‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर कब्जा, दूसरे दिन भी धुआंधार कमाई, 2 दिन में 50 करोड़ के पार कलेक्शन
Last Updated:
Border 2 box office collection day 2: सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा दूसरे दिन भी बरकरार रहा है, जिसकी आगे बढ़ने की पूरी संभावना है. फिल्म को क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शक भी सराह रहे हैं. थियेटरों में ‘भारत माता की जय’ के नारे लग रहे हैं. फिल्म ने दो दिनों के भीतर 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.
बॉर्डर 2 का बढ़ रहा क्रेजनई दिल्ली: सनी देओल की वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रही है. 1997 की ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर’ के सीक्वल ने रिलीज के दूसरे दिन भी अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है. शुरुआती ट्रेड आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले शनिवार 24 जनवरी को शानदार परफॉर्म करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं.
फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड के पहले दो दिनों में ही आधी सेंचुरी पूरी कर ली है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का पहले दिन नेट कलेक्शन 32.10 करोड़ रुपये रहा, जबकि दूसरे दिन शनिवार 24 जनवरी को 21.08 करोड़ रुपये है. यानी दो दिन की कुल कलेक्शन 53.18 करोड़ रुपये है. गौरतलब है कि शनिवार के कलेक्शन में शाम और रात के शोज की ऑक्यूपेंसी बढ़ने के साथ कलेक्शन में इजाफा हो सकता है.
आधी रात को भी चल रहे शो
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की जबरदस्त डिमांड को देखते हुए सिनेमाघरों ने ऐतिहासिक फैसला लिया है. पॉपुलर चेन मूवीमैक्स ने भारी भीड़ को मैनेज करने के लिए देर रात 1:20 बजे और रात 3:00 बजे के स्पेशल शोज जोड़ दिए हैं. मुंबई के पीवीआर संगम जैसे कई थिएटरों ने रात 1:55 बजे और सुबह 7:00 बजे के शो शुरू किए हैं. यह सिलसिला 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) तक जारी रहने की उम्मीद है. दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज शो टाइमिंग्स के साथ बढ़ता गया. सुबह के शो में 15.51% ऑक्यूपेंसी, दोपहर के शो में 39.97% और शाम के शो में 49.13% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई. यानी औसत ऑक्यूपेंसी 34.87% बताई जा रही है.
1971 के युद्ध पर बनी है फिल्म
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की गौरवगाथा को बड़े पर्दे पर जीवंत करती है. इस बार फिल्म में थल, जल और नभ तीनों सेनाओं के शौर्य को दिखाया गया है. सनी देओल ने लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह का किरदार निभाया है. वरुण धवन, परमवीर चक्र विजेता मेजर होशियार सिंह दहिया के रोल में हैं. दिलजीत दोसांझ फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों बने हैं जो वायुसेना के इकलौते परमवीर चक्र विजेता हैं. अहान शेट्टी ने लेफ्टिनेंट कमांडर एमएस रावत का रोल प्ले किया है.
थियेटरों में जुटेगी भारी भीड़
भूषण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता द्वारा निर्मित फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा भी खास भूमिकाओं में हैं. पॉजिटिव ‘वर्ड ऑफ माउथ’ और देशभक्ति के माहौल को देखते हुए माना जा रहा है कि रविवार और सोमवार (गणतंत्र दिवस) को फिल्म की कमाई में भारी उछाल देखने को मिलेगा.
About the Author
अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें