Noodle Samosa Recipe। नूडल समोसा रेसिपी
Noodle Samosa Recipe: अगर आप रोज़-रोज़ वही आलू वाला समोसा खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, चटपटा और मज़ेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो नूडल समोसा आपके लिए एक शानदार ऑप्शन हो सकता है. आजकल लोग पारंपरिक खाने में नया ट्विस्ट पसंद कर रहे हैं और नूडल समोसा इसी ट्रेंड का एक बढ़िया उदाहरण है. बाहर के फास्ट फूड से बेहतर है कि घर पर ही कुछ नया बनाया जाए, जो स्वाद में भी जबरदस्त हो और साफ-सफाई का भरोसा भी रहे. नूडल समोसा खास तौर पर बच्चों और युवाओं को बहुत पसंद आता है, क्योंकि इसमें नूडल्स का स्वाद होता है और समोसे जैसी कुरकुरी परत भी. यह शाम की चाय के साथ परोसने के लिए एकदम परफेक्ट स्नैक है. अगर घर पर मेहमान आ रहे हों और आप उन्हें कुछ हटकर खिलाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें. इसे बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी आसानी से किचन में मिल जाती है.
इस समोसे की खास बात यह है कि इसमें आप अपनी पसंद की सब्ज़ियां भी डाल सकते हैं. कम तेल में फ्राई करके इसे हल्का भी बनाया जा सकता है. हरी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. चलिए अब जानते हैं नूडल समोसा बनाने की आसान रेसिपी.
नूडल समोसा बनाने के लिए सामग्री
-1 बाउल नूडल्स
-1 टेबल स्पून तेल
-2 लहसुन की कली बारीक कटी हुई
-1 प्याज लंबा कटा हुआ
-1 शिमला मिर्च लंबी कटी हुई
-1 गाजर लंबी कटी हुई
-1 कप बंद गोभी
-स्वाद अनुसार नमक
-2 टी स्पून सोया सॉस
-1 टेबल स्पून सिरका
-1 टी स्पून अजीनोमोटो
-2 कप मैदा
-1 कप आटा
-1 टेबल स्पून तेल
-1 टी स्पून अजवाइन
-तलने के लिए तेल
नूडल समोसा बनाने की विधि
सबसे पहले नूडल्स को उबालकर अलग रख लें. अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें लहसुन डालकर हल्का भूनें. इसके बाद प्याज डालें और हल्का ब्राउन होने दें. अब इसमें गाजर, शिमला मिर्च और बंद गोभी डालकर तेज आंच पर दो से तीन मिनट तक चलाते हुए पकाएं.
सब्ज़ियां हल्की नरम हो जाएं तो इसमें नमक, सोया सॉस, सिरका और अजीनोमोटो डालें. अब उबली हुई नूडल्स डालकर अच्छे से मिक्स करें और गैस बंद कर दें. नूडल्स का मिश्रण ठंडा होने के लिए रख दें.
अब एक बर्तन में मैदा और आटा मिलाएं. इसमें नमक, अजवाइन और तेल डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को ढककर 20 मिनट के लिए रख दें. इसके बाद आटे की लोइयां बनाकर पतली रोटी बेलें और उसे बीच से काट लें.
आधे हिस्से को कोन का आकार दें और उसमें नूडल्स भरें. किनारों पर थोड़ा पानी या तेल लगाकर अच्छी तरह बंद कर दें. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और समोसे को धीमी आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक तल लें. गरमागरम नूडल समोसा तैयार है.