मार्केट वाला नहीं…. घर पर बनाएं स्वादिष्ट और सेहतमंद मूली का अचार, महीनों तक नहीं होगा खराब – Uttar Pradesh News
Last Updated:
अचार खाना तो हर किसी को पसंद होता है, लेकिन सर्दियों के मौसम में अगर खाने के साथ मूली का अचार मिल जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है. गरमा-गरम पराठों के साथ मूली का अचार लगभग हर किसी को भाता है. वहीं, कई लोग बाजार में मिलने वाले अचार पसंद नहीं करते. ऐसे में आज हम आपको मूली का अचार बनाने की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट और सेहतमंद मूली का अचार तैयार कर सकते हैं.

सर्दियों के मौसम में खाने का मज़ा तब दोगुना हो जाता है, जब थाली में स्वाद के साथ सेहत भी मिले. अचार तो हर किसी को पसंद होता है, लेकिन अगर गरमा-गरम पराठों के साथ मूली का अचार मिल जाए तो स्वाद और भी खास हो जाता है. कई लोग बाजार में मिलने वाले अचार पसंद नहीं करते, ऐसे में घर पर बना मूली का अचार सबसे बेहतर विकल्प है. आज हम आपको मूली के अचार की आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे आप घर पर ही सरल तरीके से तैयार कर सकते हैं और यह कई महीनों तक खराब भी नहीं होगा. खास बात यह है कि मूली का अचार स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है और पेट से जुड़ी समस्याओं में रामबाण साबित होता है.

सर्दियों में ताज़ी मूली से बना अचार खाने के साथ इतना मजेदार लगता है कि अगर एक बार बनाकर रख लिया जाए, तो हर रोज़ खाने का मन करने लगता है. मूली का अचार बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती. सिर्फ कुछ बेसिक मसाले, थोड़ा सरसों का तेल और सिरका मिलाकर स्वाद से भरपूर देसी मूली का अचार आसानी से तैयार हो जाता है. यह अचार न सिर्फ बनाने में आसान है, बल्कि स्वाद में भी बेहद लाजवाब होता है.

मूली का अचार बनाने के लिए सबसे पहले मूली को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद मूली को छीलकर पतले, लंबे और गोल टुकड़ों में काट लें. अब कटे हुए टुकड़ों में दो चम्मच नमक डालकर अच्छे से मिला दें और दो से तीन घंटे के लिए धूप में रख दें. इसके बाद मूली से निकलने वाला पानी फेंक दें और फिर से लगभग एक घंटे के लिए धूप में डालकर अच्छी तरह सुखा लें. इसी दौरान आप अचार के लिए मसाला तैयार कर सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मूली का अचार बनाने के लिए ज्यादा मसालों की जरूरत नहीं होती. इसके लिए सबसे पहले कढ़ाई में मेथी दाना, अजवाइन और जीरा डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इसके बाद इन्हें कढ़ाई से निकालकर ठंडा कर लें और फिर पीसकर मसाला तैयार कर लें. अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें. जब तेल से खुशबू आने लगे, तो उसमें मूली डाल दें और करीब 2 मिनट तक हल्का सा भून लें. इसके बाद गैस बंद कर दें.

इसके बाद मूली में मसाले मिला दें. सबसे पहले दो छोटे चम्मच नमक, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी पाउडर और दो चुटकी हींग डालें. अब इसमें भुने हुए और पिसे हुए मसाले डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. बस इतना करते ही स्वादिष्ट मूली का अचार तैयार हो जाता है. कुछ लोगों को सिरका पसंद नहीं होता, ऐसे में आप मूली के अचार में पिसी हुई खटाई मिला सकते हैं. इससे अचार का स्वाद हल्का खट्टा और और भी लाजवाब हो जाता है.

जब मूली का अचार पूरी तरह ठंडा हो जाए, तब इसे साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भर दें. इसके बाद जार को 2–3 दिन तक धूप में रखें, इससे अचार में मसालों का स्वाद अच्छी तरह घुल-मिल जाता है और स्वाद और भी बढ़ जाता है. वैसे तो आप इसे उसी दिन भी खा सकते हैं, लेकिन इसका असली और लाजवाब स्वाद 3 दिन बाद आता है. मूली का अचार गरमा-गरम पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ बेहद शानदार लगता है.

हिमांशी तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मूली का अचार बनाना न सिर्फ आसान है, बल्कि इसे घर में मौजूद सामान्य मसालों से ही तैयार किया जा सकता है. सर्दियों के मौसम में मूली का अचार बनाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. अधिकांश लोगों को मूली का अचार इसलिए भी पसंद होता है क्योंकि यह पेट से जुड़ी समस्याओं में काफी लाभकारी होता है. अगर आप भी मूली का अचार खाना पसंद करते हैं, तो इस आसान रेसिपी की मदद से घर पर ही स्वादिष्ट मूली का अचार तैयार कर सकते हैं.