बेसन की सब्जी पोंगी रेसिपी देवघर की खास स्वादिष्ट विधि.
Last Updated:
Devghar Ponghi Sabji Recipe : झारखंड के देवघर की खास पोंगी रेसिपी बेसन से बनती है. यह शादी और धार्मिक आयोजनों में सबसे ज्यादा लोकप्रिय है. देवघर की मनोरमा देवी से जानें इसकी आसान रेसिपी

बेसन से बनी चीजें लगभग हर घर में पसंद की जाती हैं. कभी बेसन-आलू के पकोड़े तो कभी प्याज के कुरकुरे पकोड़े चाय के साथ खाए जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों ने बेसन की सब्जी खाएं होंगे. अगर आपने आज तक बेसन की सब्जी नहीं बनाई या खाई है तो आज हम आपको इसकी बेहद खास और स्वादिष्ट रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे खाकर बार-बार बनाने का मन करेगा.

यह खास सब्ज़ी देवघर और आसपास के इलाकों में ‘पोंगी’ के नाम से जानी जाती है. पोंगी खासतौर पर शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों में बनाई जाती है. निरामिष भोजन करने वालों के लिए पोंगी एक प्रमुख व्यंजन मानी जाती है. जब घर में कोई सब्ज़ी न हो, तब बेसन की यह सब्जी झटपट बनाकर पूरे परिवार को स्वादिष्ट भोजन कराया जा सकता है.

देवघर की 55 वर्षीय गृहणी मनोरमा देवी बताती हैं कि पोंगी बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती है. इसके लिए बेसन, पानी, तेल, प्याज, टमाटर, नमक, जीरा और हींग ली जाती है. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और किचन किंग पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है. ये सभी चीजें आमतौर पर हर रसोई में आसानी से मिल जाती हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सबसे पहले एक बर्तन में बेसन लें और उसमें थोड़ा सा नमक मिला दें. अब पानी के हल्के छींटे देते हुए बेसन को हाथों से मसलें और गोल-गोल छोटी गठरी जैसा बना लें. ध्यान रखें कि बेसन गीला न हो, बस इतना नम हो कि गोलियां बन सकें. जब सारी गोलियां तैयार हो जाएं तो इन्हें उबलते पानी में कुछ देर के लिए उबाल लें.

उबालने के बाद इन बेसन की गोलियों को पानी से निकालकर किसी बर्तन या अखबार पर फैला दें, ताकि इनका सारा पानी सूख जाए.जब गोलियां अच्छे से सूख जाएं, तब उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.अब एक पैन में एक चम्मच तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को हल्का भूरा होने तक भून लें, जिससे इनमें अच्छा स्वाद आ जाए.

अब प्याज और टमाटर को मोटा-मोटा काट लें.एक कड़ाही में तीन बड़े चम्मच तेल गर्म करें और उसमें प्याज-टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं. जब ये अच्छे से गल जाए तो गैस बंद कर इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सर में पीस लें या अच्छे से मैश कर लें.

अब उसी कड़ाही में एक छोटा चम्मच तेल डालें और उसमें हींग व जीरा डालकर चटकाएं. इसके बाद तैयार किया हुआ प्याज-टमाटर का पेस्ट डालें और 3 से 4 मिनट तक भूनें. अब इसमें सभी सूखे मसाले डालें और तेल छोड़ने तक भूनते रहें. फिर एक कप गर्म पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें.

अब ग्रेवी में भुनी हुई बेसन की गोलियां डालें और एक उबाल आने दें. स्वाद के अनुसार नमक मिलाएं और हल्के हाथ से चलाएं. जब सब्जी अच्छे से पक जाए तो गैस बंद कर दें. तैयार है स्वादिष्ट देवघर की खास पोंगी. इसे गरमागरम फुल्के या रोटी के साथ परोसें और पूरे परिवार के साथ इसके देसी स्वाद का आनंद लें.