कुरकुरे वेज अप्पे रेसिपी सूजी और ब्रेडक्रंब के साथ हेल्दी स्नैक.
हैदराबाद. अक्सर शाम की चाय के साथ या सुबह के नाश्ते में हम वही पुराने विकल्प चुनते हैं, लेकिन अगर आप कुछ ऐसा ढूंढ रहे हैं जो हेल्दी भी हो और जिसका कुरकुरापन बच्चों से लेकर बड़ों तक सबका दिल जीत ले, तो कुरकुरे वेज अप्पे एक बेहतरीन चॉइस हैं.
आमतौर पर अप्पे सॉफ्ट होते हैं, लेकिन ब्रेडक्रंब की कोटिंग के साथ यह रेसिपी उन्हें एक कैफे-स्टाइल स्नैक का लुक और स्वाद देती है. सूजी और ताज़ी सब्जियों के मेल से तैयार यह डिश कम तेल में बनकर तैयार हो जाती है. इसमें मौजूद सब्जियां इसे पौष्टिक बनाती हैं, वहीं ब्रेडक्रंब इसे वह एक्स्ट्रा क्रंच देता है जिसकी तलाश हर स्नैक लवर को होती है.
एक परफेक्ट बैच तैयार करने के लिए आपको चाहिए
1 कप सूजी और आधा कप ताज़ा दही, बारीक कटी शिमला मिर्च, कद्दूकस की हुई गाजर और बारीक कटा प्याज. 1 हरी मिर्च और 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक. स्वादानुसार नमक, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च और आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर. आधा कप ब्रेडक्रंब और आधा छोटा चम्मच ईनो, आवश्यकतानुसार तेल.
इसे बनाने की रेसिपी है बेहद आसान
सबसे पहले एक बड़े मिक्सिंग बाउल में सूजी और दही को मिलाएं, इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक गाढ़ा घोल तैयार करें. इसे 10–15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें, ताकि सूजी पानी सोख ले और अच्छे से फूल जाए. जब सूजी सेट हो जाए, तब इसमें गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, अदरक और हरी मिर्च डालें. अब इसमें नमक, काली मिर्च और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अप्पे बनाने से ठीक पहले घोल में ईनो डालें, ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर इसे एक्टिवेट करें और हल्के हाथों से मिलाएं. इससे अप्पे अंदर से जालीदार और सॉफ्ट बनेंगे.
अब हाथों पर हल्का सा तेल लगाकर बैटर की छोटी-छोटी बॉल्स बनाएं, इन बॉल्स को ब्रेडक्रंब की प्लेट में रखें और चारों तरफ से अच्छी तरह कोट करें. यही वह स्टेप है जो आपके अप्पे को एक्स्ट्रा कुरकुरा बनाएगा. अप्पे मेकर को मध्यम आंच पर गरम करें और हर खांचे में बूंद-बूंद तेल डालें. अब ब्रेडक्रंब से कोट किए हुए अप्पे इसमें रखें, इन्हें धीमी आंच पर पलट-पलट कर तब तक सेंकें, जब तक कि इनकी बाहरी परत सुनहरी और अच्छी तरह कुरकुरी न हो जाए.