सुरों में लिपटा वतन का प्यार, रग-रग में जोश भरने वाले 9 देशभक्ति गाने, आंखें नम कर देता है लता मंगेशकर का गीत
Last Updated:
गणतंत्र दिवस का अवसर हर भारतीय के लिए गर्व और आत्मसम्मान का दिन होता है. इस खास मौके पर देशभक्ति के जज्बे को दोगुना करने का सबसे सशक्त माध्यम संगीत है. बॉलीवुड ने दशकों से ऐसे कई कालजयी और भावुक गीत दिए हैं, जो न केवल सीमाओं पर खड़े जवानों का हौसला बढ़ाते हैं, बल्कि हर नागरिक के दिल में वतन के प्रति प्रेम की लौ जलाए रखते हैं. इस गणतंत्र दिवस पर हम आपको उन सहाबहार गानों के बारे में बताते हैं, जो भारत की मिट्टी की खुशबू और शहीदों की शहादत की याद दिलाते हैं.

नई दिल्ली. गणतंत्र दिवस का मतलब हमारे देश की आजादी, एकता और शहीदों की कुर्बानियों को याद करने का दिन है. और जब बात देशभक्ति के जज्बे को जगाने की हो, तो संगीत से बेहतर भला क्या हो सकता है? बॉलीवुड ने हमें ऐसे शानदार गाने दिए हैं जिन्हें सुनते ही रग-रग में जोश भर जाता है और दिल गर्व से भर उठता है. ये धुनें हमें अपनी जड़ों से जोड़ती हैं और याद दिलाती हैं कि एक देश के रूप में हमने कितना लंबा और खूबसूरत सफर तय किया है. यहां पर देखिए 9 देशभक्ति गानों की लिस्ट.

ऐ मेरे वतन के लोगों: वैसे तो यह किसी फिल्म का गाना नहीं है, लेकिन देशभक्ति की लिस्ट इसके बिना पूरी नहीं होती. कवि प्रदीप के लिखे और सी. रामचंद्र के संगीत से सजे इस गीत को जब लता मंगेशकर ने पहली बार गाया था, तो प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की आंखों में भी आंसू आ गए थे. यह गाना उन वीर शहीदों को एक सच्ची और भावुक श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी. लता मंगेशकर की आवाज से सजा यह गाना साल 1963 में आया था. (फोटो साभार: YouTube Grab)

मेरे देश की धरती: महेंद्र कपूर की आवाज में यह गाना आज भी हर भारतीय के दिल में बसता है. फिल्म उपकार का यह क्लासिक गीत भारत की उपजाऊ मिट्टी और किसानों की मेहनत का जश्न मनाता है. इसकी जोशीली धुन और शब्द आज भी उतने ही असरदार हैं, जितने दशकों पहले थे. यह गाना उपकार (1967) फिल्म का है. (फोटो साभार: X)
Add News18 as
Preferred Source on Google

दिल दिया है जान भी देंगे: 80 के दशक का यह गाना देशभक्ति का दूसरा नाम बन गया है. मोहम्मद अजीज और कविता कृष्णमूर्ति की आवाज में गाया गया यह गीत देश के प्रति अटूट वफादारी की कसम खाता है. ‘कर्मा’ (1986) फिल्म का यह एंथम हर साल 26 जनवरी और 15 अगस्त के कार्यक्रमों की जान होता है. (फोटो साभार: IMDb)

मां तुझे सलाम: एआर रहमान के एल्बम वंदे मातरम का यह गाना देशभक्ति संगीत के लिए गेम चेंजर साबित हुआ. इसने नई पीढ़ी के लिए देशभक्ति के मायने बदल दिए. पुराने और नए संगीत का यह अद्भुत मेल आज भी जब कानों में पड़ता है, तो गर्व से सीना चौड़ा हो जाता है. एकता और जोश का यह मेल हर भारतीय को जोड़ता है. एआर रहमान का यह गाना साल 1997 में रिलीज हुआ था. (फोटो साभार: IMDb)

कंधों से मिलते हैं कंधे: शंकर-एहसान-लॉय का यह गाना सुनकर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं. यह गीत भारतीय सेना के जवानों के बीच के भाईचारे और उनके अटूट हौसले को बखूबी बयां करता है. यह गाना न सिर्फ इमोशनल है, बल्कि हमें यह भी याद दिलाता है कि हमारे जवान किन मुश्किल हालातों में देश की रक्षा करते हैं. ‘कंधों से मिलते हैं कंधे’ गाना ऋतिक रोशन की फिल्म लक्ष्य का है. (फोटो साभार: IMDb)

देश रंगीला: महालक्ष्मी अय्यर की आवाज की सजा से यह गाना भारत की रंगीन संस्कृति और विविधता का जश्न है. इसकी धुन इतनी खुशमिजाज और थिरकने वाली है कि इसे सुनते ही मन खुशी से भर जाता है. स्कूल के फंक्शन हों या सोसाइटी का प्रोग्राम, गणतंत्र दिवस की रौनक बढ़ाने के लिए यह गाना एकदम परफेक्ट है. ‘देश रंगीला’ गाना फना (2006) फिल्म का है. (फोटो साभार: IMDb)

चक दे इंडिया: सुखविंदर सिंह की बुलंद आवाज में गाया गया यह गाना केवल खेल का मैदान नहीं, बल्कि पूरे देश का जोश बढ़ा देता है. यह गाना हमें सिखाता है कि अगर हम टीम बनकर लड़ें और मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो जीत पक्की है. गणतंत्र दिवस के मौके पर यह गाना रगों में गजब की ऊर्जा भर देता है. यह गाना शाहरुख खान की फिल्म चक दे इंडिया (2007) का है. (फोटो साभार: IMDb)

ऐ वतन: फिल्म राजी (2018) का यह गाना अरिजीत सिंह और सुनिधि चौहान ने गाया है, जो देशभक्ति गीत बन गया है. इस गाने में देश के प्रति जो मासूमियत और निस्वार्थ प्रेम झलकता है, वह सीधे दिल को छू जाता है. यह गाना नई पीढ़ी को अपनी मिट्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है और वतन के प्रति हमारी वफादारी को बयां करता है. (फोटो साभार: IMDb)

‘तेरी मिट्टी’: अक्षय कुमार की ‘केसरी’ (2019) का गाना उन वीर जवानों को एक इमोशनल ट्रिब्यूट है, जो हंसते-हंसते देश के लिए कुर्बान हो जाते हैं. इसे बी प्राक ने अपनी आवाज दी है. इसके बोल इतने गहरे हैं कि हर सुनने वाले की आंखें नम हो जाती हैं. भारत की मिट्टी के प्रति सम्मान और प्यार को दर्शाने वाला यह गाना पिछले कुछ सालों का सबसे बड़ा देशभक्ति एंथम बन चुका है. (फोटो साभार: IMDb)