Recipe: दाल-चावल से बनता है यह पारंपरिक झारखंडी नाश्ता, खास मौकों पर होता तैयार, स्वाद ऐसा कि समोसा-पकौड़ा फेल
Last Updated:
Jharkhandi Dhuska Recipe: भिगोये दाल-चावल से बनने वाली पारंपरिक धुस्का की रेसिपी जितनी आसान हैं, यह डिश खाने में उतनी ही टेस्टी लगती है. आमतौर पर इसे आलू की सब्जी या चने की घुघनी के साथ परोसा जाता है पर यह केवल चटनी के साथ भी लाजलाब स्वाद देती है. जानते हैं ट्रेडिशनल धुस्का बनाने की रेसिपी.

झारखंड की पारंपरिक व्यंजनों की बात हो और धुस्का (Dhuska) का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम यह स्वादिष्ट पकवान राज्य के कई इलाकों में बड़े चाव से खाया जाता है. इसे खासतौर पर त्योहारों, मेलों और पारिवारिक आयोजनों में बनाया जाता है, लेकिन अब यह रोज़मर्रा के नाश्ते का भी हिस्सा बन चुका है. धुस्का आमतौर पर आलू की सब्जी या चने की घुघनी के साथ परोसा जाता है, जिससे इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

धुस्का बनाने के लिए मुख्य रूप से चावल और दाल का उपयोग किया जाता है. इसके लिए 1 कप चावल, आधा कप चना दाल और आधा कप धुली उड़द दाल लें. इन सभी को अच्छी तरह धोकर कम से कम 6–7 घंटे या रात भर पानी में भिगो दें. भिगोने से दाल और चावल नरम हो जाते हैं, जिससे पीसने में आसानी होती है और धुस्का का टेक्सचर भी अच्छा बनता है. सुबह भीगे हुए मिश्रण का पानी निकालकर मिक्सर में दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो, वरना धुस्का तेल में फैल सकता है.

अब इस पिसे हुए घोल में स्वादानुसार नमक मिलाएं. कई लोग इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा सा अदरक पेस्ट और जीरा भी डालते हैं, जिससे स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है. कुछ जगहों पर हल्दी की हल्की मात्रा भी मिलाई जाती है ताकि रंग हल्का सुनहरा आए. तैयार घोल को 10–15 मिनट ढककर रख दें ताकि स्वाद अच्छी तरह मिल जाए. इस बीच कढ़ाही में तेल गरम होने के लिए चढ़ा दें. धुस्का डीप फ्राई किया जाता है, इसलिए तेल की मात्रा पर्याप्त होनी चाहिए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जब तेल अच्छी तरह गरम हो जाए, तब एक करछी भर घोल लेकर धीरे से तेल में डालें. यह अपने आप गोल आकार ले लेता है. आंच मध्यम रखें ताकि धुस्का बाहर से जले नहीं और अंदर तक अच्छे से पक जाए. दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें. तैयार धुस्का को कढ़ाही से निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. इसी तरह सारे धुस्के तल लें.

गरमागरम धुस्का को आलू–चना की मसालेदार सब्जी या घुघनी के साथ परोसें. ऊपर से थोड़ा सा हरा धनिया और कटा प्याज डालने से स्वाद और भी बढ़ जाता है. झारखंड का यह देसी स्वाद एक बार चख लिया जाए, तो बार-बार खाने का मन करता है.