crispy aaloo matar roll recipe home made healthy snacks
Last Updated:
Aloo Matar Roll Recipe: शाम के नाश्ते में कुछ चटपटा खाने का मन है, तो ट्राई करें यह खास आलू मटर रोल. कम समय में घर की रसोई में मौजूद सामग्री से तैयार होने वाला यह स्नैक, स्वाद और सेहत का एक शानदार मिश्रण है. सिलवट पर पिसे मसालों और कुरकुरेपन के साथ जानें इसे बनाने की सबसे आसान विधि, जो आपकी शाम की चाय का मजा दोगुना कर देगी.
दरभंगा: भागदौड़ भरी इस जिंदगी में अक्सर लोग शाम के नाश्ते के लिए बाहर के जंक फूड पर निर्भर हो जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कम खर्च और कम समय में आप घर की रसोई में ही बाजार से भी ज्यादा लजीज और पौष्टिक नाश्ता तैयार कर सकते हैं? आज हम आपको बताने जा रहे हैं आलू मटर रोल की एक ऐसी रेसिपी. जो न केवल स्वाद में बेमिसाल है, बल्कि इसे गेहूं के आटे से बनाए जाने के कारण यह बेहद पौष्टिक भी है. बच्चे हों या बड़े, हर कोई इस नाश्ते का दीवाना हो जाएगा.
सामग्री जो बनाएगी इसे खास
इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात यह है कि इसकी अधिकांश सामग्री आपकी रसोई में पहले से ही मौजूद होती है. बेस के लिए 2 कप गेहूं का आटा, 1 चम्मच अजवाइन, 1 चम्मच मंगरैल (कलौंजी), नमक और मोयन के लिए रिफाइंड तेल. स्टफिंग के लिए 4-5 उबले हुए आलू (कद्दूकस किए हुए), 1 कप ताजे हरे मटर. मसालों में जीरा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट.
बनाने की सरल विधि
सबसे पहले उबले हुए आलुओं को कद्दूकस कर लें. एक कड़ाही में थोड़ा तेल गरम करें और मटर को नमक के साथ ढककर 10 मिनट तक पकाएं ताकि वे नरम हो जाएं. अब कड़ाही में दोबारा तेल डालकर जीरा और अदरक-लहसुन-मिर्च का पेस्ट भूनें. इसमें सभी सूखे मसाले (हल्दी, मिर्च, धनिया, गरम मसाला, अमचूर) डालकर अच्छे से फ्राई करें. अंत में कद्दूकस किए हुए आलू और पके हुए मटर डालकर अच्छे से मिलाएं और चोखा तैयार कर लें.
एक बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें अजवाइन, मंगरैल, नमक और थोड़ा रिफाइंड डालकर सख्त आटा गूंथ लें. इसे सेट होने के लिए करीब आधे घंटे तक छोड़ दें. आटे की लोई लेकर उसे स्लैब पर एक बड़ी गोल रोटी के आकार में बेल लें. अब चाकू की मदद से इसे लंबी-लंबी पट्टियों में काट लें. इन पट्टियों के एक सिरे पर आलू-मटर का मिश्रण रखें. धीरे-धीरे घुमाते हुए इसे रोल का आकार दें. एक कड़ाही में रिफाइंड तेल गरम करें और तैयार रोल्स को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तलने के बाद इन्हें बटर पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
चाय के साथ उठाएं लुत्फ
आपका गरमा-गरम आलू मटर रोल तैयार है. इसे आप पुदीने की हरी चटनी या टोमेटो केचप के साथ सर्व कर सकते हैं. शाम की चाय के साथ यह एक परफेक्ट स्नैक है जो न केवल पेट भरता है बल्कि घर का बना होने के कारण शुद्धता की गारंटी भी देता है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें