Basant Panchami 2026 Daan। बसंत पंचमी पर राशि अनुसार दान
Basant Panchami 2026: बसंत पंचमी का पर्व भारतीय संस्कृति में खास स्थान रखता है. यह दिन ज्ञान, शिक्षा, संगीत और कला की देवी मां सरस्वती को समर्पित होता है. हर साल माघ महीने की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को यह त्योहार पूरे देश में श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है. बसंत पंचमी सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि यह मौसम के बदलाव और नई शुरुआत का संकेत भी देता है. इसी दिन से बसंत ऋतु की शुरुआत मानी जाती है, जब चारों ओर हरियाली, फूलों की खुशबू और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती का प्राकट्य हुआ था. इसलिए इस दिन पढ़ाई शुरू करना, नई कला सीखना, व्यापार की शुरुआत करना और शुभ कार्य करना अच्छा माना जाता है. खास बात यह है कि इस दिन अबूझ मुहूर्त होता है, यानी किसी भी शुभ काम के लिए अलग से मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं पड़ती. इस विषय में अधिक जानकारी दे रहे हैं भोपाल निवासी ज्योतिषी एवं वास्तु सलाहकार पंडित हितेंद्र कुमार शर्मा.
साल 2026 में बसंत पंचमी का पर्व 23 जनवरी, शुक्रवार को मनाया जाएगा. मान्यता है कि इस दिन राशि के अनुसार दान करने से मां सरस्वती जल्दी प्रसन्न होती हैं और जीवन में रुके हुए काम पूरे होने लगते हैं. शिक्षा, करियर, धन और मानसिक शांति के लिए यह दिन बहुत फलदायी माना गया है.
बसंत पंचमी 2026 की तिथि और पूजा समय
माघ शुक्ल पंचमी तिथि की शुरुआत 23 जनवरी 2026 को सुबह 02 बजकर 28 मिनट पर होगी.
पंचमी तिथि का समापन 24 जनवरी 2026 को सुबह 01 बजकर 46 मिनट पर होगा.
पूजा का शुभ समय सुबह 07 बजकर 13 मिनट से दोपहर 12 बजकर 33 मिनट तक रहेगा.
राशि अनुसार करें दान
मेष राशि
इस राशि के लोगों को बसंत पंचमी के दिन लाल रंग की चीजें दान करनी चाहिए. लाल कपड़े, गुड़ या तांबे की वस्तु दान करने से मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है.
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए सफेद रंग शुभ माना जाता है. इस दिन सफेद अनाज, दूध से बनी मिठाई या सफेद कपड़े दान करना लाभकारी होता है.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों को हरे रंग की वस्तुएं दान करनी चाहिए. हरी सब्जियां, मूंग दाल या हरे वस्त्र देने से शिक्षा और करियर में फायदा मिलता है.
कर्क राशि
कर्क राशि के लोग सफेद कपड़े, चांदी या खीर का दान करें. ऐसा करने से मन शांत रहता है और चंद्रमा से जुड़े दोष कम होते हैं.
सिंह राशि
सिंह राशि वालों को गुलाबी रंग की चीजें दान करनी चाहिए. यह दान रिश्तों में मिठास बढ़ाने और आत्मविश्वास मजबूत करने में मदद करता है.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए गेहूं और फल का दान शुभ माना गया है. इससे आर्थिक स्थिति बेहतर होती है और जीवन में स्थिरता आती है.
तुला राशि
तुला राशि के लोग शहद और चांदी का दान करें. यह दान सौभाग्य बढ़ाने और रुके हुए काम पूरे करने में सहायक माना जाता है.
वृश्चिक राशि
इस राशि के जातकों को नारियल और काले कपड़े का दान करना चाहिए. इससे जीवन की परेशानियां कम होती हैं और नकारात्मक ऊर्जा दूर रहती है.
धनु राशि
धनु राशि वालों को पीले कपड़े, हल्दी और केले का दान करना शुभ माना जाता है. इससे भाग्य मजबूत होता है और ज्ञान में वृद्धि होती है.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों को गरीब बच्चों को किताबें दान करनी चाहिए. यह दान मां सरस्वती को बहुत प्रिय है और शिक्षा से जुड़े कामों में सफलता दिलाता है.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के लोग कला से जुड़ी चीजें जैसे रंग, कॉपी या संगीत से जुड़ा सामान दान करें. इससे रचनात्मक सोच बढ़ती है.
मीन राशि
मीन राशि वालों को पीले चावल, केसर और गाय के घी का दान करना चाहिए. इससे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है.
बसंत पंचमी पर क्या करें
इस दिन पीले कपड़े पहनें, मां सरस्वती की पूजा करें और जरूरतमंद लोगों की मदद करें. बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करना भी बहुत शुभ माना जाता है.