Pani Pakora Recipe। पानी के पकोड़े की रेसिपी
Pani Pakora Recipe: गरमियों के मौसम में ठंडा और चटपटा स्नैक किसी को भी लुभा सकता है. ऐसे में अगर आप रोज़ के सामान्य स्नैक्स से थक गए हैं और कुछ नया, मज़ेदार और झटपट बनने वाला ट्राय करना चाहते हैं, तो पानी के पकोड़े आपके लिए परफेक्ट हैं. ये पकोड़े खास इस लिए भी खास हैं क्योंकि इन्हें आम और इमली के खट्टे-मीठे पानी में डुबोकर परोसा जाता है, जिससे हर बाइट में एक अलग ही मज़ा आता है. पानी के पकोड़े खाने का अनुभव बिल्कुल अलग है. एक बार इनको ट्राय करने के बाद आप बाजार के गोलगप्पों का स्वाद भूल जाएंगे. यह रेसिपी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है बल्कि इसे घर पर बनाना भी बेहद आसान है. बस थोड़ी तैयारी, सही सामग्री और थोड़ा ध्यान रखने की जरूरत है.
इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि कैसे बेसन और मसालों का सही मिश्रण बनाकर कुरकुरे पकोड़े तैयार किए जा सकते हैं, साथ ही किस तरह से कच्चे आम और इमली से बनता है वह खट्टा-मीठा पानी जो इन पकोड़ों को और भी मज़ेदार बना देता है. यह रेसिपी उन लोगों के लिए भी बढ़िया है जो घर पर जल्दी और स्वादिष्ट स्नैक बनाना चाहते हैं.
पानी के पकोड़े बनाने के लिए सामग्री
पकोड़े के लिए
-बेसन – डेढ़ कप
-हल्दी पाउडर – आधा चम्मच
-नमक – स्वाद अनुसार
-कुटी हुई लाल मिर्च – 1 चम्मच
-अजवाइन – आधा चम्मच
-बेकिंग सोडा – थोड़ी मात्रा
-धनिया पत्ती – 2 चम्मच
-हरी मिर्च – 1-2, बारीक कटी
-प्याज – 1 छोटा, बारीक कटा
-तेल – तलने के लिए
हरी चटनी के लिए
-धनिया पत्ती – 1 कप
-पुदीना पत्ती – 1/2 कप
-हरी मिर्च – 1-2
-अदरक – 1 इंच का टुकड़ा
-नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
-पानी – आवश्यकता अनुसार
चटपटा मसाला पानी:
-बर्फ के टुकड़े – 1/2 कप
-पानी – आवश्यकता अनुसार
-मीठी चटनी – 2 चम्मच
-इमली के टुकड़े – 2-3
-कच्चे कटे हुए आम – 1/2 कप
-कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
-काली मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
-काला नमक – 1/2 छोटा चम्मच
-भुना जीरा पाउडर – आधा चम्मच
-चाट मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
-हींग – चुटकी भर
-नींबू के टुकड़े, धनिया पत्ती, प्याज के बारीक टुकड़े – सजावट के लिए
पानी के पकोड़े बनाने की विधि
1. पकोड़े का बैटर तैयार करना
एक बड़े बाउल में बेसन, हल्दी पाउडर, नमक, लाल मिर्च और अजवाइन डालें. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार करें. इसे 10 मिनट के लिए अलग रख दें. इसके बाद बैटर में बेकिंग सोडा, धनिया पत्ती, बारीक कटी हरी मिर्च और प्याज डालें. सभी चीज़ों को अच्छे से मिलाकर तैयार पकोड़े का मिश्रण तैयार करें.
2. पकोड़े तलना
तेल को कड़ाही में गरम करें. तैयार बैटर से छोटे-छोटे पकोड़े बनाकर गरम तेल में तलें. पकोड़े सुनहरे और क्रिस्पी होने तक तलें.
3. हरी चटनी बनाना
मिक्सर जार में धनिया पत्ती, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक और नींबू का रस डालें. थोड़ा पानी डालकर ब्लेंड करें. आपकी हरी चटनी तैयार है.
4. चटपटा मसाला पानी तैयार करना
एक बड़े कटोरे में हरी चटनी निकालें. इसमें बर्फ के टुकड़े, पानी, मीठी चटनी, लाल मिर्च, काली मिर्च, काला नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और हींग डालें. इसके बाद इमली और कच्चे आम डालकर अच्छे से मिला लें. अंत में नमक, नींबू के टुकड़े, आधा प्याज और धनिया पत्ती डालें. इसे ढककर रख दें.
5. परोसना
तले हुए पकोड़ों को तैयार मसाले वाले पानी में डालें. थोड़ी धनिया पत्ती और नींबू के टुकड़े डालकर सजाएं. गरमा-गरम, चटपटे और क्रिस्पी पानी के पकोड़े तैयार हैं.