मुंबई BMC चुनाव रिजल्ट LIVE: ‘देवाभाऊ’ का डंका, 30 साल बाद ठाकरे राज का अंत, महायुति की सुनामी में उड़ा पूरा विपक्ष

Share to your loved once


BMC Chunav Result LIVE, Maharashtra Local Body Polls: महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के रुझानों/नतीजों ने सियासी हलकों में खलबली मचा दी है. बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति ने 29 में से अधिकांश नगर निगमों में बड़ी बढ़त हासिल कर ली है. मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी में भी बीजेपी और शिवसेना गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. इस शानदार प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जश्न की शुरुआत कर दी है. उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और मुंबई अध्यक्ष अमीत साटम को बधाई दी. फडणवीस ने इस जीत को ऐतिहासिक और गौरवशाली बताया है. मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अब किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में अपना निर्णायक फैसला सुना दिया है. महायुति की इस प्रचंड लहर ने ठाकरे परिवार के 30 साल पुराने किले को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है.

January 16, 202617:45 IST

Mumbai BMC Election Result LIVE: संजय राउत का दावा, ‘100 वार्डों में काउंटिंग शुरू नहीं हुई, जो आंकड़े चल रहे हैं वे फर्जी’

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव नतीजों पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि पूरे नतीजे आने से पहले टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी. उन्होंने बताया कि मुंबई में काउंटिंग अभी जारी है और फाइनल रिजल्ट आधी रात तक आने की उम्मीद है. राउत ने दावा किया कि जो आंकड़े सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं, वे गलत हैं क्योंकि करीब 100 वार्डों में अभी गिनती शुरू ही नहीं हुई है. उन्होंने भांडुप-विखरोली, दादर-परेल और बांद्रा जैसे मजबूत इलाकों का भी जिक्र किया.

January 16, 202617:32 IST

चंद्रपुर नगर निगम नतीजों पर कांग्रेस सांसद प्रतिभा धनोरकर का दावा, ‘बहुमत से बस एक कदम दूर हैं हम’

चंद्रपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस सांसद प्रतिभा धनोरकर ने कहा कि आज नगर निगम के परिणाम घोषित हुए हैं और कांग्रेस को भले ही स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, लेकिन पार्टी बहुमत के काफी करीब है. उन्होंने बताया कि कुछ सीटों के नतीजे अभी पेंडिंग हैं, लेकिन सहयोगी दलों के समर्थन से कांग्रेस नगर निगम में अपना नंबर पूरा कर लेगी. प्रतिभा धनोरकर ने चंद्रपुर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा, ‘मैं चंद्रपुर के लोगों का दिल से आभार जताती हूं, जिन्होंने हमारी पार्टी पर भरोसा दिखाया है’.

January 16, 202617:16 IST

Latur Election Result LIVE: लातूर में कांग्रेस की बड़ी जीत: 70 में 43 सीटें

लातूर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज करते हुए कुल 70 में से 43 सीटें हासिल की हैं. अधिकारियों के मुताबिक BJP 22 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही. चुनाव से पहले राज्य BJP प्रमुख रवींद्र चव्हाण के बयान पर विवाद हुआ था, जब उन्होंने कहा था कि विलासराव देशमुख की यादें लातूर से मिटा दी जाएंगी. बाद में चव्हाण ने इस बयान पर माफी मांग ली थी.

January 16, 202616:43 IST

जलना नगर निगम चुनाव रिजल्ट LIVE: गौरी लंकेश हत्याकांड का आरोपी श्रीकांत पांगारकर जीता

महाराष्ट्र के जलना नगर निगम चुनाव में गौरी लंकेश हत्याकांड के आरोपी श्रीकांत पांगारकर ने जीत दर्ज की है. वोटों की गिनती के बीच पांगारकर वार्ड नंबर 13 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में थे. उन्होंने BJP के रावसाहेब ढोबले को हराया. चुनाव अधिकारी के मुताबिक पांगारकर को 2661 वोट मिले, जबकि ढोबले को 2477 वोट हासिल हुए. लगभग सभी प्रमुख दलों ने पांगारकर के खिलाफ उम्मीदवार उतारे थे. पांगारकर को 4 सितंबर 2024 को कर्नाटक हाई कोर्ट से जमानत मिली थी.

January 16, 202616:29 IST

Maharashtra Municipal Corporation Election Results : फडणवीस का पोस्ट- ‘नगर निगम चुनाव 2025-26 में BJP ने फिर लिखा इतिहास’

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने Municipal Corporation Election 2026 में BJP की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है. उन्होंने इसे पीएम नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन का नतीजा बताया. फडणवीस ने कहा कि राज्य अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को बड़ी सफलता मिली. उन्होंने दावा किया कि यह जीत विकास और प्रगति के BJP विजन पर जनता के भरोसे को दिखाती है.

January 16, 202616:23 IST

महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव रिजल्ट LIVE: 10 कॉरपोरेशन में 65 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, BJP सबसे आगे

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव से पहले 10 नगर निगमों में कुल 65 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं. राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 15 जनवरी को मतदान वाले चुनाव से पहले ये नतीजे घोषित किए गए. सबसे ज्यादा 43 निर्विरोध उम्मीदवार BJP के रहे, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 18, NCP के 2, एक निर्दलीय और एक अन्य दल का उम्मीदवार निर्विरोध चुना गया. कल्याण-डोंबिवली में सबसे ज्यादा 20 उम्मीदवार निर्विरोध बने. पनवेल, जळगांव, धुले, ठाणे और अन्य नगर निगमों में भी कई सीटों पर मुकाबला नहीं हुआ.

January 16, 202616:18 IST

Maharashtra Nagar Nigam Chunav Results LIVE: सुधांशु त्रिवेदी का दावा- ‘महाराष्ट्र में महायुति की शानदार जीत, NDA की स्वीकार्यता बढ़ रही’

दिल्ली में बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में बीजेपी और सहयोगी दलों वाली महायुति ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. उन्होंने इसे पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी और NDA की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत बताया. त्रिवेदी बोले, जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है. उन्होंने केरल के तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले वहां पहली बार बीजेपी को बहुमत मिला था. बीजेपी इसे संगठन की बढ़ती पकड़ और विकास एजेंडे की जीत मान रही है.

January 16, 202616:12 IST

Maharashtra Local Body Election Results LIVE: अरविंद सावंत का दावा- ‘विपक्ष को कमजोर मत समझो, 97 पहुंच गए, 100 के करीब’

मुंबई में शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा, ‘विपक्ष के नंबर कम हैं ऐसा मत सोचिए. वे पहले ही 97 तक पहुंच चुके हैं और 100 के करीब हैं. अभी 50 से 75 फीसदी तक उनके मजबूत गढ़ भी खेल में हैं.’ सावंत के बयान को चुनावी मुकाबले में बढ़ती टक्कर का संकेत माना जा रहा है.

January 16, 202616:07 IST

BMC Chunav Result LIVE: मंगल प्रभात लोढ़ा का हमला, ‘ठाकरे परिवार का राज अब इतिहास’

महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि ‘ठाकरे परिवार का राज अब इतिहास हो गया’. उन्होंने इसे पीएम मोदी और देवेंद्र फडणवीस के अच्छे शासन का रिजल्ट बताया. लोढ़ा बोले, यह देशभक्ति की राजनीति है और जनता ने इसी को चुना है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, जो देश के खिलाफ काम करेगा उस पर ‘जूता मारने’ का काम किया जाएगा.

January 16, 202615:30 IST

‘विकास को वोट, मुंबई बनेगी इंटरनेशनल सिटी’ एकनाथ शिंदे का News18 इंडिया को Super Exclusive इंटरव्यू

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने News18 इंडिया से खास बातचीत में कहा कि मुंबई में ‘विकास को वोट मिला है’ और लोगों ने बता दिया कि ब्रांड सिर्फ ‘डेवलपमेंट’ है. शिंदे बोले, मुंबई को इंटरनेशनल सिटी बनाना है और अब मुंबईकरों को वाटर लॉगिंग की तकलीफ से जल्द छुटकारा मिलेगा. उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा, ’25 साल से ये लोग मुंबई को सोने की चिड़‍िया मान रहे थे, काम कुछ नहीं किया’ और हमेशा विकास रोकने का काम किया.

January 16, 202615:24 IST

मालेगांव इलेक्शन रिजल्ट LIVE: इस्लाम पार्टी चीफ का दावा, ‘जनता का सबसे बड़ा जनादेश हमारे साथ’

महाराष्ट्र के मालेगांव में नगर निकाय चुनाव नतीजों के बीच इस्लाम पार्टी प्रमुख शेख आसिफ शेख राशिद ने दावा किया कि ये सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि ‘परंपरा और जनता के जनादेश’ का मामला है. उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों ने उनकी पार्टी को सबसे बड़ा जनादेश दिया है. शेख आसिफ के मुताबिक उनकी पार्टी 15 सीटों से आगे है, जबकि सेक्युलर फ्रंट 20 सीटों से बढ़त में है. उन्होंने संकेत दिए कि परंपरा के मुताबिक नेतृत्व का दावा मजबूत रहेगा और मालेगांव में सत्ता का फैसला अब इसी जनादेश के आधार पर होगा.

January 16, 202615:09 IST

BMC Chunav Result LIVE: मुंबई को कोई माई का लाल अलग नहीं कर सकता, बीजेपी प्रवक्ता अजीत चव्हाण ने विरोधियों को खुलेआम ललकारा

भाजपा प्रवक्ता अजीत चव्हाण ने मुंबई के समावेशी चरित्र पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोग बहुत मिलनसार हैं. देशभर से लोग मुंबई आकर कड़ी मेहनत करते हैं. इससे देश आगे बढ़ता है. हम मराठी हैं और हमने मुंबई के लिए लड़ाई लड़ी है. चव्हाण ने साफ किया कि मुंबई को कोई अलग नहीं कर सकता. यहां किसी के भी आने पर कोई रोक नहीं लगा सकता है.

January 16, 202615:02 IST

Maharashtra Civic Poll Results LIVE: चुनाव नतीजों पर क्या बोले विधानसभा स्पीकर

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर ने महाराष्ट्र निकाय चुनाव के नतीजों पर कहा, ‘सबसे पहले, मैं मुंबई के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं और भाजपा गठबंधन पर भरोसा जताने के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं… यह जनादेश मुंबई के विकास के लिए दिया गया है. हमने मेट्रो रेल नेटवर्क, कोस्टल रोड और ट्रांस हार्बर लिंक जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स उन्हें समर्पित करके मुंबई के लोगों का भरोसा जीता है, और यह जनादेश शहर के विकास के लिए मुंबई के लोगों की इच्छा को दिखाता है…’

January 16, 202614:41 IST

BMC Election Result LIVE: ‘विकास का एजेंडा नहीं रुकेगा’, शिवसेना ने इंक विवाद पर भी दिया करारा जवाब

मुंबई में शिवसेना के मीडिया कोऑर्डिनेटर दिनेश शिंदे ने कहा कि चुनाव के वक्त पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप लगाती रहती हैं, लेकिन शिवसेना-BJP ने हमेशा जनता के सामने ‘विकास का एजेंडा’ रखा है. उन्होंने कहा कि मुंबई को आगे ले जाने और शहर का डेवलपमेंट करने के लिए शिवसेना-BJP सरकार लगातार काम करती रहेगी. सबसे ज्यादा चर्चा जिस इंक मार्क विवाद को लेकर है, उस पर भी दिनेश शिंदे ने खुलकर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि जो इंक इस्तेमाल हुई, वो अप्रूव्ड है, भले ही वह मार्कर फॉर्म में थी. शिंदे के मुताबिक ‘सिर्फ वही इंक इस्तेमाल हुई जो अप्रूव्ड थी’. दिनेश शिंदे ने आगे दावा किया कि मुंबई में अगला मेयर शिवसेना-BJP गठबंधन का ही होगा. दूसरी तरफ राज्य चुनाव आयोग ने इंक विवाद पर चेतावनी भी दी है कि इंक मिटाकर दोबारा वोटिंग की कोशिश चुनावी गड़बड़ी मानी जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी.

January 16, 202614:33 IST

Maharashtra Local Election Resuls LIVE: बोरीवली के दो वार्ड्स के नतीजे आए

मुंबई, महाराष्ट्र: बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने कहा, ‘बोरीवली में दो नतीजे आ गए हैं। वार्ड नंबर 9 से शिवानंद शेट्टी 11,000 से ज्यादा वोटों से जीत गए हैं, और वार्ड नंबर 10 से हमारे जीतू पटेल 13,000 से ज्यादा वोटों से जीत गए हैं…’

January 16, 202614:28 IST

Mumbai BMC Election Result LIVE: बहुत गड़बड़ी हुई है, सपा के अबू आजमी ने क्या आरोप लगाए?

मुंबई, महाराष्ट्र: समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने कहा, ‘मेरे शिवाजी नगर निर्वाचन क्षेत्र में हजारों लोग वोट नहीं दे पाए क्योंकि उनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं थे. इस साल इस्तेमाल की गई स्याही तुरंत मिट जाती है. इसलिए, बहुत सारी धांधली और गड़बड़ियां हुई हैं.’

January 16, 202614:26 IST

BMC Chunav Result LIVE: इंडिया गठबंधन और शिवसेना (UBT) पर सुधांशु त्रिवेदी का तीखा हमला

मुंबई चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विपक्ष अपने ही गठबंधन सहयोगियों को साथ नहीं रख पाया और कटकर अलग होता चला गया, ऐसे में दूसरों पर आरोप लगाने का उसे कोई नैतिक अधिकार नहीं है. उनका कहना था कि 2024 के बाद हुए किसी भी राज्य या नगर निगम चुनाव में तथाकथित इंडी गठबंधन को सफलता नहीं मिली है. संजय राउत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो शिवसेना खुद को बालासाहेब ठाकरे की विरासत का दावेदार बताती है, उसे आत्ममंथन करने की जरूरत है, क्योंकि केवल नाम से जनता भरोसा नहीं करती. उन्होंने आरोप लगाया कि कभी प्रखर हिंदुत्व और ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बालासाहेब ठाकरे की पहचान रही शिवसेना आज ऐसे गठबंधन में खड़ी है जिसमें मुस्लिम लीग जैसे दल और देशविरोधी बयानों के प्रति सहानुभूति रखने वाले लोग शामिल हैं, और महाराष्ट्र की जनता इसका करारा जवाब देगी.

January 16, 202614:17 IST

BMC Chunav Result LIVE: BJP कार्यकर्ताओं का मेहनत का नतीजा: सुधांशु त्रिवेदी

मुंबई चुनाव परिणाम लाइव: भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह जीत महाराष्ट्र भाजपा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्ष, मुंबई अध्यक्ष, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मेहनत का परिणाम है. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मिली व्यापक लोकप्रियता को इसका आधार बताया. सुधांशु त्रिवेदी ने महाराष्ट्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यही वह धरती है जहां से छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज्य की शुरुआत की, लोकमान्य तिलक ने पूर्ण स्वराज्य का उद्घोष किया और राष्ट्रवाद के विचारों को मजबूती मिली.

January 16, 202614:10 IST

BMC Chunav Result LIVE: महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में महायुति की बड़ी जीत: सुधांशु त्रिवेदी

मुंबई चुनाव परिणाम लाइव: सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधन सहयोगियों के साथ महायुति ने शानदार सफलता हासिल की है. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए के प्रति जनता की बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत बताया. त्रिवेदी ने याद दिलाया कि कुछ दिन पहले केरल नगर निगम चुनावों में तिरुवनंतपुरम में पहली बार भाजपा को बहुमत मिला था और अब देश के, बल्कि संभवतः एशिया के सबसे बड़े नगर निगम बीएमसी में भाजपा, एनडीए और महायुति को अभूतपूर्व सफलता मिली है. इसके लिए उन्होंने महाराष्ट्र की जनता और मतदाताओं का भाजपा की ओर से आभार जताया.

January 16, 202613:43 IST

BMC-Pune Chunav Result LIVE: महाराष्‍ट्र नगर निगम में भाजपा ने लहराया भगवा परचम तो इस कांग्रेसी मुख्‍यमंत्री को लगी मिर्ची

बीएमसी-पुणे चुनाव परिणाम लाइव: महाराष्‍ट्र महानगरपालिका चुनाव में भाजपा को जीत मिली तो कांग्रेस में खलबली मच गई है. राहुल गांधी के बाद अब कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री सिद्दारमैया को शॉक लगा है. उन्‍होंने कहा, ‘लोकतंत्र तभी जीवित रहता है जब हर वोट पवित्र हो और उसकी सुरक्षा व्यवस्था वास्तविक व प्रभावी हो. आज बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों और वायरल सोशल मीडिया वीडियो में तथाकथित अमिट स्याही को सैनिटाइज़र, एसीटोन और अन्य रसायनों से आसानी से मिटते हुए दिखाया गया है, जिससे चुनावी विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. ये चिंताएं महाराष्ट्र समेत अन्य जगहों पर भी गूंज रही हैं. यह कोई इकलौती तकनीकी खामी नहीं है, बल्कि यह वोट चोरी की बड़ी कहानी का एक और चिंताजनक अध्याय है, जहां वास्तविक सवालों का सामना इनकार, टालमटोल या चुप्पी से किया जाता है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा कमजोर पड़ता है. बुनियादी सुरक्षा उपायों को कमजोर करना और नागरिकों की चिंताओं को नजरअंदाज करना लोकतंत्र की रक्षा नहीं करता, बल्कि उसे नुकसान पहुंचाता है. चुनाव आयोग को अब पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधारात्मक कदमों के साथ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए.’



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP