T20 World Cup 2026: कहानी में आया सबसे बड़ा ट्विस्ट, अगर पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप से हटा तो बांग्लादेश को खिलाएगा ICC
Last Updated:
T20 World Cup 2026 Pakistan Banglades ICC: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अगर सात फरवरी से शुरू होने जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप से हटता है तो आईसीसी बांग्लादेश को टूर्नामेंट में बैकडोर एंट्री दे देगा. पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सपोर्ट में बहिष्कार का बयान दिया था, लेकिन अब आईसीसी ने पूरी कहानी ही उलट दी है.
भारत vs पाकिस्ताननई दिल्ली: शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर चुके टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से अब एक हैरान करने वाली खबर आ रही है. एक तरफ पाकिस्तान धमकी दे रहा है कि वह अब भी टूर्नामेंट से हट सकता है तो उधर दूसरी ओर आईसीसी ने प्लान बी तैयार कर लिया है. सूत्रों की माने तो अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है तो बांग्लादेश को ग्रुप ए में उसकी जगह खेलने का मौका दिया जाएगा. इस स्थिति में बांग्लादेश अपने सारे मैच श्रीलंका में ही खेलेगा, जो उसकी डिमांड है.
पाकिस्तान आउट और बांग्लादेश इन
आईसीसी के इस कदम से सांप भी मर जाएगा और लाठी भी नहीं टूटेगी. सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश अपने सारे मैच श्रीलंका में खेल लेगा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के सामने आईसीसी झुकता हुआ भी नजर नहीं आएगा. इसे पूरी दुनिया के सामने आईसीसी पाकिस्तान के टूर्नामेंट से हटने के बाद का बदला हुआ परिदृश्य बता देगा. पाकिस्तान ने सात फरवरी से शुरू होने जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला कम से कम शुक्रवार तक के लिए टाल दिया है और टूर्नामेंट से बाहर किए गए बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए भारत के खिलाफ अपने अहम मैच का बहिष्कार करने पर विचार कर रहा है.
वर्ल्ड कप से हटना पड़ेगा पाकिस्तान को भारी
24 जनवरी को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार करने के बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल किया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सोमवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद कहा कि बोर्ड टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने पर आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लेगा. नकवी ने मुलाकात के बाद ट्वीट किया:
मेरी प्रधानमंत्री के साथ लंबी बैठक हुई और मैंने उन्हें आईसीसी मामले के बारे में बताया. उन्होंने निर्देश दिया कि हम सभी विकल्पों पर विचार करते हुए इसे सुलझाएं. यह तय हुआ कि आखिरी फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा.
भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करेगा पाकिस्तान?
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री को कई स्थितियों के बारे में बताया गया, जिसमें पाकिस्तान का विश्व कप के लिए अपनी टीम नहीं भेजना या टूर्नामेंट में हिस्सा लेना लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार करना शामिल है. पाकिस्तान सात फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ अपने टी-20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगा, जिसके बाद उसके मैच अमेरिका (10 फरवरी), भारत (15 फरवरी) और नामीबिया (18 फरवरी) के खिलाफ होंगे.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें