Hyderabadi Paneer Biryani Recipe। हैदराबादी पनीर बिरयानी रेसिपी
Last Updated:
Hyderbadi Biryani Recipe: आप वेजिटेरियन हैं और बिरयानी का नाम सुनते ही दिल खुश हो जाता है, तो हैदराबादी पनीर बिरयानी आपके लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है. अक्सर लोग सोचते हैं कि असली हैदराबादी बिरयानी सिर्फ नॉनवेज में ही अच्छी लगती है, लेकिन सच्चाई ये है कि सही तरीके, सही मसाले और थोड़ी सी समझ के साथ बनाई गई पनीर बिरयानी भी उतनी ही लाजवाब बनती है. इस रेसिपी में ना सिर्फ खुशबू दमदार होती है, बल्कि चावल का हर दाना अलग-अलग, मुलायम और फ्लेवर से भरा होता है. इस आर्टिकल में बताई गई रेसिपी पूरी तरह घर में आसानी से बनने वाली है. तो एक बार ट्राई करके जरूर देखें.

हैदराबादी पनीर बिरयानी सही तरीके और सही टाइमिंग से बनाई जाए तो इसका स्वाद कमाल का होता है. क्रिस्पी प्याज, हल्का फ्राई पनीर, खुशबूदार चावल और दम प्रोसेस इसे होटल जैसी फील देता है, जिसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है.

पनीर हैदराबादी बिरयानी के लिए जरूरी सामग्री चावल के लिए -बासमती चावल -600 ग्राम -पानी -लगभग 5 लीटर -नमक -2 टेबलस्पून -देसी घी -2 टेबलस्पून -साबुत मसाले (तेज पत्ता, दालचीनी, हरी इलायची, काली इलायची, लौंग, काली मिर्च, जावित्री, स्टार फूल) -नींबू का रस -1 टेबलस्पून -पुदीने के पत्ते -6–7

पनीर ग्रेवी के लिए -पनीर -800 ग्राम -प्याज -3 बड़े, पतले कटे -तेल -1 कप (फ्राई के लिए) -अदरक-लहसुन पेस्ट -1 टेबलस्पून -जीरा -1 टीस्पून -हरी मिर्च कुटी -1 टेबलस्पून -हल्दी -आधा टीस्पून -नमक -1 टीस्पून -कश्मीरी लाल मिर्च -1 टेबलस्पून -हैदराबादी बिरयानी मसाला -1 टीस्पून -दही -आधा कप (फेंटी हुई)<br />-देसी घी -2 टेबलस्पून -हरा धनिया -आधा कप -पुदीना -आधा कप -कुटी हुई इलायची और दालचीनी
Add News18 as
Preferred Source on Google

दम के लिए -जाफरान -जरूरत अनुसार -गुनगुना दूध -थोड़ा सा -देसी घी -1 टेबलस्पून

बिरयानी बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि 1. सबसे पहले बासमती चावल लें और उन्हें अच्छे से धोकर पानी में भिगो दें. ध्यान रखें, चावल भिगोने के बाद दोबारा न धोएं, वरना दाने टूट सकते हैं. अब प्याज को एक जैसी पतली स्लाइस में काटें. कड़ाही या भारी बर्तन में तेल गरम करें और तेज आंच पर प्याज डालें. प्याज डालने के बाद लगातार न चलाएं, बस बीच-बीच में पलटते रहें. जैसे ही हल्का लाल रंग आने लगे, गैस बंद कर दें और प्याज चलाते रहें. इससे प्याज जलेंगी नहीं और एकदम क्रिस्पी बनेंगी. इन्हें साइड में निकाल कर ठंडा होने दें.

2. अब पनीर को बड़े टुकड़ों में काटें और हल्का गोल्डन होने तक डीप फ्राई करें. फ्राई करने के बाद पनीर को जाली में रख दें ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. उसी बर्तन में जहां प्याज फ्राई हुई थी, थोड़ा सा तेल रखें. ठंडी हुई प्याज को हाथ से मसल लें और तेल में डालें. अब इसमें फ्राई पनीर, अदरक-लहसुन पेस्ट, जीरा, हरी मिर्च, हल्दी, नमक, बिरयानी मसाला, कश्मीरी मिर्च, देसी घी डालें. इसके बाद हरा धनिया, पुदीना और फेंटी हुई दही मिलाएं. सब कुछ अच्छे से मिक्स कर लें और साइड में रख दें.

3. अब चावल के लिए पानी उबालें. पानी उबलने लगे तो उसमें सारे साबुत मसाले, नमक, देसी घी और पुदीना डालें. भीगे हुए चावल छानकर उबलते पानी में डाल दें. चावल को सिर्फ 60–70 फीसदी तक पकाएं. अब नींबू का रस डालें और चावल छान लें.

4. दम वाली हांडी में पहले पनीर की ग्रेवी रखें, ऊपर से चावल फैलाएं. जाफरान को गुनगुने दूध में भिगोकर चावल पर डालें. ऊपर से थोड़ा सा घी डालें. बटर पेपर या फॉइल से ढककर ढक्कन लगाएं. तेज आंच पर 2 मिनट रखें, फिर धीमी आंच पर 10 मिनट पकाएं. गैस बंद करके 15 मिनट तक बिना खोले रखें.

परोसने का तरीका ढक्कन खोलते ही जो खुशबू आएगी, वही इस बिरयानी की पहचान है. ऊपर से बची हुई फ्राई प्याज डालें और रायता या सलाद के साथ गर्म-गर्म परोसें.