Delhi Style Ram Laddu Recipe। दिल्ली के राम लड्डू रेसिपी

Share to your loved once


Ram Laddu Recipe: दिल्ली की स्ट्रीट फूड गलियों की बात हो और राम लड्डू का जिक्र न आए, ऐसा मुमकिन ही नहीं है. लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, साउथ एक्स जैसे इलाकों में ये छोटे-छोटे गोल लड्डू सालों से लोगों के दिल पर राज कर रहे हैं. सुबह की हल्की भूख हो या शाम की चाय का टाइम, राम लड्डू हर मौके पर परफेक्ट लगते हैं. खास बात ये है कि ये देखने में जितने साधारण लगते हैं, स्वाद में उतने ही जबरदस्त होते हैं. राम लड्डू असल में दाल से बने नरम और हल्के पकौड़े होते हैं, जिन्हें ऊपर से कद्दूकस की हुई मूली, तीखी हरी चटनी और हल्का सा चाट मसाला डालकर परोसा जाता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से सॉफ्ट ये लड्डू बिना आलू के बनते हैं, इसलिए कई लोग इन्हें हल्का और पेट के लिए बेहतर भी मानते हैं. दिल्ली वाले इसे सिर्फ नाश्ता नहीं, बल्कि एक फीलिंग की तरह खाते हैं.

अक्सर लोग सोचते हैं कि स्ट्रीट स्टाइल राम लड्डू घर पर बनाना मुश्किल होगा, लेकिन सच्चाई ये है कि थोड़ी सी तैयारी और सही तरीके से आप बिल्कुल वही स्वाद अपने किचन में पा सकते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे दिल्ली स्टाइल राम लड्डू बनाने की आसान रेसिपी, साथ ही वो स्पेशल हरी चटनी भी, जिसके बिना राम लड्डू अधूरे लगते हैं.

राम लड्डू बनाने की सामग्री
दाल के मिश्रण के लिए
-मूंग दाल (बिना छिलके वाली) -1 कप
-चना दाल -¼ कप
-उड़द दाल -2 बड़े चम्मच
-अदरक -1 इंच का टुकड़ा, बारीक कटा
-हरी मिर्च -2–3, बारीक कटी
-हींग -एक चुटकी
-नमक -स्वाद के हिसाब से
-तेल -तलने के लिए

राम लड्डू बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले मूंग, चना और उड़द दाल को अच्छी तरह साफ करके धो लें. अब इन्हें कम से कम 4–5 घंटे या रात भर के लिए पानी में भिगो दें. भीगने के बाद सारा पानी निकाल दें और दाल को मिक्सी में बिना पानी डाले हल्का दरदरा पीस लें. ध्यान रखें, पेस्ट बहुत ज्यादा स्मूद नहीं होना चाहिए.

2. अब पिसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालें. इसमें हींग और नमक डालें. इसके बाद हाथ या विस्कर से बैटर को एक ही दिशा में करीब 5–10 मिनट तक फेंटें. इससे बैटर में हवा भरती है और लड्डू हल्के बनते हैं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. बैटर तैयार हुआ या नहीं, ये चेक करने के लिए एक कटोरी पानी लें. उसमें बैटर की एक बूंद डालें. अगर बूंद ऊपर तैरने लगे, तो बैटर एकदम सही है.

4. अब कड़ाही में तेल गरम करें. तेल मध्यम गरम हो जाए, तब हाथों को हल्का गीला करके छोटे-छोटे गोले बनाएं और तेल में डालें. लड्डुओं को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. इन्हें बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि रंग बराबर आए.

मूली की तैयारी
जब तक लड्डू तल रहे हों, तब तक ताजी मूली को कद्दूकस कर लें. इसमें बारीक कटा हरा धनिया और थोड़ा सा नींबू का रस मिला दें. नमक आखिर में डालें, वरना मूली पानी छोड़ देगी और स्वाद बिगड़ सकता है.

स्पेशल तीखी हरी चटनी की रेसिपी
सामग्री
-धनिया पत्ता -1 कप
-पुदीना पत्ता -½ कप
-मूली के पत्ते -½ कप
-अदरक -1 इंच
-हरी मिर्च -4–5
-नींबू का रस -1 बड़ा चम्मच
-काला नमक और साधारण नमक -स्वाद के हिसाब से

बनाने का तरीका
सारी चीजों को मिक्सी में डालें. थोड़ा सा पानी डालकर बारीक पीस लें. मूली के पत्ते डालने से चटनी में वही स्ट्रीट स्टाइल तीखापन और खुशबू आती है, जो दिल्ली के राम लड्डू की पहचान है.

राम लड्डू सर्व करने का सही तरीका
एक प्लेट में 5–6 गरमा-गरम राम लड्डू रखें. ऊपर से ढेर सारी कद्दूकस की हुई मूली डालें. अब ऊपर से तीखी हरी चटनी फैलाएं. आखिर में थोड़ा सा चाट मसाला छिड़क दें. चाहें तो नींबू की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं. बिल्कुल दिल्ली स्टाइल राम लड्डू तैयार हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP