Mustard-Garlic Chutney: सिंपल खाने को भी जानदार बना देती है लहसुन-सरसों की चटनी, 2 रोटी खाने वाले खा जाएं चार!
Last Updated:
Mustard Garlic Chutney Recipe: झारखंड की तरफ बनने वाली बहुत सी चटनियों में से एक है लहसुन और सरसों की चटनी. इसका तीखा स्वाद किसी भी सिंपल खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए काफी है. इसे बनाना बेहद आसान है और यह सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है.

झारखंड की भोजन परंपरा सादगी, प्राकृतिक सामग्री और मौसमी जरूरतों पर आधारित रही है. यहां की पारंपरिक चटनियां केवल स्वाद बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सेहत से भी गहरा जुड़ाव रखती हैं. इन्हीं चटनियों में खास स्थान रखती है सरसों–लहसुन की चटनी, जो विशेष रूप से सर्दियों के मौसम में गांव-देहात से लेकर शहरी घरों तक बड़े चाव से बनाई और खाई जाती है.

सरसों–लहसुन की चटनी झारखंड के आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में पीढ़ियों से बनती आ रही है. स्थानीय लोग इसे शरीर को गर्म रखने वाली और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली चटनी मानते हैं. ठंड के दिनों में यह चटनी भात, साग और रोटी के साथ भोजन को स्वादिष्ट बनाने के साथ-साथ ऊर्जा भी देती है.

इस चटनी को बनाने के लिए सरसों, लहसुन, सूखी लाल मिर्च और सरसों का तेल मुख्य रूप से उपयोग में लाया जाता है. सबसे पहले सरसों को अच्छी तरह साफ कर हल्के गुनगुने पानी में कुछ देर के लिए भिगो दिया जाता है, जिससे उसकी कड़वाहट कम हो जाती है. वहीं सूखी लाल मिर्च को हल्का भिगोकर या तवे पर सेंककर तैयार किया जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इसके बाद भीगी हुई सरसों, लहसुन की कलियां, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक को सिल–बट्टे या मिक्सी में पीसा जाता है. झारखंडी परंपरा में सिल–बट्टे पर पिसी चटनी को अधिक स्वादिष्ट माना जाता है. पीसते समय थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाया जाता है, जिससे चटनी गाढ़ी और संतुलित बनती है .

चटनी तैयार होने के बाद इसमें कच्चा सरसों का तेल मिलाया जाता है. यही तेल चटनी को उसकी तीखी खुशबू और असली देसी स्वाद देता है. कई इलाकों में स्वाद बढ़ाने के लिए सरसों के तेल में सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का तड़का लगाकर चटनी के ऊपर डाला जाता है .

सरसों–लहसुन की चटनी को आमतौर पर सादा भात, साग, चूड़ा, रोटी या मंडुआ की रोटी के साथ परोसा जाता है. यह साधारण भोजन को भी विशेष बना देती है. ग्रामीण क्षेत्रों में इसे खेतों में काम करने के बाद पौष्टिक आहार के रूप में खाया जाता है.