UP News Live: कुशीनगर में आधे घंटे लिफ्ट में फंसा रहा परिवार, महोबा जेल में गूंजी किलकारी, पढ़ें 30 जनवरी की बड़ी खबरें

Share to your loved once


कुशीनगर: पीडी सिटी मॉल की लिफ्ट में फंसा परिवार, SP के निर्देश पर रेस्क्यू
पडरौना नगर के पीडी सिटी मॉल में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक परिवार आधे घंटे से ज्यादा समय तक लिफ्ट में फंसा रहा. लिफ्ट में लिखे इमरजेंसी नंबरों से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद फंसे हुए लोगों ने सीधे एसपी कुशीनगर से गुहार लगाई. एसपी के निर्देश पर पहुंची फायर ब्रिगेड और 112 की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सबको सुरक्षित बाहर निकाला. फायर टीम ने जांच में पाया कि लिफ्ट का मेंटेनेंस नहीं हुआ था. मॉल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगे हैं.

महोबा: जेल में गूंजी किलकारी, नन्ही परी का ढोल-नगाड़ों से स्वागत
महोबा जिला उपकारागार में आज मानवता की मिसाल देखने को मिली. यहां निरुद्ध एक महिला बंदी ने जिला महिला अस्पताल में बेटी को जन्म दिया. जब महिला बंदी अपनी नवजात बेटी के साथ वापस जेल पहुंची, तो जेलर और महिला कांस्टेबलों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नन्ही परी का जोरदार स्वागत किया. महिला बंदी 5 महीने पहले हत्या के एक मामले में अपने पति के साथ जेल आई थी. जेल स्टाफ के इस व्यवहार की हर तरफ चर्चा हो रही है.

प्रयागराज: यूपी बार काउंसिल चुनाव का घमासान, 18 जिलों में वोटिंग शुरू
अधिवक्ताओं की सर्वोच्च संस्था ‘यूपी बार काउंसिल’ के 25 सदस्य पदों के लिए आज से चौथे चरण का मतदान शुरू हो गया है. अकेले प्रयागराज में 33 हजार वकील हैं, जिसके चलते यहाँ 4 दिन (30 जनवरी से 2 फरवरी) तक वोट डाले जाएंगे. प्रदेश भर के 2.49 लाख से अधिक अधिवक्ता 333 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. आज सुबह 9 बजे से ही मतदान केंद्रों पर वकीलों की भारी भीड़ उमड़ रही है.

फतेहपुर: भेड़ चोरों के साथ पुलिस की मुठभेड़, 60 भेड़ें और गाड़ियां बरामद
खखरेरू थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें भेड़ चोरी का मुख्य आरोपी शोएब कुरैशी घायल हो गया. पुलिस ने शोएब के साथ उसके 6 साथियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 60 भेड़ें, 7 बकरे, एक पिकअप, एक कार और एक लोडर बरामद हुआ है. आरोपियों ने 3 दिन पहले ही भेड़ चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था.

आगरा: ऑस्ट्रेलिया गए दंपत्ति के घर चोरी करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार
आगरा की सदर बाजार पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का पर्दाफाश किया है. चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया था, जिसके मालिक 19 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया गए थे. पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद कर ली है.

प्रयागराज: खौफनाक वारदात! बोरे में बंद मिला लापता महिला का शव, ईंटों से डुबाने की थी कोशिश
प्रयागराज के फूलपुर (बलिकरनपुर) में एक महिला की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है. 22 जनवरी से लापता 35 वर्षीय सीमा सरोज का शव एक सुनसान कुएं से बरामद हुआ है. हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए शव को सफेद बोरे में भरा, उसमें भारी ईंटें डालीं और ऊपर से लकड़ियां रख दीं ताकि शव पानी के ऊपर न आए. गुरुवार शाम जब कुएं से तेज दुर्गंध उठी, तब ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने 2.5 घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला. मृतका का पति राजमिस्त्री है और पिछले 3 वर्षों से प्रयागराज में किसी अन्य महिला के साथ रह रहा था. परिजनों ने पहले ही ससुराल पक्ष पर गायब करने का आरोप लगाया था. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच कर रही है.

कानपुर देहात: मोरैनो नमकीन फैक्ट्री पर IT का छापा, 20 घंटे से जांच जारी
कानपुर देहात के रानियां औद्योगिक क्षेत्र में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. ‘मोरैनो नमकीन’ के मालिकों नितिन सोनी और दिनेश लाल के ठिकानों पर छापेमारी की गई है. IT टीम ने फैक्ट्री से अहम दस्तावेज, बही-खाते, लैपटॉप और मोबाइल जब्त किए हैं. नितिन सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका के चलते विभाग की टीमें अभी भी फैक्ट्री के भीतर मौजूद हैं.

आगरा: 12 साल बाद मिला इंसाफ, सूरज हत्याकांड के 4 दोषियों को उम्रकैद
आगरा की विशेष अदालत (SC/ST एक्ट) ने 2014 के चर्चित सूरज हत्याकांड में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. न्यायाधीश शिव कुमार ने यूसुफ उर्फ बैंगन, वसीम, रवि और चांद को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 97 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है. 31 अगस्त 2014 को आईएसबीटी पर पांच लोगों ने मिलकर सूरज की बेरहमी से हत्या कर दी थी. एक आरोपी कालू की मौत मुकदमे के दौरान ही हो गई थी.

अयोध्या: जगदगुरु परमहंस आचार्य का विवादित बयान, ट्रंप पर लगाया ‘तंत्र-मंत्र’ का आरोप
तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगदगुरु परमहंस आचार्य ने यूजीसी (UGC) की नई नियमावली पर सुप्रीम कोर्ट की रोक का स्वागत किया है, लेकिन इस दौरान उन्होंने एक अजीबोगरीब दावा किया. आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘वशीकरण’ के प्रभाव में थे. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम पर ‘तंत्र-मंत्र’ करवाया था, जिससे वे भ्रमित होकर ऐसा बिल लाए. उन्होंने कहा कि संतों ने वैदिक मंत्रों का पाठ कर इस तंत्र-मंत्र को काट दिया है.

बहराइच: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर AI का पहरा, चोरी के वाहनों पर लगेगी लगाम
नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक कर दिया गया है. बॉर्डर पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से लैस ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रीडर) कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की मदद से नेपाल जाने वाले हर वाहन का डेटा रिकॉर्ड होगा. भारत से चोरी होकर नेपाल जाने वाली गाड़ियों को पकड़ना अब आसान होगा. इससे सीमावर्ती सुरक्षा और सुदृढ़ होगी.

आगरा: 24 घंटे में 5वीं मुठभेड़, 25 हजारी बदमाश आकाश के पैर में लगी गोली
आगरा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ जारी है. 24 घंटे के भीतर पुलिस और बदमाशों के बीच यह पांचवीं मुठभेड़ है. राज चौहान हत्याकांड में शामिल 25,000 का इनामी बदमाश आकाश प्रजापति मुठभेड़ में घायल हुआ है. इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड अरबाज खान पहले ही मारा जा चुका है. पुलिस ने आकाश के पास से बाइक और हथियार बरामद किए हैं.

कानपुर: स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, CMO की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
कानपुर सीएमओ (CMO) कार्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में है. मिशन निदेशक पिंकी जोवल का एक कथित पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पत्र में सीएमओ हरि दत्त की कार्यशैली और वित्तीय अनियमितताओं पर सवाल उठाए गए हैं. आरोप है कि वे शासनादेशों के विपरीत जाकर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं. हालांकि, न्यूज संस्थान इस वायरल पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है, लेकिन विभाग में खलबली मची है.

अलीगढ़: ‘द केरल स्टोरी’ जैसा मामला, पहचान छिपाकर लव-जिहाद और धर्मांतरण
अलीगढ़ में एक हिंदू युवती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है. युवती का आरोप है कि फिरोज नाम के युवक ने ‘राकेश’ बनकर उसे प्रेम जाल में फंसाया. युवती को नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील वीडियो बनाए गए और नौकरी का झांसा देकर धर्मांतरण कराया गया. अब आरोपी उसे स्लॉटर हाउस में कटवाने की धमकी दे रहा है.

गोरखपुर: ईंट से कूचकर महिला की बेरहमी से हत्या
पीपीगंज इलाके में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है. पहचान छिपाने के लिए महिला का चेहरा ईंट से कूच दिया गया है. एसएसपी ने घटनास्थल का मुआयना कर खुलासे के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं.

बरेली: प्रेमिका को ‘डायमंड रिंग’ देने के चक्कर में बना स्मैक तस्कर
बरेली पुलिस ने बिहार के एक ऐसे आशिक को गिरफ्तार किया है जो अपनी प्रेमिका को महंगे तोहफे देने के लिए तस्करी के रास्ते पर चल पड़ा. प्रदीप यादव नाम के इस युवक के पास से 17 लाख रुपये की स्मैक बरामद हुई है. वह बिहार के छपरा से खेप लेकर बरेली आया था.

आगरा: कार में लगी भीषण आग
थाना न्यू आगरा क्षेत्र की रंगजी हाइट्स सोसाइटी में खड़ी एक कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई. फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

कानपुर: सेंट्रल स्टेशन पर रोता मिला मासूम, बलिया से हुआ था अपहरण
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी को चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है. प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक लावारिस बच्चा रोता हुआ मिला, जिससे पूछताछ में अपहरण की गुत्थी सुलझ गई. बच्चा बलिया जिले का रहने वाला है और कक्षा 5 का छात्र है. उसके अपहरण का मुकदमा बलिया के रसड़ा थाने में पहले से दर्ज था. जीआरपी प्रभारी ने परिजनों को सूचना दे दी है. अब सीसीटीवी कैमरों की मदद से उस संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है, जो बच्चे को ट्रेन से लेकर यहां उतरा था.

गाजियाबाद: रोडरेज के बाद घर पर हमला, 9 साल की बच्ची घायल
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में दबंगई का शर्मनाक मामला सामने आया है. एक छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद कैब चालक के परिवार पर भारी पड़ गया. बाइक सवार युवकों ने कैब चालक प्रेम कुमार पर चाकू से हमला किया. बीच-बचाव करने आए उसके भाई और साथी को भी पीटा. आरोपी इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने रात में प्रेम के घर पर दो बार पथराव किया, जिसमें उसकी 9 वर्षीय बेटी परी घायल हो गई. फिलहाल पीड़ित दिल्ली के GTB अस्पताल में भर्ती है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

प्रयागराज: यूपी बार कौंसिल चुनाव के चौथे चरण का मतदान शुरू
उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के 25 सदस्यों के चुनाव के लिए आज यानी 30 जनवरी से चौथे चरण की वोटिंग शुरू हो गई है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मतदान का समय 2 दिन बढ़ाया गया है. अब 30, 31 जनवरी और 1 व 2 फरवरी को वोट डाले जाएंगे. सचिव रामकिशोर शुक्ल के अनुसार, केवल वही अधिवक्ता मतदान कर सकेंगे जिनका नाम मतदाता सूची में है. सीओपी (COP) कार्ड या पंजीकरण प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है. लगभग 33 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

ललितपुर: डॉक्टर से मारपीट और सरकारी कागज फाड़े, ईएमओ हड़ताल पर
ललितपुर के मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. मरीज के परिजनों द्वारा डॉक्टर के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है. इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) डॉ. ब्रजकिशोर ने आरोप लगाया कि परिजनों ने न केवल उनसे मारपीट की बल्कि सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए. सदर कोतवाली में तहरीर देने के बाद डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे कार्य बहिष्कार (हड़ताल) पर रहेंगे.

वाराणसी: BHU में भारी पुलिस बल तैनात, 11 कमरे सील
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में बिरला और रुइया छात्रावास के छात्रों के बीच हुए हिंसक बवाल के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन एक्शन मोड में है. देर शाम पुलिस के साथ मिलकर हॉस्टलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. चेकिंग के दौरान अवैध रूप से कब्जाए गए 11 कमरों को सील कर दिया गया है. बवाल में शामिल आरोपी छात्रों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन पर पुलिस जल्द मुकदमा दर्ज कर सकती है. फिलहाल कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है.

कानपुर: इंस्टाग्राम पर ‘DM’ बन युवती को ठगा, पुलिस ने दबोचा
कानपुर के कल्याणपुर इलाके में एक जालसाज को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को पहले SDM और फिर जिलाधिकारी (DM) बताकर ठगी करता था. आरोपी की युवती से मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी. उसने खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताकर और फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर दिखाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया. युवती से अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये ऐंठने के बाद जब असलियत सामने आई, तो पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे दबोच लिया. आरोपी से पूछताछ और बरामदगी जारी है.

अयोध्या: 51 मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर के पक्ष में ‘महापंचायत’ की साजिश
राम नगरी अयोध्या में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां हिस्ट्रीशीटर अपराधी दिलीप वर्मा उर्फ डीके अपने पक्ष में महापंचायत करवा रहा है. आरोपी पर हत्या, लूट और डकैती के 51 संगीन मामले दर्ज हैं. आरोप है कि अपराधी अपनी काली कमाई का इस्तेमाल संगठनों को आगे कर खुद पर दर्ज मुकदमों को खत्म करवाने के लिए कर रहा है. प्रशासन इस मामले पर नजर बनाए हुए है.

आगरा: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजारी बदमाश विष्णु पंडित घायल
आगरा पुलिस और अपराधियों के बीच एत्मादपुर क्षेत्र के मदिरा अंडरपास के पास सीधी मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ के दौरान राज चौहान हत्याकांड में फरार चल रहे 25,000 के इनामी बदमाश विष्णु पंडित के पैर में गोली लगी है. पुलिस ने मौके से विष्णु और उसके साथी शिवांश शर्मा को गिरफ्तार किया है. उनके पास से तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है. घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बिजनौर: शराब पार्टी बनी मातम, एक की मौत और 3 की हालत गंभीर
थाना नजीबाबाद क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके तीन दोस्तों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. शुरुआती जांच में जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें मामले की तहकीकात कर रही हैं. तीनों घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP