कालनेमि कर रहे सनातन को कमजोर.. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद विवाद के बीच CM योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, कहा- सतर्क रहना होगा
Last Updated:
UP Politics: हरियाणा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज माघ मेला प्रशासन और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर बिना नाम लिए पलटवार किया. उन्होंने कहा कि एक संन्यासी के लिए धर्म और राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं होता। लेकिन कुछ कालनेमि धर्म की आड़ में सनातन को कमजोर करना चाह रहे हैं. ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ.हरियाणा के सोनीपत जिले में मुरथल स्थित बाबा नागे वाला धाम में नाथ संप्रदाय के मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह और भव्य भंडारे को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “एक योगी, एक संत या संन्यासी के लिए धर्म और राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं होता. उसकी कोई व्यक्तिगत संपत्ति नहीं होती-धर्म ही उसकी संपत्ति है और राष्ट्र ही उसका स्वाभिमान.” उन्होंने आगे कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि धर्म के खिलाफ आचरण करता है, तो समझना चाहिए कि ऐसे बहुत से कालनेमि हैं जो धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं. “हमें उनसे सतर्क रहना होगा और ऐसी शक्तियों को पहचानकर उनका मुकाबला करना होगा.”
आज गुलामी की बेड़ियां टूट गई हैं
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में सनातन संस्कृति के पुनरुत्थान के उदाहरण देते हुए कहा, “आज गुलामी की बेड़ियां टूट गई हैं. आज अयोध्या में भव्य सनातन पताका फहरा रही है.” उन्होंने याद दिलाया कि दस साल पहले काशी विश्वनाथ धाम में एक साथ दस लोग भी नहीं जा पाते थे, लेकिन आज वहां प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु दर्शन करते हैं. प्रयागराज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण दिखाई दे रहा है. “यह संतों का प्रताप है, जिससे श्रद्धालुओं का सम्मान हो रहा है. माघ मेले में लाखों-करोड़ों लोग स्नान कर रहे हैं, जो सनातन की जीवंतता को दर्शाता है.”
सनातन धर्म से ही भारत मजबूत
मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म को भारत की मजबूती का आधार बताते हुए कहा, “भारत का हित सनातन धर्म से ही जुड़ा है. सनातन धर्म जब मजबूत होगा, तब विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा. सनातन धर्म से ही भारत मजबूत बनेगा.” उन्होंने आह्वान किया कि धार्मिक हो या राजनीतिक नेतृत्व, ऐसे ही समर्पित लोगों के हाथ में सौंपना चाहिए जो भारत को दो हजार वर्ष पहले वाली बुलंदियों पर पहुंचा सकें. यह बयान ऐसे समय में आया है जब सनातन परंपराओं, मंदिर निर्माण और आस्था के केंद्रों के विकास को लेकर चर्चा जोरों पर है. सीएम योगी के इस बयान को शंकराचार्य विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
About the Author
अमित तिवारी, News18 Hindi के डिजिटल विंग में प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट हैं. वर्तमान में अमित उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और रिसर्च बेस्ड कवरेज कर रहे हैं. अख़बार…और पढ़ें