Sonbhadra Samachar: बाराबंकी के बाद अब सोनभद्र में टोल कर्मियों की गुंडागर्दी, महिला वकील से मारपीट, दो गिरफ्तार
Last Updated:
Sonbhadra Samachar: यूपी के सोनभद्र में लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला वकील और उनके रिश्तेदारों के साथ मारपीट का मामला गरमाने लगा है. महिला वकील के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा काटा. इस मामले में पुलिस ने दो टोल कर्मियों को गिरफ्तार किया है.
Sonbhadra News: सोनभद्र में टोलकर्मियों ने महिला वकील से की मारपीट सोनभद्र. बाराबंकी के बाद सोनभद्र एम् भी टोलकर्मियों की गुंडागर्दी सामने आई है. रॉबर्ट्सगंज के लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला वकील से हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ने लगा है. राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस टोल प्लाजा पर रविवार शाम को टोल कर्मियों और एक महिला सहित उनके साथियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया.
जानकारी के अनुसार, राबर्ट्सगंज निवासी महिला अधिवक्ता आरती पांडे अपने रिश्तेदारों नवीन कुमार सिंह, गरिमा सिंह और अवनीश दुबे के साथ कार से ओबरा की ओर जा रही थीं. शाम करीब 4 बजे लोढ़ी टोल प्लाजा पर लंबा जाम लगा हुआ था. नवीन सिंह गाड़ी से उतरकर टोल बूथ पर जाकर जाम का कारण पूछने लगे. इसी दौरान टोल कर्मियों ने उनसे बदतमीजी की और गालियां देनी शुरू कर दीं. विवाद बढ़ने पर अन्य साथी भी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, जिसके बाद टोल कर्मियों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी.
टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा
इस हमले में नवीन सिंह को सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि गरिमा सिंह और अन्य भी घायल हो गए. पीड़ित पक्ष के अनुसार, टोल कर्मियों ने महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का-मुक्की कर गिरा दिया, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची. घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. मारपीट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता और सवर्ण आर्मी के सदस्य टोल प्लाजा पर पहुंचे. गुस्साए लोगों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की. इस दौरान टोल बूथ और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचा. हंगामे के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची.
दो टोलकर्मी गिरफ्तार
पीड़िता पक्ष की ओर से महिला अधिवक्ता आरती पांडे ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर दी, जिसमें टोल कर्मियों पर मारपीट, अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो टोल कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घायलों को सोनभद्र के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें मारपीट के वीडियो भी सर्कुलेट हो रहे हैं. स्थानीय लोगों और अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश है और टोल कर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
About the Author
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें