रोंगटे खड़े कर देगी अमेरिका की ये मर्डर मिस्ट्री! धोखेबाज आशिक ने बालकनी से चढ़कर किया प्रेमिका का शिकार | america crime news katlyn lyon murder case story trenton frye ninja killer virginia crime 48 hours paramount plus series
वर्जीनिया, अमेरिका: कुछ अपराधी खुद को कानून से ऊपर समझते हैं और अपनी चालाकी पर इस कदर गुमान करते हैं कि वे खुद को किसी रहस्यमयी किरदार जैसा पेश करने लगते हैं. अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में हुई कैटलिन लियोन मोंटगोमरी की हत्या की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जहां एक ठग प्रेमी ने ‘निंजा’ बनकर अपनी प्रेमिका की जान ले ली. इस सनसनीखेज मामले की परतें सीबीएस की लोकप्रिय शो ’48 Hours’ में खोली गई हैं, जिसमें यह बताया गया है कि कैसे एक साधारण सा ओवरडोज लगने वाला मामला एक सोची-समझी हत्या की साजिश निकला. जानिए कैटलिन की मां ने कैसे अपने बेटी के हत्यारे को सजा दिलाया.
कैटलीन की मां कहती है कि वह 7 अक्टूबर, 2022 की अलसुबह जब इमरजेंसी रिस्पोंडर्स बेडफोर्ड काउंटी स्थित कैटलिन के अपार्टमेंट में पहुंचे, तो मंजर काफी उलझा हुआ था. कैटलिन बेहोश पड़ी थीं. उनके रूममेट जैकब पियर्सी ने 911 पर कॉल किया था, क्योंकि कैटलिन की छोटी बेटी मिलानी ने रोते हुए बताया था कि उसकी मां के साथ कुछ गलत हुआ है. शुरुआत में मेडिकल टीम को लगा कि यह ड्रग ओवरडोज का मामला है, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही सच्चाई बदल गई.
वह खौफनाक सुबह: ओवरडोज या साजिश?
इस केस की जांच अधिकारी रॉबी बर्नेट ने गौर किया कि कैटलिन के सिर और गले पर चोट के निशान उभर रहे थे. जब जांच टीम ने अपार्टमेंट की तलाशी ली तो कैटलिन के बिस्तर में लिपटा हुआ एक मल्टीपल चार्जिंग कॉर्ड एडॉप्टर मिला. गले के निशान और इस केबल के मिलने के बाद यह साफ हो गया कि कैटलिन का गला घोंटा गया था. पुलिस ने सबसे पहले रूममेट जैकब को संदिग्ध माना, क्योंकि घर में किसी के जबरन घुसने के निशान नहीं थे. हालांकि, जैकब ने पूरा सहयोग किया और 911 कॉल के दौरान उसके द्वारा की गई CPR की कोशिशों ने उसे निर्दोष साबित कर दिया.
ठगी, प्यार और फिर नफरत का बदला
जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पुलिस का ध्यान कैटलिन के पूर्व प्रेमी ट्रेंटन फ्राई की ओर गया. कैटलिन के भाई जेक लियोन और सहेली हन्ना मैकडॉवेल ने बताया कि शुरुआत में ट्रेंटन एक बहुत ही सफल बिजनेसमैन और इम्प्रेसिव इंसान लगता था. वह कैटलिन और उसकी बेटी मिलानी के साथ घर बसाने के सपने दिखाता था. लेकिन सितंबर 2022 में उसकी हकीकत सामने आ गई.
कैटलिन की चाची शेरी कॉक्स ने बताया, ‘कैटलिन ने रोते हुए फोन किया था कि ट्रेंटन एक नंबर का झूठा है. उसके पास न नौकरी है, न घर और न ही अपनी कार. वह अपनी मां की गाड़ी चलाता है और खुद कार में सोता है.’ कैटलिन ने जब उसकी सच्चाई जान ली, तो उसने उसे ब्लॉक कर दिया और रिश्ता पूरी तरह खत्म कर लिया. यही वह ‘ईगो’ था जो ट्रेंटन बर्दाश्त नहीं कर पाया.
बालकनी से ‘निंजा’ बनकर आया कातिल
अभियोजन पक्ष के पास ट्रेंटन के खिलाफ मोबाइल डेटा तो था जो उसे घटना की रात अपार्टमेंट के पास दिखा रहा था, लेकिन चुनौती यह थी कि वह अंदर कैसे घुसा? अपार्टमेंट दूसरी मंजिल पर था और घर में तीन कुत्ते थे, जो किसी भी अजनबी को देखकर भौंक सकते थे. सरकारी वकील वेस नेंस ने एक थ्योरी पेश की. उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट के पीछे झाड़ियों में एक बेंच मिली थी. ट्रेंटन ने उस बेंच को एक 4 फीट की दीवार पर रखा और उसकी मदद से दूसरी मंजिल की बालकनी तक पहुंच गया.
कातिल को सजा
ट्रेंटन के वकील जोसेफ सैनज़ोन ने इस थ्योरी को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा करना नामुमकिन है और कुत्तों को बिना जगाए अंदर घुसना सिर्फ टॉम क्रूज जैसा कोई शख्स ही कर सकता है. लेकिन जब ट्रेंटन फ्राई गवाही देने के लिए कटघरे में खड़ा हुआ, तो उसने खुद ही अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली. उसने जिरह के दौरान खुद के लिए एक शब्द इस्तेमाल किया. ‘निंजा’. उसने अपनी फुर्ती और चुपके से काम करने की काबिलियत पर गर्व करते हुए खुद को ‘निंजा’ बताया, जिसने अभियोजन पक्ष के दावों को मजबूती दे दी.
कैटलिन लियोन एक ऐसी मां थी जो अपनी बेटी के लिए एक सुरक्षित भविष्य चाहती थी, लेकिन एक शातिर ठग के प्यार ने उसकी जिंदगी छीन ली. ट्रेंटन को अंत में कैटलिन की हत्या का दोषी पाया गया. यह मामला याद दिलाता है कि कभी-कभी सबसे करीब दिखने वाला चेहरा ही सबसे बड़ा नकाब हो सकता है.