Aaj Ka Mausam: कश्मीर-हिमाचल में बर्फकाल, पंजाब से लेकर दिल्ली-यूपी तक बारिश करेगी हाल बेहाल, IMD का अलर्ट
उत्तर भारत में मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. दरअसल यहां सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है. वहीं पंजाब से लेकर यूपी तक के मैदानी इलाकों में भी बारिश के आसार है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 27 जनवरी को कश्मीर वैली और हिमाचल के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है. वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है. आईएमडी ने कई राज्यों के लिए येलो और रेड अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल और पंजाब के ऊपर 3.1 किमी ऊंचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में बना हुआ है. उधर हरियाणा पर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण 1.5 से 3.1 किमी ऊंचाई तक है. वहीं 30 जनवरी की रात से एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा.
मौसम विभाग के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 27 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी होगी. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने की आशंका है. इसके साथ ही इन राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है.
मैदानी इलाकों में आंधी-बारिश
उधर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में छिटपुट से लेकर कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को बारिश हो सकती है, जबकि मध्य प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है. छत्तीसगढ़ में 28 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है.
वहीं आज मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि बिहार में कल हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है.
ओलावृष्टि और ठंड का असर
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि की संभावना जताई है. इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है. हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर ‘कोल्ड डे’ की स्थिति भी बन सकती है.
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में 27 जनवरी को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे. 26 जनवरी की रात हल्की धुंध रह सकती है, जबकि 28 जनवरी से 1 फरवरी तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी. अधिकतम तापमान अगले एक हफ्ते तक सामान्य से नीचे रहने की संभावना है.