Bread Potato Cutlet Recipe: फ्रिजर में बनाकर रख दें ये टेस्टी कटलेट, शाम की चाय के साथ करें फ्राई, किचन पकोड़ा भी फेल
Bread Cutlet Recipe: सर्दियों के दिनों में हर समय कुछ चटपटा और गर्मागर्म खाने का मन करता है. शाम होते ही चाय के साथ यह इच्छा होती है कि कुछ बढ़िया स्नैक्स भी मिल जाए. बिस्कुट और पकोड़े तो मिल ही जाते हैं, लेकिन अगर आप चाहते हैं कि कभी-कभी शाम के नाश्ते में कुछ स्पेशल भी हो, तो आप अपने फ्री समय में ब्रेड-पोटैटो कटलेट बनाकर फ्रिजर में स्टोर कर सकते हैं और जब चाहें, तेल में तलकर चाय को स्पेशल बना सकते हैं. इसे बनाना आसान है और बड़े ही नहीं, बच्चे भी बड़े चाव के साथ खाते हैं. यही नहीं, इसका स्वाद किचन पकोड़े से भी बेहतर लगता है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
Bread potato Cutlet :इसे बनाना आसान है और बड़े ही नहीं, बच्चे भी बड़े चाव के साथ खाते हैं.
सामग्री:
4 स्लाइस ब्रेड
2 उबले और मसले हुए आलू
1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ चम्मच धनिया पाउडर
¼ चम्मच गरम मसाला
2 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
2 चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स
नमक स्वादानुसार
तेल तलने के लिए
विधि:
सबसे पहले ब्रेड को हल्का गीला कर लें और एक्स्ट्रा पानी निचोड़कर छोटे टुकड़ों में तोड़ दें. अब एक बड़े बर्तन में मसले आलू, ब्रेड, प्याज, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. इसे इतनी अच्छी तरह मिक्स करें कि चिकना मिश्रण बन जाए.
अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी बॉल्स बनाएं और उन्हें कटलेट का शेप दें. कटलेट्स को ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छे से कोट करें ताकि ये तलने पर और भी क्रिस्पी बनें.
अब पैन में तेल गरम करें. तेल गर्म हो जाने पर आंच मध्यम कर दें और कटलेट्स को सुनहरे और क्रिस्पी होने तक तलें. तलने के बाद कटलेट्स को पेपर टॉवल पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
आपका ब्रेड-पोटैटो कटलेट तैयार है! इसे सर्व करने के लिए टमाटर कीचनी, हरी चटनी या टमाटर केचप के साथ प्लेट में परोसें. यह स्नैक न केवल झटपट बनता है, बल्कि किसी भी समय – चाहे नाश्ता हो या शाम की चाय – परफेक्ट लगता है.
अगर आप चाहते हैं तो इसमें थोड़ा ट्विस्ट भी डाल सकते हैं. मिश्रण में कद्दूकस की हुई गाजर, पनीर या चीज़ डालकर इसे और भी टेस्टी बनाया जा सकता है. इस तरह हर बार आप कटलेट्स का नया स्वाद एक्सप्लोर कर सकते हैं.
इन बातों का रखें ध्यान-
-ब्रेड हल्की गीली और आलू अच्छे से मसले हुए होने चाहिए.
-कटलेट्स को बराबर आकार में बनाएं ताकि तलते समय सभी सुनहरे और क्रिस्पी हों.
-ब्रेड क्रम्ब्स का इस्तेमाल करें जिससे क्रिस्पी टेक्सचर मिले.
-आप एक बार ज्यादा कटलेट बनाएं तो फ्रिजर में एयरटाइट पाउच में रख दें.
-सर्विंग के लिए चटनी या केचप के साथ परोसें. बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आएगा.