दिल्ली में ATM लूट का नया तरीका, शातिर चोर की गिरफ्तारी से खुला बड़ा राज, तरीका जानकर पुलिस भी रह गई हैरान | delhi police arrest atm card swapping cheater mohd kareem 61 debit cards recovered know how safe debit credit card thagi
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने राजधानी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में एटीएम कार्ड बदलकर मासूम लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद करीम के रूप में हुई है, जो जाफराबाद का रहने वाला है. यह आरोपी इतना शातिर था कि एटीएम में मदद करने के बहाने लोगों का कार्ड बदल देता था और फिर उनके बैंक खातों से न केवल पैसे निकालता था, बल्कि उन पैसों से अपने घर के लिए ऐशो-आराम का सामान भी खरीदता था. पुलिस ने इसके पास से 61 अलग-अलग बैंकों के डेबिट और क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं, जो इसकी ठगी के बड़े साम्राज्य की गवाही दे रहे हैं.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मुखर्जी नगर के रहने वाले रोशन नामक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. 3 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे रोशन मुखर्जी नगर स्थित एसबीआई (SBI) के एटीएम से पैसे निकालने गए थे. वहां कुछ तकनीकी समस्या के कारण पैसे नहीं निकल रहे थे. तभी वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने बहुत ही विनम्रता से रोशन की मदद करने की पेशकश की. उसने रोशन से कहा कि लाइए, ‘मैं चेक करता हूं कि क्या दिक्कत है.’ मदद के बहाने उसने रोशन का कार्ड लिया, उसे मशीन में डाला और फिर बहुत ही सफाई से कार्ड बदल दिया. उसने रोशन को एक दूसरा फर्जी कार्ड थमा दिया और कहा कि एटीएम में कोई तकनीकी खराबी है, इसलिए पैसे नहीं निकल रहे.
ठगी के पैसों से घर में सजाया ‘विजय सेल्स’ का शोरूम
रोशन को इस धोखाधड़ी का अहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर ₹20,000 की निकासी और उसके बाद मॉडल टाउन स्थित ‘विजय सेल्स’ शोरूम से भारी भरकम खरीदारी के मैसेज आने लगे. शातिर करीम ने रोशन के कार्ड का इस्तेमाल कर अपने लिए एक वॉशिंग मशीन, एक ऑयल हीटर, एक इलेक्ट्रिक प्रेस, वन-प्लस के ईयरबड्स और एक एयर प्यूरीफायर खरीद लिया. पीड़ित की शिकायत पर मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की और मामले की जांच शुरू की.
सीसीटीवी और गुप्त सूचना ने बिछाया जाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर-पश्चिम जिले के एडिशनल कमिश्नर भीष्म सिंह (IPS) और एसीपी मॉडल टाउन सुरेश चंद्र के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई. मुखर्जी नगर थाना प्रभारी (SHO) राजीव शाह के नेतृत्व में बनी इस टीम में हेड कांस्टेबल विकास, प्रवीण, कांस्टेबल योगेश और गोदाराम शामिल थे. जांच टीम ने सबसे पहले मॉडल टाउन के ‘विजय सेल्स’ शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में मोहम्मद करीम खरीदारी करता हुआ साफ नजर आया. इसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिरों के जाल को सक्रिय किया और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाफराबाद इलाके में छापेमारी की और 39 वर्षीय मोहम्मद करीम को दबोच लिया. गहन पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
कार्डों का जखीरा और फर्जी नंबर प्लेट
जब पुलिस ने मोहम्मद करीम के घर की तलाशी ली, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए. आरोपी के घर से ठगी के पैसों से खरीदी गई बिल्कुल नई वॉशिंग मशीन, ऑयल हीटर, इलेक्ट्रिक प्रेस और एयर प्यूरीफायर बरामद हुए. लेकिन सबसे बड़ी बरामदगी 61 डेबिट और क्रेडिट कार्ड की थी. ये सभी कार्ड अलग-अलग लोगों के थे, जिन्हें उसने इसी तरह एटीएम में मदद के बहाने बदला था. इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी के पास से तीन फर्जी नंबर प्लेट बाइक की आगे और पीछे की भी बरामद की हैं. इन नंबर प्लेटों का इस्तेमाल वह वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस की नजरों से बचने के लिए करता था.
आसान पैसे की चाहत ने बनाया मुजरिम
जांच में पता चला कि मोहम्मद करीम पहले भी न्यू अशोक नगर थाने में चोरी और धोखाधड़ी के मामले में शामिल रहा है. वह कम समय में और बिना मेहनत के अमीर बनने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था. वह अक्सर ऐसे एटीएम को निशाना बनाता था जहां सुरक्षा गार्ड नहीं होते थे या जहां बुजुर्ग और सीधे-सादे लोग पैसे निकालने आते थे.
दिल्ली पुलिस की आम जनता को सलाह
इस मामले के सुलझने के बाद दिल्ली पुलिस ने नागरिकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुरक्षा सुझाव जारी किए हैं. एटीएम में किसी अनजान की मदद न लें\, चाहे कितनी भी तकनीकी समस्या हो, अपना कार्ड कभी किसी अजनबी के हाथ में न दें. अपना पिन डालते समय कीपैड को दूसरे हाथ से ढक लें ताकि कोई उसे देख न सके. यदि आप एटीएम के उपयोग में सहज नहीं हैं, तो अपने किसी भरोसेमंद रिश्तेदार को साथ ले जाएं. एटीएम से बाहर निकलने से पहले यह सुनिश्चित करें कि कार्ड आपका ही है और उस पर आपका नाम लिखा है.
मुखर्जी नगर पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन 61 कार्डों के जरिए आरोपी ने किन-किन अन्य लोगों को चूना लगाया है. इस गिरफ्तारी से इलाके में एटीएम फ्रॉड की वारदातों में कमी आने की उम्मीद है.