Magh Mela 2026 LIVE: वसंत पंचमी पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं के लिए संगम पर जल-थल-नभ से सुरक्षा, लापरवाही पर कटे अफसरों के वेतन
Last Updated:

Prayagraj Magh Mela 2026 Live: संगम की रेती पर अध्यात्म और आस्था का महाकुंभ ‘माघ मेला’ अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ चला है. मौनी अमावस्या पर 4.52 करोड़ श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड आगमन के बाद अब मेला प्रशासन ‘वसंत पंचमी’ (23 जनवरी) से ‘अचला सप्तमी’ (25 जनवरी) के भारी स्नान पर्वों की तैयारी में जुट गया है. अनुमान है कि इन तीन दिनों में करीब 3.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी में डुबकी लगाएंगे. सुरक्षा के ऐसे इंतजाम हैं कि परिंदा भी पर न मार सके जल, थल और नभ तीनों ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट…
शंकराचार्य पद का विवाद: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का कड़ा रुख
मेला प्राधिकरण और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के बीच विवाद गहरा गया है. प्राधिकरण के नोटिस का जवाब देते हुए स्वामी जी के वकील ए.के. मिश्रा ने 8 पन्नों का कानूनी जवाब भेजा है. जवाब में कहा गया है कि स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने उन्हें जीवित रहते हुए उत्तराधिकारी नियुक्त किया था और उनका अभिषेक वैदिक रीति से हो चुका है. उन्होंने प्रशासनिक हस्तक्षेप को असंवैधानिक बताया और कहा कि यदि 24 घंटे में नोटिस वापस नहीं लिया गया, तो ‘अवमानना’ की कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो राजनीतिक दल ‘गौ हत्या’ बंद करने का संकल्प लेगा, वही उनके हृदय के करीब होगा.
Magh Mela 2026 Latest Updates: अग्नि तांडव: बाल-बाल बचे श्रद्धालु
मेला क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित ‘श्री परांकुश वैष्णव सेवा आश्रम’ में भीषण आग लग गई. घटना के वक्त शिविर में लोग सो रहे थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई. हालांकि, इस हादसे में राशन, कपड़े और 3 लाख रुपये की नकदी जलकर राख हो गई.
Magh Mela 2026 Latest News: प्रमुख स्नान घाटों की सूची
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों का विस्तृत वर्गीकरण किया है:
- अरैल क्षेत्र: पक्का घाट, सेल्फी पॉइंट, महाकाल आरती घाट, चक्र माधव और सोमेश्वर महादेव घाट.
- झूंसी क्षेत्र: संगम लोअर घाट, एरावत घाट, मोरी घाट, ओल्ड जीटी घाट और कल्पवासी घाट.
- संगम/सिविल लाइंस क्षेत्र: संगम नोज, यमुनापट्टी, गंगापट्टी, महावीर घाट, रामघाट, दशाश्वमेध और नागवासुकि घाट.
Magh Mela 2026 Live News: भीड़ प्रबंधन और रूट चार्ट: पांटून पुलों की व्यवस्था
मेला अधिकारी ऋषिराज ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चकर्ड प्लेट सड़कों और पांटून पुलों की मजबूती सुनिश्चित की गई है. आवागमन के लिए विशेष रूट तय किए गए हैं:
- परेड से झूंसी जाने के लिए: पांटून पुल संख्या- 3, 5 और 7 का प्रयोग करें.
- झूंसी से परेड आने के लिए: पांटून पुल संख्या- 4 और 6 का प्रयोग करें.
- आपात स्थिति: पांटून पुल संख्या- 1 और 2 को रिजर्व रखा गया है.
Magh Mela 2026 Live Updates: निरीक्षण में सख्ती: लापरवाही पर गिरी गाज
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बुधवार को 8 प्रमुख स्नान घाटों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सेक्टर-5 के घाटों पर गंदगी मिलने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और सेक्टर के मेडिकल ऑफिसर समेत दो सर्किल इंस्पेक्टरों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए. वहीं, बेहतर कार्य करने पर सेक्टर-4 स्थित एरावत घाट के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की गई.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें