Jammu Kashmir Terrorist Encounter | Kishtwar Terrorist Encounter | Kishtwar Terrorist Encounter LIVE Updates | किश्तवाड़ मुठभेड़ में सेना का जवान शहीद, आतंकियों के ग्रेनेड अटैक से घायल 7 जवान

Share to your loved once


जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया. सिंहपुरा इलाके में रविवार से ही जारी मुठभेड़ में स्पेशल फोर्स के हवलदार गजेंद्र सिंह घायल हो गए, जिन्होंने आज अस्पातल में दम तोड़ दिया. सूत्रों के मुताबिक, जवान की हालत आज सुबह तक गंभीर बनी हुई थी, लेकिन सीने में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

सेना के व्हाइट नाइट कोर ने गजेंद्र सिंह की शहादत को सलाम करते हुए बयान जारी किया है. व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) और सभी रैंकों ने हवलदार गजेंद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की है, जिन्होंने ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ के तहत किश्तवाड़ के सिंहपुरा क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान वीरता से लड़ते हुए शहादत दी.

बयान में कहा गया कि हवलदार गजेंद्र सिंह ने अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्य के प्रति निस्वार्थ समर्पण का परिचय दिया. सेना ने इस दुख की घड़ी में शहीद जवान के परिजनों के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात भी कही है.

छतरू में डटे बड़े सैन्य अधिकारी

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छतरू इलाके में छिपे आतंकियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान दूसरे दिन भी लगातार जारी है. छतरू वन क्षेत्र की दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान को और तेज कर दिया है.

सूत्रों के मुताबिक, अभियान की निगरानी के लिए सेना के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मुठभेड़ स्थल पर पहुंच गए हैं और पूरे ऑपरेशन पर करीबी नजर बनाए हुए हैं. कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, ऊंची पहाड़ियों और घने जंगलों के चलते यह ऑपरेशन सुरक्षा बलों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.

सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है. इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों की निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की मौजूदगी से जुड़े सभी इनपुट्स की गंभीरता से जांच की जा रही है और ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है.

अखनूर में मिला PIA वाला गुब्बारा

जम्मू जिले के अखनूर तहसील के कच्छरियाल-पलानवाला सीमा क्षेत्र में खुले मैदान से पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) का लोगो लगा एक खिलौना गुब्बारा बरामद किया गया. स्थानीय लोगों ने गुब्बारा देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में गुब्बारे में कोई भी संदिग्ध, विस्फोटक या खतरनाक सामग्री नहीं पाई गई है. इसे पूरी तरह से हानिरहित बताया गया है. पुलिस ने लोगों से घबराने की जरूरत न होने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

आतंकी मुठभेड़ में 8 जवान घायल

दरअसल यहां रविवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सेना के 8 जवान घायल हो गए. इनमें से दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें देर रात एयरलिफ्ट कर उधमपुर के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूत्रों के मुताबिक, किश्तवाड़ के छतरू स्थित सोनार गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना ने संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया था. इसी दौरान दो से तीन विदेशी आतंकवादियों के एक समूह ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और घेराबंदी तोड़ने के प्रयास में ग्रेनेड भी फेंके और फिर पहाड़ी जंगलों की तरफ भाग गए.

ग्रेनेड हमले में जवान घायल

मुठभेड़ के दौरान आतंकियों के फेंके ग्रेनेड के कारण कुछ जवानों को स्प्लिंटर से चोटें आई हैं. हालांकि, सभी घायल जवान खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. गंभीर रूप से घायल दो जवानों को तत्काल हेलीकॉप्टर से उधमपुर के कमांड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों के जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने की आशंका है. देर शाम तक दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी होती रही. इसके बाद इलाके में घेराबंदी और सख्त कर दी गई. सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अतिरिक्त जवान मौके पर भेजे गए हैं. आतंकियों की तलाश के लिए ड्रोन, उन्नत निगरानी उपकरण और खोजी कुत्तों को तैनात किया गया है. घने जंगलों और पहाड़ी इलाके को देखते हुए सुरक्षाबल हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखे हुए हैं.

जम्मू क्षेत्र में इस साल तीसरी मुठभेड़

जम्मू क्षेत्र में इस साल सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच यह तीसरी मुठभेड़ है. इससे पहले कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र के कहोग और नजोते जंगलों में 7 और 13 जनवरी को मुठभेड़ें हुई थीं. वहीं, पिछले साल 15 दिसंबर को उधमपुर जिले के मजालता क्षेत्र के सोआन गांव में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी शहीद हो गया था.

सूत्रों का कहना है कि घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी फिलहाल फरार होने में कामयाब रहे हैं, लेकिन उन्हें पकड़ने और निष्क्रिय करने के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है. सुरक्षाबलों ने साफ किया है कि इलाके में आतंकियों की मौजूदगी पूरी तरह खत्म होने तक अभियान जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP