कुलदीप यादव की फिरकी में कैसे फंसेंगे USA के बल्लेबाज, कोच ने फोन पर स्पिनर को क्या दिया गुरुमंत्र? यहां जानें
कानपुर: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत USA के खिलाफ पहले मुकाबले से करने जा रही है. इस मैच को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह है. खासतौर पर कानपुर में लोगों की नजर टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव पर टिकी हुई है. मैच से पहले कुलदीप के कोच कपिल पांडे ने उनसे हुई बातचीत के कुछ अहम पहलुओं को साझा किया और भरोसा जताया कि कुलदीप को मौका मिला, तो वह अपनी गेंदबाजी से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा सकते हैं.
कोच कपिल पांडे ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कुलदीप से फोन पर बात की है. उन्होंने कुलदीप को साफ कहा कि वह बिना किसी दबाव के अपनी स्वाभाविक गेंदबाजी करें और गेंद को ज्यादा से ज्यादा टर्न कराने पर ध्यान दें. यह उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी से वह बड़े बल्लेबाजों को भी परेशान कर सकते हैं.
बिना दबाव खेलने की दी सलाह
कपिल पांडे के अनुसार, कुलदीप ने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया कि वह पूरी तरह तैयार हैं और उन्हें किसी तरह की चिंता नहीं है. उन्होंने अपने कोच से कहा कि अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए विकेट जरूर निकालेंगे. उनका लक्ष्य टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाना है.
कोच ने बताया कि कुलदीप हमेशा से बड़े मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं. ऐसे में वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर उनसे अच्छी गेंदबाजी की उम्मीद की जा रही है. उन्होंने कहा कि कुलदीप की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वह बल्लेबाज को अपनी गेंदों से उलझाकर विकेट लेने की क्षमता रखते हैं.
वानखेड़े की पिच और ड्यू को लेकर खास टिप्स
कपिल पांडे ने कुलदीप को मैच की परिस्थितियों को लेकर भी खास सलाह दी है. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम दूसरी पारी में गेंदबाजी करती है, तो गेंद को सूखा रखना बहुत जरूरी होगा. वानखेड़े स्टेडियम में शाम के समय ओस पड़ने लगती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को परेशानी होती है.
उन्होंने बताया कि वह करीब 15 साल मुंबई में रह चुके हैं और वहां की पिच, मौसम और माहौल को अच्छी तरह समझते हैं. ओस के कारण गेंद फिसलने लगती है और टर्न कम हो जाता है, इसलिए गेंद को बार-बार कपड़े से पोंछकर कंट्रोल में रखना जरूरी होगा. यह छोटी-छोटी बातें बड़े मैचों में काफी फर्क डालती हैं.
भारतीय बल्लेबाजी पर भी जताया भरोसा
टीम इंडिया की ताकत पर बात करते हुए कपिल पांडे ने कहा कि भले टीम में कुछ युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन उनमें जबरदस्त क्षमता है. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को कमजोर कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि इस समय भारतीय टीम काफी संतुलित नजर आ रही है. ये सभी खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं और बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. ऐसे में टीम इंडिया का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत दिखाई देता है.
USA को हल्के में न लेने की सलाह
USA के खिलाफ पहले मुकाबले को लेकर कपिल पांडे ने कहा कि टी-20 क्रिकेट में किसी भी टीम को छोटा या बड़ा नहीं माना जा सकता. हर टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने आती है और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करती है. इसलिए भारतीय टीम को पूरे फोकस और गंभीरता के साथ मैदान में उतरना होगा. उन्होंने कहा कि अगर टीम इंडिया अपनी क्षमता के अनुसार खेलती है, तो जीत जरूर मिलेगी. उन्हें पूरा भरोसा है कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप की शुरुआत जीत के साथ करेगी और खिलाड़ी अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाएंगे.