Team India lose 4th T20 : शिवम दुबे की विस्फोटक पारी भी टीम इंडिया को नहीं दिला सकी जीत

Share to your loved once


Last Updated:

भारत ने 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए खराब शुरुआत की. युवा ओपना अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए. इसके बाद भारत ने लगातार विकेट गंवाए जिससे टीम इंडिया पहाड़ जैसे टारगेट का पीछा नहीं कर सकी. भारत की इस सीरीज में यह पहली हार है. इससे पहले भारत ने तीन टी20 जीतकर सीरीज अपने नाम की थी. सीरीज का पांचवां और अंतिम टी20 मैच 31 जनवरी को खेला जाएगा.

शिवम दुबे की विस्फोटक पारी भी टीम इंडिया को नहीं दिला सकी जीतशिवम दुबे ने 15 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर मैच में रोमांच पैदा कर दिया.

नई दिल्ली. शिवम दुबे की करिश्माई पारी भी टीम इंडिया को जीत नहीं दिला सकी. न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 मैच में भारत को 50 रन से हराकर इस सीरीज में पहली जीत दर्ज की. हालांकि भारत पहले ही तीन मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुका है. न्यूजीलैंड की ओर से रखे गए 216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 165 रन पर ढेर हो गई. भारत की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 65 रन की पारी खेली. दुबे ने 23 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्के लगाए. रिंकू सिंह 39 रन बनाकर आउट हुए. जबकि संजू सैमसन ने 24 रन की पारी खेली. सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच 31 जनवरी को खेला जाएगा .

216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई. भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. पहली ही गेंद पर मैट हेनरी ने इनफॉर्म ओपनर अभिषेक शर्मा को पवेलियन भेज दिया. इसके बाद विकेटों का पतझड़ सा लग गया. हालांकि बीच में शिवम दुबे ने आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच में रोमांच पैदा कर दिया. लेकिन 15 गेंदों पर उनकी तूफानी फिफ्टी भी टीम की काम न आ सकी. भारत के लिए शिवम दुबे ने 23 गेंद में 65 जबकि रिंकू सिंह ने 30 गेंद में 39 रन का योगदान दिया. न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटेनर ने तीन जबकि जैकब डफी और ईश सोढ़ी ने दो-दो विकेट चटकाए.

शिवम दुबे ने 15 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर मैच में रोमांच पैदा कर दिया.

इससे पहले, टिम सिफर्ट की तूफानी अर्धशतकीय पारी के बावजूद भारतीय गेंदबाजों की बीच के ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट पर 215 रन तक ही सीमित रखा. सिफर्ट (36 गेंदों पर 62 रन, सात चौके, तीन छक्के) न्यूजीलैंड के सबसे सफल बल्लेबाज रहे, लेकिन भारत के पहले गेंदबाजी करने के फैसले के बाद उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका. ‘बिग बैश लीग’ खेलकर टीम से जुड़े सिफर्ट ने शुरुआत से ही अपने इरादे साफ कर दिए और अर्शदीप सिंह के एक ओवर में लगातार तीन चौके जड़े, हालांकि इनमें से दो बल्ले के किनारे से लगकर गईं. अगले ओवर में उन्होंने हर्षित राणा को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़कर अपनी ताकत और टाइमिंग का प्रदर्शन किया.

इसके बाद राणा के अगले ओवर में सिफर्ट ने लगातार गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाया और फिर जसप्रीत बुमराह की गेंद को साइट-स्क्रीन के ऊपर भेजकर एक और छक्का जमाया. न्यूजीलैंड ने चौथे ओवर में 50 रन पूरे कर लिए और पावरप्ले के बाद टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 71 रन था. सिफर्ट की आक्रामक पारी से डेवोन कॉनवे (44) को भी जमने का मौका मिला. नौ गेंदों पर नौ रन बनाने वाले इस बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने रवि बिश्नोई के एक ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया. इसमें लॉन्ग ऑन और मिडविकेट के बीच से लगाया गया लॉफ्टेड शॉट, एक स्क्वेयर कट और एक स्लॉग स्वीप शामिल था.

कॉनवे ने अगली 13 गेंदों पर 35 रन बटोरे, लेकिन कुलदीप यादव की गेंद पर डीप कवर में रिंकू सिंह को कैच दे बैठे. इससे भारतीय टीम ने पहले विकेट के लिए 8.2 गेंद में हुई 100 रन की साझेदारी तोड़ दी. सिफर्ट ने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन इसके बाद भारत ने वापसी की और 37 रन के भीतर चार विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड का स्कोर 13.4 ओवर में चार विकेट पर 137 रन पर ला दिया. भारतीय गेंदबाजों ने कोई असाधारण स्पेल नहीं डाला, लेकिन सिफर्ट-कोन्वे की जोड़ी द्वारा बनाए गए लगभग 12 रन प्रति ओवर की गति बनाए रखने की जल्दबाजी में कीवी बल्लेबाज विकेट गंवाते चले गए.

कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी उपयोगी पारी खेलते हुए बिश्नोई के एक ओवर में लगातार चौका और छक्का लगाया. वह हालांकि एक रन चुराने के प्रयास में हार्दिक पंड्या के सटीक थ्रो पर वह रन आउट हो गए. हार्दिक ने इस मुकाबले में गेंदबाजी नहीं की. आखिरी ओवरों में डैरिल मिचेल (नाबाद 39 रन, 18 गेंद) ने कुछ दमदार शॉट लगाकर न्यूजीलैंड को 200 रन के पार पहुंचाया.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

homecricket

शिवम दुबे की विस्फोटक पारी भी टीम इंडिया को नहीं दिला सकी जीत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP