Chhagan Bhujbal Claim | Sunetra Ajit Pawar | Deputy CM Oath Ceremony – छगन भुजबल का दावा: कल फैसला हुआ तो कल ही सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण
मुंबई. महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना में आकस्मिक निधन के बाद न सिर्फ राज्य बल्कि सरकार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के भीतर भी मंथन तेज हो गया है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्रालय जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?
सीएम फडणवीस से मुलाकात के बाद बढ़ी हलचल
एनसीपी (अजित पवार) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और वरिष्ठ मंत्री छगन भुजबल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इस मुलाकात को केवल शोक संवेदना तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे सरकार में नेतृत्व परिवर्तन से जोड़कर देखा जा रहा है. मुलाकात के बाद छगन भुजबल ने मीडिया से बातचीत में ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी.
छगन भुजबल ने कहा कि एनसीपी विधायकों की कल मुंबई में बैठक बुलाई गई है. अगर कल की बैठक में फैसला हो जाता है, तो शपथ ग्रहण समारोह भी कल ही हो सकता है. उन्होंने साफ संकेत दिया कि पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सरकार और संगठन में जो खालीपन आया है, उसे जल्द से जल्द भरा जाए.
सुनेत्रा पवार के नाम पर क्यों बन रही सहमति?
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अजीत पवार के निधन के बाद संगठन को एक ऐसे चेहरे की जरूरत है जो भावनात्मक, राजनीतिक और पारिवारिक रूप से कार्यकर्ताओं को जोड़ सके. सुनेत्रा पवार को लेकर यह धारणा बन रही है कि वे न सिर्फ पवार परिवार की विरासत को आगे बढ़ा सकती हैं, बल्कि पार्टी में स्थिरता भी ला सकती हैं.
छगन भुजबल ने कहा कि दादा चले गए हैं और उनके जाने से एक बड़ा खालीपन आया है. काम तो चलता रहना चाहिए. सरकार और पार्टी की जिम्मेदारी किसी को संभालनी ही होगी. कार्यकर्ताओं की भावना है कि सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया जाए.
कल होगी अहम बैठक
एनसीपी (अजित पवार) के सभी विधायकों को बुधवार को मुंबई बुलाया गया है. इस बैठक में न सिर्फ उपमुख्यमंत्री पद बल्कि पार्टी के भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है. बैठक के बाद नाम पर अंतिम मुहर लगाई जा सकती है. अगर बैठक में सहमति बनती है और मुख्यमंत्री तथा गठबंधन सहयोगियों से मंजूरी मिलती है, तो सुनेत्रा पवार का शपथ ग्रहण समारोह कल ही आयोजित किया जा सकता है.
राज्य की राजनीति पर पड़ेगा बड़ा असर
अगर सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनती हैं, तो यह महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण होगा। पहली बार कोई महिला इस पद तक पहुंचेगी, साथ ही पवार परिवार की राजनीतिक विरासत एक नए अध्याय में प्रवेश करेगी. अब सभी की निगाहें कल होने वाली एनसीपी विधायकों की बैठक और उसके बाद होने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं.