गोरा चेहरा और लंबी कद-काठी, विजय अरोड़ा ने हर बड़ी हीरोइन संग किया काम, राजेश खन्ना भी हो गए थे इनसिक्योर
Last Updated:
70 के दशक में जब राजेश खन्ना का जादू पूरी दुनिया पर छाया था, तब फिल्म ‘यादों की बारात’ से एक ऐसा सितारा उभरा जिसने सुपरस्टार की रातों की नींद उड़ा दी थी. गोरा चेहरा, चॉकलेटी लुक और लंबी कद-काठी वाले विजय अरोड़ा ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी थी. उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि खुद राजेश खन्ना को भी अपनी कुर्सी जाने का डर सताने लगा था और उन्होंने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि विजय अरोड़ा ही उनकी जगह ले सकते हैं. विजय ने अपने करियर में उस दौर की हर बड़ी और खूबसूरत हीरोइन के साथ काम किया, लेकिन बाद में वह फिल्मी राजनीति का शिकार हो गए.
विडय अरोड़ा ने रामायण सीरियल में निभाया था मेघनाद का रोल.विजय अरोड़ा ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने 70 के दशक में हर बड़ी और खूबसूरत हीरोइन के साथ काम किया था. साल 1971 में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाने के लिए मुंबई आए थे. गोरा चेहरा और लंबी कद-काठी की वजह से उन्हें फिल्में आसानी से मिलने लगीं. पहली बार उन्होंने साल 1972 में आई फिल्म ‘जरूरत’ में रीना रॉय और ‘राखी और हथकड़ी’ में आशा पारेख के साथ काम किया था.
यादों की बारात फिल्म से चमकी किस्मत
पहली फिल्म पर्दे पर औसत रही, लेकिन फिर आई ‘यादों की बारात’. फिल्म ने सफलता के सारे मापदंड पार किए और फिल्म का गाना ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’ सुपरहिट साबित हुआ. ये गाना आज भी लोगों की जुबान पर है. अपने चॉकलेटी लुक की वजह से विजय रातों-रात फेमस हो गए और बैक-टू-बैक फिल्में साइन करने लगे. उनकी सफलता का आलम ये रहा कि उनकी तुलना राजेश खन्ना से होने लगी, क्योंकि दोनों की कद-काठी दिखने में एक जैसी थी.
राजेश खन्ना को सताने लगा था डर
हर कोई उन्हें दूसरा राजेश खन्ना कहने लगा. खुद राजेश खन्ना ने भी स्वीकार किया था कि अगर कोई उनकी जगह ले सकता है तो वह विजय अरोड़ा हैं. विजय और राजेश खन्ना ने भी साथ में तीन फिल्मों में काम किया था. दोनों स्टार्स को ‘निशान’, ‘रोटी’ और ‘सौतन’ जैसी हिट फिल्मों में साथ देखा गया.
विजय अरोड़ा ने 100 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
अपने करियर में विजय अरोड़ा ने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और साथ ही टीवी के कई सीरियल्स में दिखे थे. उन्होंने रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में मेघनाथ का रोल निभाया था, जो घर-घर में प्रभु श्रीराम और माता सीता के किरदार जितना ही पसंद किया गया था. अभिनेता ने हिंदी सिनेमा में जितना काम किया, उतना नाम नहीं कमा पाए. अपने करियर के पीक पर वे हिंदी सिनेमा में होने वाली राजनीति का शिकार हुए और उन्होंने खुद इस बात को स्वीकारा था.
About the Author
साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें