अखिलेश को अब हुआ बीजेपी की ताकत का एहसास, बहुत देर तो नहीं हो गई? जानें क्या बोल गए
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (एसपी) के नेता प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार (16 जनवरी, 2025) को ओडिशा का दौरा किया, जहां सपा अध्यक्ष ने ‘विजन इंडिया:होलिस्टिक हेल्थ समिट’ में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने ओडिशा में पार्टी की उपस्थिति बढ़ाने के संकेत दिए और भाजपा पर भी करारा हमला किया.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी एक प्रोफेशनल पार्टी है, जिसके पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है. बीजेपी डेटा चोरी करती है और चुनावी प्रक्रिया में एसआईआर के जरिए हेरफेर किया गया. उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराना आसान नहीं है, क्योंकि वह एक बेहद फोकस्ड पार्टी है.
सांप्रदायिक रास्ता अपनाती है भाजपा
पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए सपा नेता ने कहा कि बीजेपी का एजेंडा पूरी तरह कम्यूनल है. जब-जब बीजेपी कमजोर होती है और विकास या अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं कर पाती, तब वह सांप्रदायिक रास्ता अपनाती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी बंटवारे की राजनीति नहीं करना चाहती, बल्कि सभी वर्गों को जोड़कर आगे बढ़ने में विश्वास रखती है. ओडिशा जैसे राज्य में संसाधनों का बड़ा भंडार है, जो गरीब जनता के लिए है, लेकिन बीजेपी उन संसाधनों का इस्तेमाल अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए कर रही है.
बीजेपी से मुकाबले को लेकर उन्होंने कहा कि जब बीजेपी पूरे देश में एक्सपोज होगी, तब उसे दिल्ली की सत्ता से हटाया जा सकेगा. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी से सीखने के लिए भी बहुत कुछ है, क्योंकि वह खुद को एक राजनीतिक दल से ज्यादा एक प्रोफेशनल तरीके से चलने वाली संस्था की तरह संचालित करती है.
सपा नेता का ओडिशा में तीसरा दौरा
समाजवादी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि वह इससे पहले भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए आए थे और उपचुनाव के दौरान भी यहां पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि अगर 365 दिनों में देखा जाए तो यह उनका तीसरा दौरा है. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत को आगे बढ़ाने का काम करेगी. अखिलेश यादव ने कहा, ‘पिछले उपचुनाव के दौरान मैंने लोगों से कहा था कि हम पीडीए का वृक्षारोपण करने आए हैं. हमें उम्मीद है कि ओडिशा के लोग, जिन्होंने अतीत में बीजू पटनायक जैसे दिग्गजों के साथ समाजवादी क्रांति देखी है, इस विचार का समर्थन करेंगे. हम पीडीए को मजबूत करना जारी रखेंगे और ओडिशा आते रहेंगे.’