआ है. पुलिस ने मौके से 9mm पिस्टल और बाइक बरामद की है, हालांकि रिहान का एक साथी भागने में सफल रहा. और पढ़ें
लखनऊ: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ लखनऊ में मुकदमा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एक बार फिर कानूनी विवादों में हैं. सरोजिनी नगर सीट से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह पर अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी करने के आरोप में उन पर केस दर्ज हुआ है. भाजपा नेता शिव शंकर सिंह की शिकायत पर सरोजिनी नगर थाने में यह कार्रवाई हुई. आरोप है कि राय ने विधायक की छवि धूमिल करने के लिए असत्य बयान दिए, जिसे सोशल मीडिया पर भी प्रचारित किया गया.
बलिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘नाइट पेट्रोलिंग’ के आदेशों की धज्जियां उड़ती दिख रही हैं. सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बस स्टेशन चौराहे पर पुलिस पिकेट खाली थी, जिसका फायदा उठाकर 10-12 बदमाशों ने क्रिकेट खेलकर लौट रहे खिलाड़ियों पर हमला कर दिया. बदमाशों ने खिलाड़ियों के साथ मारपीट की, उनकी बाइकें तोड़ दीं और लूटपाट की. घायल खिलाड़ियों का इलाज सीएचसी सिकंदरपुर में चल रहा है. स्थानीय पुलिस इसे महज मारपीट का मामला बता रही है.
जौनपुर: देवर ने चाकू से गोदकर भाभी की हत्या की
जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है. यहां मामूली कहासुनी के बाद एक देवर ने अपनी ही भाभी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. चर्चा है कि विवाद की वजह देवर की प्रेमिका से जुड़ा कोई मामला था. वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.