IND vs NZ 1st T20 Match Report: अभिषेक शर्मा-रिंकू सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने दिखाए दम, पहले टी20 में न्यूजीलैंड बेदम
Last Updated:
अभिषेक शर्मा के 84 और रिंकू सिंह के ताबड़तोड़ 44 रन की बदौलत भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 238 रन बनाए. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों पर 78 रन की विस्फोटक पारी खेली लेकिन उनकी यह पारी कीवियों को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुई. भारत ने 5 मैचों की टी20 सीरीज 1-0 की बढ़त बना ली. सीरीज का दूसरा टी20 मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा.
भारत ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. नई दिल्ली. भारत ने पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 48 रन से हरा दिया. नागपुर में खेले गए पहले मैच में भारत की ओर से अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह ने जहां बल्लेबाजी में हाथ दिखाए वहीं गेंदबाजी में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह छाए. ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड को जीत दिलाने के भरसक प्रयास किए लेकिन उनकी 78 रनों की तेजतर्रार पारी भी कीवी टीम को जीत नहीं दिला सकी. 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत 1-0 से आगे हो गया है. सीरीज का दूसरा टी20 मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा.
भारत की ओर से रखे गए 239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 7 विकेट पर 190 रन ही बना सकी. कीवी टीम की ओर से फिलिप्स के अलावा मार्क चैपमैन ने 39 रन की पारी खेली वहीं ओपनर टिम रॉबिन्सन 21 रन बनाकर आउट हुए. विकेटकीपर डेवोन कॉनवे खाता भी नहीं खोल सके जबकि रचिन रवींद्र एक रन बनाकर आउट हुए. डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली. क्रिस्टन डी क्लर्क खाता खोले बगैर पवेलियन लौटे. मिचेल सैंटनर ने 20 रन नाबाद बनाए . भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने दो दो विकेट लिए.
न्यूजीलैंड के लिए लक्ष्य बहुत बड़ा था
न्यूजीलैंड के लिए यह लक्ष्य बहुत मुश्किल था. उन्होंने अच्छा संघर्ष किया और भारत के दो सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह का डटकर सामना किया. लेकिन लक्ष्य बहुत बड़ा था. डेवोन कॉनवे अर्शदीप के पहले ओवर में ही जल्दी आउट हो गए, लेकिन ग्लेन फिलिप्स शानदार फॉर्म में थे. जब तक फिलिप्स क्रीज पर थे, न्यूजीलैंड के लिए इस लक्ष्य को हासिल करने की थोड़ी सी उम्मीद थी. मार्क चैपमैन ने भी अच्छी बल्लेबाजी की.
भारत ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई.
भारत ने 7 विकेट पर 238 रन बनाए
इससे पहले, भारत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 84 रन की धमाकेदार पारी से पांच मैच की सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट पर 238 रन का स्कोर खड़ा किया. अभिषेक ने 35 गेंद की पारी के दौरान आठ छक्के और पांच चौके जड़े. उन्होंने और कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) ने तीसरे विकेट के लिए 47 गेंद में 99 रन की साझेदारी की. रिंकू सिंह ने 20 गेंद में चार चौके और तीन छक्के से नाबाद 44 रन की तेज पारी खेली. ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने 25 रन का योगदान दिया. न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी और काइल जैमीसन ने दो दो विकेट झटके.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें