pink Jacket Woman delhi metro | Delhi Metro Theft | Chandni Chowk Metro | delhi metro Jewellery Bag Recovery | गुलाबी जैकेट वाली महिला ने दिल्ली मेट्रो में किया ऐसा कांड, पुलिस पहुंच गई उसके घर, फिर खुला ये बड़ा राज |
नई दिल्ली. दिल्ली मेट्रो में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसको सुनकर आप भी चौंक जाएंगे. दरअसल, एक यात्री का 20 लाख रुपये की कीमत वाला गहनों का बैग मशीन में रखने के बाद गायब हो गया था. उस शख्स को आश्चर्य हो रहा था कि आखिर उसके बैग को किसने गायब कर लिया. आनन-फानन में सीआईएसएफ को इस बात की जानकारी दी गई. सीआईएसएफ ने तुरंत ही दिल्ली पुलिस की मेट्रो विंग को इस बात की जानकारी दी. सीसीटीवी में गुलाबी जैकेट वाली वह महिला मिल गई, जिसने वह बैग चोरी की थी. अब दिल्ली पुलिस के सामने चुनौती थी कि उस महिला को कैसे पकड़ा जाए. यह घटना दिल्ली के चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर हुई. यह घटना जितनी चौंकाने वाली थी, पुलिस की तफ्तीश उतनी ही बारीकी और तकनीकी कौशल से भरी रही. पढ़ें यह महिला कैसे और किस तरह दिल्ली पुलिस के कब्जे में आई?
यह मामला 22 जनवरी 2026 का है, जब कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस स्टेशन में गहनों से भरे एक बैग की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई. पीड़ित ने बताया कि उनके बैग में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान थे, जो चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन से गायब हो गए. पुलिस ने तुरंत मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज की.
सीसीटीवी और गुलाबी जैकेट का सुराग
20 लाख गहने के चोरी मेट्रो डीसीपी कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई संजीव कुमार, एएसआई संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल राज सिंह और कांस्टेबल सुंदर लाल शामिल थे. इस टीम की मदद के लिए मेट्रो स्टाफ के स्पेशल सेल के अधिकारियों को भी लगाया गया. जांच की शुरुआत चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने से हुई.
क्या थी पूरी घटना?
घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस को फुटेज में एक संदिग्ध महिला दिखाई दी, जिसने गुलाबी रंग की जैकेट और काली पैंट पहनी हुई थी. फुटेज में साफ दिखा कि उस महिला ने गहनों वाले बैग को अपने कब्जे में लिया और फिर मिलेनियम सिटी सेंटर की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई. पुलिस ने हार नहीं मानी और अगले स्टेशनों के कैमरों को भी ट्रैक करना शुरू किया.
नोएडा तक पीछा और ‘राधिका कलेक्शन’ का राज
तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस बाराखंभा मेट्रो स्टेशन तक पहुंची. वहां से पता चला कि महिला ने नोएडा की ओर जाने वाली ट्रेन पकड़ी और वह नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 से बाहर निकली. हालांकि, महिला का चेहरा स्पष्ट नहीं था, लेकिन वह अपने हाथ में एक और शॉपिंग बैग लिए हुए थी जिस पर राधिका कलेक्शन (Radhika Collection) लिखा था. यही वह छोटा सा सुराग था जिसने पुलिस को आरोपी के घर तक पहुंचा दिया. पुलिस टीम चांदनी चौक मार्केट पहुंची और राधिका कलेक्शन नाम की दुकान को खोज निकाला. दुकानदार से पूछताछ करने पर उस महिला के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिससे उसकी पहचान और लोकेशन को ट्रैक करना आसान हो गया.
गिरफ्तारी और आरोपी की अजीबोगरीब दलील
पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ अपने चचेरे भाई की शादी की खरीदारी के लिए चांदनी चौक आई थी. उसने दावा किया कि मेट्रो स्टेशन पर सामान की स्कैनिंग के दौरान उसने अनजाने में अपना समझकर एक अतिरिक्त बैग उठा लिया और उसे अपने साथ घर ले गई. हालांकि, पुलिस ने जब उससे सवाल किया कि घर जाकर बैग में लाखों के गहने देखने के बाद भी उसने पुलिस या मेट्रो प्रशासन को सूचना क्यों नहीं दी, तो उसके पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं था. उसकी चुप्पी ने यह साबित कर दिया कि उसकी नीयत बैग लौटाने की नहीं थी.
पुलिस की बड़ी कामयाबी
दिल्ली पुलिस ने महिला के पास से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और अन्य सामान पूरी तरह से बरामद कर लिए हैं. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी महिला का कोई पिछला आपराधिक इतिहास नहीं है, लेकिन इस एक कृत्य ने उसे कानूनी पचड़े में डाल दिया है. पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. डीसीपी कुशल पाल सिंह ने टीम के काम की सराहना करते हुए इसे पेशेवर दक्षता का उदाहरण बताया. उन्होंने यात्रियों से भी अपील की है कि वे सुरक्षा जांच के समय अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और यदि कभी गलती से किसी और का सामान हाथ लग जाए, तो उसे तुरंत निकटतम सुरक्षा कर्मी या पुलिस स्टेशन में जमा कराएं. छिपाकर रखना चोरी की श्रेणी में आता है और इसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं.