अदरक का हलवा बनाने की विधि | Ginger Halwa Recipe: Benefits & Ingredients in Hindi
Last Updated:
Ginger Halwa Recipe: अदरक का हलवा सर्दियों के लिए एक आयुर्वेदिक और स्वादिष्ट विकल्प है. यह पाचन सुधारने और इम्युनिटी बढ़ाने में सहायक है. दूध, घी और ताजी अदरक से बनी यह रेसिपी ठंड में शरीर को ऊर्जा और गर्माहट देती है.

सर्दियों का मौसम आते ही शरीर को गर्म रखने वाले और ताकत देने वाले व्यंजनों की ज़रूरत बढ़ जाती है. ऐसे में अदरक का हलवा एक पारंपरिक और बेहद फायदेमंद मिठाई है. यह स्वाद में तो लाजवाब होता ही है, साथ ही शरीर को अंदर से गर्माहट भी देता है. खास बात यह है कि यह हलवा बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक सभी को पसंद आता है.

अदरक का हलवा आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर माना जाता है. अदरक पाचन को दुरुस्त करता है, सर्दी-खांसी में राहत देता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है. देसी घी और दूध के साथ बनने वाला यह हलवा न सिर्फ सेहत के लिए अच्छा है, बल्कि ठंड के मौसम में ऊर्जा देने वाला भी है. सर्दियों में कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट मीठा चाहिए तो अदरक का हलवा एक बेहतरीन विकल्प है.

गृहणी लता देवी ने बताया कि अदरक का हलवा बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती है. इसमें ताज़ा अदरक, दूध, देसी घी, शक्कर और इलायची पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है. स्वाद और सजावट के लिए ऊपर से काजू-बादाम जैसे सूखे मेवे डाले जाते हैं, जो हलवे को और भी खास बना देते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

विधि: सबसे पहले अदरक को अच्छी तरह छीलकर धो लें और फिर कद्दूकस कर लें. ध्यान रखें कि अदरक ताज़ा हो, तभी हलवे का स्वाद अच्छा आएगा. अब एक कढ़ाही में देसी घी गरम करें और उसमें कद्दूकस की हुई अदरक डालें. धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट तक अदरक को हल्का-सा भूनें, ताकि उसकी कच्ची महक खत्म हो जाए.

अब भुनी हुई अदरक में धीरे-धीरे दूध डालें और लगातार चलाते रहें. इसे मध्यम आंच पर पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध नीचे न लगे. जब दूध गाढ़ा होकर खोये जैसी अवस्था में आ जाए, तब इसमें शक्कर डालें और अच्छी तरह मिलाएं.

आख़िर में इलायची पाउडर डालकर गैस बंद कर दें. ऊपर से कटे हुए काजू-बादाम डालें और गरम-गरम अदरक का हलवा परोसें. यह हलवा ठंड के मौसम में शरीर को गर्माहट देता है और स्वाद में भी बेहद शानदार लगता है.