Delhi Crime News- साधारण मकान अंदर पक रहा था ‘स्पेशल पकवान’, दिल्ली पुलिस पहुंची तब खुला राज
Last Updated:
Delhi Crime News: दिल्ली के एक साधारण मकान में चल रही ‘केमिकल किचन’ का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. नाइजीरियन नागरिक इमैनुएल को गिरफ्तार कर हेरोइन और MDMA बनाने का कच्चा माल जब्त किया गया. 113 किलो केमिकल की बरामदगी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के सबूत मिले हैं. मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है.
देवली इलाके में एक साधारण घर से MDMA और हेरोइन बनाने वाली ड्रग लैब का भंडाफोड़. (फोटो AI)Delhi Crime News: देश की राजधानी दिल्ली की तंग गलियों में खड़ा एक साधारण-सा मकान. बाहर से देखने पर न कोई हलचल, न शक. दरवाजा बंद, खिड़कियां आम. लेकिन इसी घर के भीतर ऐसा ‘स्पेशल पकवान’ पक रहा था, जिसकी गंध पुलिस तक पहुंच गई. यह कोई रसोई नहीं थी, बल्कि नशे की एक खतरनाक फैक्ट्री थी. यहां कड़ाही और मसालों की जगह केमिकल, बोतलें और क्रिस्टल थे. दिल्ली पुलिस को जैसे भनक लगी और निगरानी बढ़ी. एक छोटी-सी चूक हुई और परत-दर-परत एक बड़ा राज खुलता चला गया. यह कहानी है उस मकान की जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी.
टाइम्स ऑफ इंडिया की की रिपोर्ट के अनुसार जिस घर को पड़ोसी एक आम किराए का ठिकाना समझते रहे, वहीं से तैयार हो रहा था करोड़ों का जहर. ऐसा जहर जो युवाओं की नसों में उतरकर पूरे समाज को खोखला कर देता. पुलिस की फुट पेट्रोलिंग टीम को एक संदिग्ध हरकत दिखी. पीछा हुआ, गिरफ्तारी हुई. फिर शुरू हुई पूछताछ. और यही पूछताछ एक मामूली ड्रग डील से बढ़कर अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कहानी बन गई. साधारण मकान के अंदर चल रही इस ‘केमिकल किचन’ ने यह साफ कर दिया कि अपराध अब छिपने के नए-नए तरीके खोज चुका है.
क्या है मामला?
दक्षिण जिला पुलिस ने 36 वर्षीय नाइजीरियन नागरिक इमैनुएल को गिरफ्तार किया है. वह साउथ दिल्ली के देवली इलाके में एक साधारण घर से MDMA और हेरोइन बनाने की लैब चला रहा था. पुलिस ने उसके पास से रेडी-टू-सेल हेरोइन बरामद की. इसकी कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है.
एक छोटी-सी चूक हुई और परत-दर-परत एक बड़ा राज खुलता चला गया. (फोटो AI)
कैसे हुआ खुलासा?
20 जनवरी को ACP मुकेश वालिया और SHO परस नाथ वर्मा की टीम फुट पेट्रोलिंग पर थी. इसी दौरान इमैनुएल पुलिस को देखकर भागने लगा. शक गहराया तो तलाशी ली गई और हेरोइन मिली. पूछताछ आगे बढ़ी तो मामला सिर्फ सप्लाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि निर्माण तक पहुंच गया.
घर के अंदर क्या मिला?
पुलिस को आरोपी के घर से 16 किलो क्रिस्टलाइन मटीरियल, 16 किलो ग्रे दानेदार पदार्थ, 51 किलो केमिकल लिक्विड और 30 बिना लेबल की कांच की बोतलें मिलीं. कुल 113 किलो कच्चा माल जब्त किया गया. इनसे बनने वाली MDMA और हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कई करोड़ रुपए हो सकती थी.
क्यों है यह गिरफ्तारी अहम?
इमैनुएल भारत में अवैध रूप से रह रहा था. NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है. स्पेशल CP मधुप तिवारी के निर्देश पर जॉइंट CP संजय जैन की अगुआई में सप्लाई चेन और अंतरराष्ट्रीय कार्टेल से जुड़े लोगों की तलाश जारी है.
About the Author
सुमित कुमार News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वे पिछले 3 साल से यहां सेंट्रल डेस्क टीम से जुड़े हुए हैं. उनके पास जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री है. News18 हिंदी में काम करने से पहले, उन्ह…और पढ़ें