Pakistani Heroin Seizure | Punjab Police Action | Punjab Drug Crackdown – सीमा पार से चल रहा था नशे का खेल, पुलिस ने पकड़ी 51.5 किलो हेरोइन की खेप, पाकिस्तान लिंक बेनकाब
Last Updated:
Amritsar Heroin Seizure: अमृतसर में सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी नेटवर्क पर पंजाब पुलिस ने करारा प्रहार किया है. ग्रामीण पुलिस ने 103 पीले पैकेटों में छिपाकर लाई जा रही 51.5 किलो हेरोइन बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में पाकिस्तान कनेक्शन और ‘सीक्रेट मैसेजिंग’ का खुलासा हुआ है.
अमृतसर जिले में ग्रामीण पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय क्रॉस बॉर्डर नशा तस्कर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 51.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की हैअमृतसर. सीमा पार से भेजे जा रहे ‘सीक्रेट मैसेज’ और पीली पन्नी में छिपी नशे की खेप को भारत भेजने की एक और बड़ी साजिश को अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नाकाम कर दिया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय क्रॉस बॉर्डर ड्रग तस्कर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 51.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसे 103 पैकेटों में पैक कर सीमा पार से भारत में खपाने की तैयारी थी.
इस ऑपरेशन में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह खेप पंजाब के जरिए देश के अन्य हिस्सों में सप्लाई की जानी थी.
पाकिस्तान हैंडलर से सीधे संपर्क में थे आरोपी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे. सीमा पार बैठे तस्कर इन्हें निर्देश दे रहे थे कि कब, कहां और कैसे खेप उठानी है. पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में और भी स्थानीय लिंक सक्रिय हैं, जिनकी पहचान की जा रही है.
मोबाइल जांच में मिले अहम डिजिटल सबूत
पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच की तो कई अहम डिजिटल सबूत हाथ लगे. इनमें कॉल रिकॉर्ड, चैट्स, वॉइस मैसेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डेटा शामिल हैं. सूत्रों के अनुसार, इन चैट्स में ‘कोडवर्ड्स’ और लोकेशन शेयरिंग के जरिए सीमा पार से आने वाले निर्देशों का जिक्र मिला है. पुलिस अब इन डिजिटल सुरागों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
पीली पन्नी में पैक थी हेरोइन
बरामद हेरोइन पीली रंग की पन्नियों में पैक की गई थी, ताकि पहचान से बचा जा सके. पुलिस का मानना है कि यह तरीका हाल के दिनों में सीमा पार से भेजी जा रही खेपों में तेजी से इस्तेमाल किया जा रहा है.
DGP ने की अमृतसर ग्रामीण पुलिस की तारीफ
इस बड़ी सफलता पर पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अमृतसर ग्रामीण पुलिस की सराहना की है. उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और आने वाले दिनों में ऐसे नेटवर्क पर और भी करारे प्रहार किए जाएंगे.
आगे और गिरफ्तारियों की उम्मीद
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ एक खेप की बरामदगी नहीं, बल्कि पाकिस्तान प्रायोजित नशा नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ा झटका है.