विवेक अग्निहोत्री ने 19 जनवरी पर कश्मीरी पंडित पलायन की पीड़ा साझा की
Last Updated:
19 जनवरी का दिन कश्मीर के इतिहास में एक ऐसे दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है, जिसे भुला पाना आज भी नामुमकिन है. 36 साल पहले इसी दिन हजारों कश्मीरी पंडित परिवारों को अपनी जड़ों, अपने घरों और अपने सपनों को छोड़ने पर मजबूर कर दिया गया था. इस काले सच को एक बार फिर फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने याद किया है, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए उस त्रासदी और उससे जुड़े अनकहे दर्द को सामने रखा, जो आज भी जिंदा है.
विवेक अग्निहोत्रीनई दिल्ली. डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री अपने बेबाक विचारों और सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाने के लिए पहचाने जाते हैं. उन्होंने अपनी चर्चित फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के जरिए 90 के दशक में कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों के साथ हुई त्रासदी को देश-दुनिया के सामने रखा था. अब एक बार फिर 19 जनवरी के मौके पर उन्होंने उस काले अध्याय को याद करते हुए अपनी भावनाएं साझा की हैं.
विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ एनिमेटेड तस्वीरें पोस्ट की हैं. इन तस्वीरों में एक हिंदू परिवार को अत्याचारों का सामना करते हुए दिखाया गया है, जो अपनी जान बचाने के लिए अपने घर, अपनी जड़ों और अपने सपनों को छोड़ने पर मजबूर हो जाता है. ये तस्वीरें उस दर्द और भय को बयां करती हैं, जिसे हजारों परिवारों ने झेला.
विवेक को याद आए 36 साल पुराने जख्म
इन तस्वीरों के साथ फिल्ममेकर ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा. उन्होंने कहा कि 19 जनवरी वह दिन है, जब कश्मीरी हिंदुओं को अपनी ही जमीन छोड़ने के लिए मजबूर किया गया. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इतने वर्षों बाद भी वे लोग आज तक अपने घर वापस नहीं लौट पाए हैं और अपने ही देश में शरणार्थियों की तरह जीवन जीने को मजबूर हैं.
View this post on Instagram