Aloo Mutton Recipe: जब मटन की ग्रेवी में घुलता आलू, रसा हो जाता गाढ़ा, खाने वाला हर कौर में कहता – ‘वाह’!

Share to your loved once


Last Updated:

Mutton Aloo Recipe: मटन से यूं तो कई तरह की डिश बनती हैं पर झारखंड और बंगाल में बनने वाले आलू मटन के स्वाद की बात ही कुछ और है. यह खास रेसिपी अक्सर खास मौकों पर बनायी जाती है. आलू फूटकर जब ग्रेवी को गाढ़ा कर देते हैं तो खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाते हैं.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. झारखंड में मटन की कई वैरायटी मिलती हैं, लेकिन अगर किसी डिश को सबसे अलग और दिल के करीब माना जाता है, तो वह है आलू वाला मटन. यह सिर्फ एक व्यंजन नहीं, बल्कि स्वाद और परंपरा का ऐसा मेल है जो झारखंड और बंगाल दोनों जगहों पर बेहद लोकप्रिय है. खास बात यह है कि इसमें डाले जाने वाले बड़े-बड़े आलू मटन के साथ ऐसा घुल-मिल जाते हैं कि हर कौर में गाढ़ा मसालेदार स्वाद महसूस होता है. एक बार खा लिया तो बार-बार खाने का मन करे – यही इसकी असली पहचान है.

कैसे बनता है आलू-मटन
इस लाजवाब डिश की शुरुआत होती है कढ़ाई में तेल गरम करने से. तेल अच्छी तरह गरम हो जाए तो बड़े आकार के आलू को दो टुकड़ों में काटकर उसमें डालें और सुनहरा भूरा (गोल्डन ब्राउन) होने तक तल लें. ये तले हुए आलू बाद में मटन के साथ पककर गजब का स्वाद छोड़ते हैं. आलू निकालने के बाद उसी तेल में तेज पत्ता, साबुत गरम मसाला और सूखी लाल मिर्च डालकर तड़का लगाया जाता है, जिससे खुशबू पूरे किचन में फैल जाती है.

मसालों को धीमी आंच पर भूनें
अब बारी आती है बारीक कटे प्याज की. प्याज को धीमी आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें — यही मटन की ग्रेवी का बेस तैयार करता है. इसके बाद अदरक, लहसुन, जीरा और काली मिर्च का दरदरा पेस्ट डालकर अच्छी तरह चलाएं. जैसे ही मसाले की कच्ची खुशबू खत्म हो, उसमें नमक, हल्दी, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डाल दें. मसाले को तब तक भूनें जब तक तेल ऊपर तैरता न दिखने लगे — यही संकेत है कि मसाला पककर तैयार है.

मटन डालकर आंच तेज कर दें
अब धोकर रखा हुआ मटन इस मसाले में डालें और तेज आंच पर अच्छी तरह भूनें. मटन जब मसाले के साथ मिलकर रंग बदलने लगे और खुशबू देने लगे, तब इसमें पहले से तले हुए आलू डाल दें. इसके बाद जरूरत अनुसार पानी डालकर ढक दें और धीमी आंच पर पकने दें. धीरे-धीरे मटन नरम होगा और आलू मसाले का सारा स्वाद सोख लेंगे.

जब मटन पूरी तरह गल जाए, तो ऊपर से थोड़ा गरम मसाला और ताजा कटा हरा धनिया डाल दें. बस, तैयार है गरमागरम झारखंड-बंगाल स्टाइल आलू मटन. इसे रोटी, पराठा या गरम चावल के साथ परोसें — स्वाद ऐसा कि परिवार वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें

homelifestyle

मटन की ग्रेवी में घुलता आलू, रसा हो जाता गाढ़ा, खाने वाला हर कौर में कहता-वाह!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP